
जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। खजरी खिरिया बाईपास पर रात करीब 2 बजे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित हाईवा ने आगे जा रहे स्कूटी सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कूटी हाईवा के नीचे फंस गई और करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। घर्षण के कारण आग लग गई। बाईपास पर मौजूद अन्य ट्रक चालकों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल युवक को नीचे से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना प्रभारी अपूर्वा चौरसिया और हनुमानताल थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने घायल को तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसा होते ही आरोपी चालक हाईवा छोड़कर मौके से फरार हो गया।
बाईपास पर दर्दनाक हादसा और वाहनों में लगी आग
तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की जान चली गई। टक्कर के बाद सड़क पर काफी दूर तक घिसटने की वजह से हाईवा के निचले हिस्से में चिंगारियां उठीं और देखते ही देखते स्कूटी सहित ट्रक ने आग पकड़ ली। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस व फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने जलते वाहनों को बुझवाने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को अपने कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
