
शादी का झांसा देकर साईं पैलेस होटल में की थी ज्यादती, विजय नगर थाने में प्रकरण दर्ज
जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के एक पूर्व अतिथि शिक्षक द्वारा उच्च शिक्षा का झांसा देकर एक छात्रा का शारीरिक शोषण करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी ने छात्रा को पीएचडी कराने में मदद करने का भरोसा देकर अपने जाल में फंसाया और बाद में शादी का वादा करके मुकर गया। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के चित्रकूट का रहने वाला रज्जन द्विवेदी पूर्व में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में अतिथि शिक्षक के रूप में कार्यरत था। वर्ष 2022 में पीड़ित छात्रा की मुलाकात रज्जन से हुई थी। बातचीत के दौरान छात्रा ने आगे की पढ़ाई और पीएचडी करने की इच्छा जताई, जिस पर रज्जन ने उसे पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया।
किस बात पर हुआ विवाद
आरोपी रज्जन ने छात्रा को झांसा देकर दीनदयाल चौक स्थित साईं पैलेस होटल में मिलने के लिए बुलाया और वहां उसके साथ जबरन दुराचार किया। इसके बाद आरोपी ने उसे चित्रकूट से पीएचडी कराने की बात कही और वहां ले गया, लेकिन वहां भी उसने छात्रा के साथ विवाद किया और पीएचडी की प्रक्रिया पूरी नहीं कराई। जब पीड़ित छात्रा ने उस पर शादी करने का दबाव बनाया, तो आरोपी ने टालमटोल शुरू कर दी। इसके बाद मार्च 2026 में आरोपी ने छात्रा को दोबारा मिलने बुलाया और घटना के बारे में किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इस प्रताड़ना से तंग आकर छात्रा ने पहले सिवनी के एक थाने में शिकायत दर्ज कराई, जहां पुलिस ने शून्य पर मामला दर्ज कर केस डायरी जबलपुर के विजय नगर थाने भेजी। अब विजय नगर पुलिस ने असल अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
