जबलपुर क्राइम बुलेटिन: नई पिस्टल से मौत का आरोपी पकड़ा,बुजुर्ग महिला से छीनी चेन

Newzo
Newzo - News Editor 29 Views
23 Min Read

हनुमानताल में नई पिस्टल दिखाने के दौरान चली गोली, युवक की मौत व साथी घायल

​पुलिस ने मुख्य आरोपी राजा सोनकर को लिया हिरासत में, गांजा तस्करी और रंजिश का एंगल आया सामने

​जबलपुर। शहर के हनुमानताल थाना क्षेत्र अंतर्गत भोलानगर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां नई ऑटोमेटिक पिस्टल दिखाने के दौरान अचानक कई राउंड फायर होने से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दूसरा साथी बाल-बाल बच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक तौर पर यह मामला अवैध हथियारों के शौक और नशीले पदार्थों के काले कारोबार से जुड़ी रंजिश के माहौल से उपजा प्रतीत हो रहा है।

​पलंग बॉक्स से निकाली थी लम्बी मैगजीन वाली पिस्टल

​घटना के संदर्भ में भोलानगर निवासी 20 वर्षीय अंकित रैकवार ने मेडिकल कॉलेज में पुलिस को दिए बयान में पूरे घटनाक्रम का सिलसिलेवार ब्योरा दिया। अंकित के अनुसार उसके माता-पिता का पूर्व में ही निधन हो चुका है, जिसके चलते वह भवानी चौक निवासी राजा सोनकर के पास काम करता था। राजा सोनकर क्षेत्र में गांजा सप्लाई के अवैध धंधे से जुड़ा हुआ है। पूर्व में राजा सोनकर के भाई पप्पू सोनकर की हत्या हो चुकी थी, जिसके कारण इलाके में उसकी कई लोगों से पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते उसने अपनी सुरक्षा के नाम पर अवैध पिस्टल रखी हुई थी। 26-9-26 को अंकित अपने साथी करन उर्फ अभिज्ञान इवराडे निवासी शंकर नगर के साथ राजा सोनकर के भोलानगर स्थित मकान की ऊपरी मंजिल पर बने हॉल में मौजूद था। कुछ ही देर में लेमा गार्डन निवासी सिद्धांत अपनी पत्नी के साथ वहां पहुंचा। इसी दौरान राजा का एक अन्य परिचित ऋषि सोनकर भी हॉल में आ गया। बातचीत के दौरान राजा सोनकर ने सभी को बताया कि उसके पास खरगोन से एक नई ऑटोमेटिक पिस्टल आई है। उपस्थित लोगों के देखने की इच्छा जताने पर राजा ने कमरे में रखे पलंग के बॉक्स से लम्बी मैगजीन वाली पिस्टल निकाली। जैसे ही उसने पिस्टल को करन की तरफ तानकर दिखाने की कोशिश की, तभी अचानक ट्रिगर दबने से लगातार कई राउंड गोलियां चल गईं। सामने बैठे 19 वर्षीय करन के बाएं कंधे के पास 2 गोलियां और दाहिने पैर में 1 गोली लग गई, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।

​अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम, बीएनएस धाराओं में केस दर्ज

​कमरे के भीतर अचानक हुई अंधाधुंध फायरिंग से वहां अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में राजा सोनकर और सिद्धांत घायल करन को स्कूटर पर बैठाकर इलाज के लिए रवाना हुए। इसके बाद राजा का बेटा प्रिंस और एक अन्य साथी करन को विक्टोरिया अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक जांच के उपरांत करन की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां परीक्षण उपरांत चिकित्सकों ने करन उर्फ अभिज्ञान इवराडे को मृत घोषित कर दिया। गोलीबारी की इस गंभीर घटना को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के कड़े निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ और नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर शुभम सिंह ठाकुर के निर्देशन में हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाषचंद बघेल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। गठित पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दबिश दी और 42 वर्षीय आरोपी राजा सोनकर को अपनी अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 109(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर विस्तृत पूछताछ शुरू कर दी है।

