
जबलपुर। जिले में 28 जून से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आगाज हो रहा है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि इस अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष की आयु के 389226 बच्चों को पोलियो से सुरक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिले में 2468 बूथ तैयार किए गए हैं, जिन पर 4936 वैक्सीनेटर तैनात रहेंगे। इसके अतिरिक्त 30 मोबाइल टीमें, 106 ट्रांजिट टीमें और रेलवे में 40 टीमें सुरक्षा कवच के रूप में कार्य करेंगी। जबलपुर कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी ने संस्कारधानी के अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे अपने नन्हे बच्चों को नजदीकी बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक जरूर दिलाएं ताकि भविष्य को पोलियो मुक्त रखा जा सके।
पोलियो उन्मूलन के लिए जिले में व्यापक इंतजाम
इस विशेष अभियान के अंतर्गत ईंट भट्टों और हाईरिस्क क्षेत्रों के साथ ही ट्रेनों में भी बच्चों को खुराक दी जाएगी। जबलपुर से सतना और नर्मदापुरम तक जाने वाली ट्रेनों में पोलियो दल तैनात रहेंगे। पूरी व्यवस्था की निगरानी के लिए 363 सुपरवाइजरों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी आंगनवाड़ी केंद्रों और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को बूथ का रूप दिया गया है, जहां पहले दिन बच्चों को निशुल्क दो बूंद जिंदगी की पिलाई जाएगी।
