जबलपुर क्राइम बुलेटिन: मूर्तिकार की गोली मारकर हत्या

Newzo
Newzo - News Editor 48 Views
10 Min Read

जबलपुर के हनुमानताल में मूर्ति बनाते समय कारीगर को मारी गोली, मौत

​पुरानी रंजिश को लेकर दो बदमाशों ने की हत्या, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीमें गठित

​जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक मूर्तिकार की गोली मारकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात के वक्त मृतक अपने परिवार के साथ दुकान में बैठकर मूर्तियां तैयार कर रहा था। हमलावर अचानक वाहन से पहुंचे और विवाद करने के बाद गर्दन में गोली मारकर फरार हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने घायल को मृत घोषित कर दिया।

​बड़ी खेरमाई हनुमानताल निवासी 21 वर्षीय पुष्कर सोनकर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने 50 वर्षीय मामा मनोज उर्फ बाबा सोनकर के साथ मथुरा सेठ की बाड़ी में मूर्तिकला का कार्य करता है। 4-9-26 की रात लगभग 11-30 बजे वह अपने मामा मनोज उर्फ बाबा, मामी विमला सोनकर और ममेरे भाई अनुराग सोनकर के साथ दुकान में मूर्तियां बना रहा था। उसी दौरान वाहन पर सवार होकर रोहित मराठा और चिंटू उर्फ भरत यादव वहां पहुंचे। इन दोनों का मनोज उर्फ बाबा सोनकर से पहले से विवाद चला आ रहा था। दोनों युवकों ने आते ही पुराने विवाद को लेकर मनोज से बहस और झगड़ा शुरू कर दिया।

​विवाद के दौरान चिंटू उर्फ भरत यादव ने रोहित से कहा कि आज बाबा को जान से खत्म कर दो। यह सुनते ही रोहित ने अपने पास रखी पिस्टल निकाली और मनोज उर्फ बाबा पर सीधे फायर कर दिया। गोली मनोज की गर्दन के पिछले हिस्से में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर पुष्कर, अनुराग और विमला सोनकर आरोपियों के वाहन की ओर दौड़े, लेकिन दोनों हमलावर तेजी से मौके से भाग निकले।

​घायल मनोज को परिजन तत्काल ई-रिक्शा की मदद से मेट्रो अस्पताल ले गए। वहां हालत बेहद गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मनोज उर्फ बाबा सोनकर को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पंचनामा कार्रवाई पूरी कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

​पुलिस ने पुष्कर सोनकर की रिपोर्ट पर रोहित मराठा और चिंटू उर्फ भरत यादव के खिलाफ धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़ और नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई है। पुलिस दल आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रहा है।

​जबलपुर में बीड़ी और शराब के पैसे न देने पर दुकानदार पर चाकू से हमला

​न्यू शास्त्रीनगर में 17-17 वर्षीय दो किशोरों ने की अड़ीबाजी, दोनों पुलिस अभिरक्षा में

​जबलपुर। तिलवारा थाना अंतर्गत न्यू शास्त्रीनगर में शराब और मुर्गे की दावत के लिए एक हजार रुपये नहीं देने पर दो किशोरों ने किराना दुकानदार पर चाकू से हमला कर दिया। स्थानीय लोगों की सजगता से एक हमलावर मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा भाग निकला था। पुलिस ने दोनों विधि विवादित बालकों को अभिरक्षा में लेकर घटना में इस्तेमाल चाकू और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

​न्यू शास्त्रीनगर में किराना दुकान संचालित करने वाले 45 वर्षीय अनिल निराकुरे 5-9-26 की रात लगभग 12 बजे अपनी दुकान पर मौजूद थे। उसी समय बड़ा पत्थर क्षेत्र के रहने वाले 17-17 वर्ष के दो किशोर पल्सर मोटरसाइकिल से उनकी दुकान के सामने आकर रुके। दोनों ने दुकानदार से बीड़ी का बंडल यानी कट्टा मांगा। अनिल निराकुरे ने उन्हें बीड़ी का बंडल दे दिया और जब उसके पैसे मांगे, तो दोनों किशोर भड़क गए और अश्लील गालियां देने लगे।