​लार्डगंज में गणेश विसर्जन के विवाद पर खूनी संघर्ष, तलवार और डंडों से हमला

​रविनगर में दो पक्षों के बीच पथराव और तोड़फोड़, 9 लोग घायल व कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त

​जबलपुर। शहर के लार्डगंज थाना क्षेत्र में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान भड़की आपसी रंजिश ने देर रात हिंसक रूप ले लिया। एक ही मोहल्ले के दो पक्षों के बीच लाठी, डंडे, तलवार और चाकू चलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हमलावरों ने मोहल्ले में घुसकर महिलाओं समेत कई लोगों पर प्राणघातक वार किए और सड़कों पर खड़े ई-रिक्शों में जमकर तोड़फोड़ मचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कराया।

​छोटी मस्जिद के पास कहासुनी के बाद हथियारों से लैस होकर आए हमलावर

​घटनाक्रम की शुरुआत 25-9-26 को उस वक्त हुई जब रविनगर गढ़ा फाटक क्षेत्र की गणेश उत्सव समिति प्रतिमा विसर्जन के लिए हनुमानताल जा रही थी। सराफा चौराहा कोतवाली के पास ढोल पर नाचने को लेकर सोनकर परिवार और अहिरवार पक्ष के बीच विवाद खड़ा हो गया था। उस समय स्थानीय नागरिकों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत करा दिया था, किंतु विसर्जन संपन्न होने के बाद रात करीब 8:30 बजे राजा रसगुल्ला वाली गली में कपिल सोनकर व राहुल सोनकर ने यश अहिरवार और युवराज अहिरवार को घेरकर मारपीट कर दी थी। इस संबंध में कोतवाली थाने में शिकायत भी की गई थी। इसके बाद 26-9-26 की रात लगभग 11:30 बजे रविनगर में तनाव उस वक्त दोबारा बढ़ गया, जब छोटी मस्जिद के सामने गली में ओम अहिरवार और उसका भाई दीपक आपस में चर्चा कर रहे थे। तभी तरुण सोनकर वहां पहुंचा और दोनों को खुलेआम भुगत लेने की धमकी देकर चला गया। इसके महज 15-20 मिनट के भीतर कपिल सोनकर, राहुल सोनकर, तरुण सोनकर, यश सोनकर और शेरू सोनकर एक राय होकर हथियारों से लैस होकर आ धमके। हमलावरों के हाथों में बेसबॉल का डंडा, तलवार जैसा धारदार हथियार और चाकू लहरा रहे थे। आरोपियों ने सबसे पहले सड़क किनारे पड़ी ईंटों को उठाकर वहां खड़े ई-रिक्शा पर पथराव शुरू कर दिया और घरों से बाहर निकलने की ललकार देने लगे।

​महिलाओं समेत 9 लोग लहूलुहान, बलवा व जानलेवा हमले की धाराओं में प्रकरण दर्ज

​उपद्रव की आवाज सुनकर घर के बाहर मौजूद मोनू अहिरवार, उसकी मां इमरती अहिरवार, भाई दीपक, विपिन, अमित तथा पड़ोस के विवेक, अभिषेक, यश, युवराज और ललित जाटव बाहर आए। हमलावरों ने आव देखा न ताव, सीधे जानलेवा हमला बोल दिया। राहुल ने तलवार से इमरती बाई के सिर पर वार कर दिया, जबकि तरुण ने चाकू से विपिन के सिर पर प्रहार किया। वहीं कपिल ने बेसबॉल के डंडे से अमित और दीपक की बेदम पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे विवेक, अभिषेक, यश, युवराज और ललित पर भी आरोपियों ने पत्थरों और डंडों से ताबड़तोड़ वार किए। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। गंभीर रूप से घायल इमरती बाई, विपिन, अमित और दीपक को तत्काल जामदार अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। बाकी घायल 5 लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने प्रार्थी मोनू अहिरवार की रिपोर्ट पर आरोपी कपिल सोनकर, राहुल सोनकर, तरुण सोनकर, यश सोनकर और शेरू सोनकर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 115(2), 118(1), 190, 191(2), 193(2), 296(ए), 324(4), 324(5) के तहत गंभीर अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।