​इसके बाद दोनों किशोरों ने दुकानदार से शराब पीने और मुर्गा खाने के लिए 1000 रुपये की अवैध मांग शुरू कर दी। दुकानदार ने रुपये देने से साफ मना कर दिया और समझाने के लिए दुकान से बाहर निकला। तभी एक 17 वर्षीय किशोर ने अपनी जेब से धारदार चाकू निकाला और अनिल की गर्दन पर अड़ा दिया। चाकू गर्दन पर टिकाकर वह जबरन पैसे छीनने का प्रयास करने लगा। पीड़ित दुकानदार ने जान बचाने के लिए जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया।

​शोरगुल सुनकर आसपास मौजूद मोहल्ले के निवासी वीरेंद्र सिंह और राहुल कटारे तुरंत मौके पर दौड़े। दोनों पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए एक किशोर को वहीं दबोच लिया, जबकि दूसरा किशोर दुकानदार को जान से मारने की धमकी देता हुआ अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। गर्दन पर चाकू लगने से अनिल निराकुरे घायल हो गए।

​सूचना मिलते ही तिलवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए 17 वर्षीय किशोर को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने उसके पास से वारदात में प्रयुक्त चाकू और पल्सर मोटरसाइकिल जब्त कर ली। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 118(1), 119(1), 351(2), 3(5) तथा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद फरार दूसरे 17 वर्षीय किशोर की तलाश में नाकाबंदी कर उसे भी अभिरक्षा में ले लिया गया। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

​जबलपुर पुलिस अधीक्षक ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर घोषित किया नकद ईनाम

​सुराग देने और पकड़वाने में मदद करने वाले नागरिकों को पुरस्कृत करेगी पुलिस

​जबलपुर। जिले के विभिन्न थानों में दर्ज गंभीर आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय ने कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने के उद्देश्य से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर नकद ईनाम की उद्घोषणा जारी की है।

​पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी निर्देश के अनुसार, जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घटित संगीन अपराधों में शामिल कई आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद से अपने ठिकानों से गायब हैं। पुलिस की टीमें लगातार उनकी तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापे मार रही हैं, लेकिन आरोपी अपनी पहचान छिपाकर गिरफ्तारी से बच रहे हैं। ऐसे शातिर अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए आम जनता का सहयोग लेने का निर्णय लिया गया है।

​आदेश के तहत जो भी व्यक्ति इन फरार आरोपियों को स्वयं पकड़ेगा, उनके छिपने के पुख्ता ठिकानों की जानकारी पुलिस को देगा या उनकी गिरफ्तारी में पुलिस बल का सक्रिय सहयोग करेगा, उसे संबंधित आरोपी के नाम के आगे निर्धारित की गई नकद राशि से पुरस्कृत किया जाएगा। यह राशि सूचना की प्रमाणिकता और आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि होने के बाद सीधे सूचनादाता को प्रदान की जाएगी।

​पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले किसी भी नागरिक का नाम, पता और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि उनकी सुरक्षा पर कोई आंच न आए। आम नागरिक बिना किसी भय के नजदीकी थाने, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दूरभाष या व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जानकारी साझा कर सकते हैं। गलत और भ्रामक जानकारी देने से बचने की सलाह भी दी गई है।

​पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों और क्राइम ब्रांच को भी निर्देशित किया है कि वे ईनामी अपराधियों की सूची सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा करें और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करें। जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखने और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए फरार अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। ईनाम की घोषणा के बाद पुलिस को उम्मीद है कि नागरिकों के सहयोग से फरार आरोपियों को जल्द ही कानून के शिकंजे में लाया जा सकेगा।

Share This Article
error: This Content is protected !!