​गोसलपुर के बरघाट में गणेश विसर्जन के दौरान पुरानी रंजिश पर चाकूबाजी

​जुलूस में शामिल युवक की पसली में घोंपा चाकू, बीच-बचाव करने आए साथी भी पिटे

​जबलपुर। जिले के गोसलपुर थाना अंतर्गत बरघाट स्थित बुढ़ागर तालाब के पास गणेश विसर्जन के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर हिंसक झड़प की घटना सामने आई है। विसर्जन जुलूस में शामिल होकर तालाब पहुंचे एक युवक पर पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। युवक को बचाने दौड़े उसके दोस्तों के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल रवाना किया गया।

​तालाब किनारे पहुंचते ही आरोपियों ने रोका रास्ता

​घटना के संबंध में ग्राम रामपुर निवासी 22 वर्षीय साहिल केवट ने गोसलपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित साहिल बिजली फिटिंग और लाइट लगाने का कार्य करता है। 26-9-26 की रात वह अपने गांव के मित्रों के साथ राजा की गणेश प्रतिमा के विसर्जन जुलूस में शामिल हुआ था। पूरा जुलूस गाजे-बाजे के साथ प्रतिमा को विसर्जित करने के लिए बरघाट बुढ़ागर तालाब की ओर बढ़ रहा था। रात लगभग 12:10 बजे जैसे ही साहिल और उसके साथी जुलूस के साथ बरघाट के समीप पहुंचे, वहां पहले से मौजूद अनिल उर्फ सागर बर्मन अपने अन्य साथियों के साथ अपनी प्रतिमा का विसर्जन कर चुका था। साहिल को देखते ही अनिल पुरानी बुराई को लेकर आगबबूला हो गया और अश्लील गालियां बकने लगा। आरोपी ने साहिल को रास्ते में रोकते हुए विवाद खड़ा किया और कहा कि वह इस घाट पर क्यों आया है। स्थिति बिगड़ते देख माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

​पसली और पीठ में गहरे घाव, तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज

​विवाद बढ़ते ही अनिल उर्फ सागर बर्मन ने जान से मारने की नीयत से अपनी जेब से धारदार चाकू निकाला और साहिल के सीने के नीचे बाएं तरफ पसली पर सीधा वार कर दिया। चाकू लगते ही साहिल चीख पड़ा और जान बचाने के लिए पलटकर भागने लगा, तभी आरोपी ने पीछे से उसकी कमर पर भी वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। साहिल की चीख-पुकार सुनकर उसके साथ चल रहे मित्र दिनेश केवट और गुलशन केवट तुरंत बीच-बचाव करने दौड़े। उन्हें आता देख आरोपी अनिल के साथी भोला बर्मन और नितिन बर्मन ने दिनेश और गुलशन को पकड़ लिया और दोनों के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने खुलेआम जान से मारने की धमकियां दीं और भीड़ को एकत्र होते देख मौके से फरार हो गए। घायल साहिल को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। गोसलपुर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी अनिल उर्फ सागर बर्मन, भोला बर्मन और नितिन बर्मन के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 109(1), 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीमें आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

​जबलपुर में बेखौफ झपटमारों का आतंक, राहगीर का मोबाइल व वृद्धा की सोने की चेन लूटी

​सिविल लाइन और कोतवाली थाना क्षेत्र में वारदातें, दोपहिया सवार लुटेरों की तलाश में जुटी पुलिस

​जबलपुर। शहर के व्यस्ततम इलाकों में झपटमार गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बेखौफ बदमाशों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो वारदातों को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। पहली घटना में रेलवे स्टेशन के पास एक युवक का मोबाइल झपट लिया गया, जबकि दूसरी घटना में घर के बाहर फूल तोड़ रही बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन पार कर दी गई। दोनों ही मामलों में आरोपी तेज रफ्तार दोपहिया वाहनों से पहुंचे और पलक झपकते ही वारदात को अंजाम देकर रफूचक्कर हो गए।

​रेलवे स्टेशन से निकलते ही युवक का वीवो फोन छीना

​झपटमारी की पहली वारदात सिविल लाइन थाना क्षेत्र में घटी। सतना जिले के सिविल लाइन थाना अंतर्गत शेरगंज निवासी 21 वर्षीय विनीत गर्ग ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वह एमपीएल एग्रो मार्केट में निजी कार्य करता है। 26-9-26 को वह किसी व्यावसायिक मीटिंग के सिलसिले में सतना से ट्रेन द्वारा जबलपुर आया था। सुबह करीब 11:30 बजे वह मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 से पैदल ही एम्पायर तिराहे की ओर जा रहा था। जैसे ही वह लवली होटल के सामने पहुंचा, तभी पीछे से काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो अज्ञात लड़के पहुंचे। मोटरसाइकिल चालक ने चलती गाड़ी में तेजी से झपट्टा मारा और विनीत के हाथ में पकड़ा हुआ वीवो कंपनी का मोबाइल फोन छीन लिया। जब तक विनीत शोर मचाता, तब तक आरोपी तेज गति से वाहन दौड़ाते हुए आंखों से ओझल हो गए। पीड़ित के अनुसार दोनों आरोपियों की उम्र लगभग 19 से 20 वर्ष के बीच थी। पुलिस ने अज्ञात बाइक सवारों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 304(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

​किराये का मकान पूछने के बहाने बुजुर्ग महिला को बनाया निशाना

​दूसरी वारदात कोतवाली थाना क्षेत्र की पंजाब बैंक कॉलोनी चेरीताल में हुई। यहां रहने वाली 67 वर्षीय वृद्धा श्रीमती दीप्ति सुखारत्ने 25-9-26 की सुबह लगभग 6 बजे अपने घर से करीब 50 मीटर दूर सड़क किनारे पारिजात के फूल चुनने निकली थीं। उसी समय सफेद रंग का गमछा सिर पर बांधे एक 30-32 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल से उनके पास पहुंचा। आरोपी ने महिला को बातों में उलझाने के लिए किराये से मकान मिलने की बात पूछी। वृद्धा ने उसे शिवनगर कॉलोनी की तरफ पता करने की सलाह दी। इसी बीच आरोपी ने अपनी मोटरसाइकिल रोकी और अचानक वृद्धा के गले में पहनी हुई सोने की चेन पर झपट्टा मार दिया। चेन में एक छोटा लॉकेट भी लगा हुआ था। सोने की चेन का वजन करीब 10 से 15 ग्राम आंका गया है। छीना-झपटी के तुरंत बाद आरोपी तेजी से मोटरसाइकिल मोड़कर भाग निकला। कोतवाली पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर धारा 304(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस दोनों इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।

​सड़क हादसे में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत, बरेला से गोहलपुर तक जांच प्रक्रिया

​धनपुरी के पास 7 दिन पूर्व हुआ था एक्सीडेंट, मेट्रो अस्पताल में तोड़ा दम

​जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र के ग्राम धनपुरी में हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 23 वर्षीय युवक की जिंदगी और मौत से जंग आखिरकार खत्म हो गई। निजी अस्पताल में सात दिनों तक चले सघन उपचार के बावजूद युवक ने दम तोड़ दिया। युवक की असमय मृत्यु से उसके परिवार में मातम छा गया है। सूचना मिलने पर गोहलपुर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

​गांव लौटते समय अज्ञात वाहन ने मारी थी टक्कर

​प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बरेला निवासी 23 वर्षीय राजू गुप्ता 20-9-26 की रात अपने किसी कार्य से निकला था। रात के समय ग्राम धनपुरी बरेला के पास सड़क मार्ग पर वह भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। परिजनों के अनुसार किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी थी, जिससे उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। दुर्घटना की खबर मिलते ही उसका भाई रवि कुमार तत्काल मौके पर पहुंचा और लहूलुहान हालत में राजू को इलाज के लिए जबलपुर शहर के दमोहनाका स्थित मेट्रो अस्पताल लेकर आया। यहां चिकित्सकों की देखरेख में उसे आईसीयू में भर्ती कर लगातार उपचार दिया जा रहा था। युवक की हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी और विशेषज्ञ डॉक्टर उसकी निगरानी कर रहे थे।

​सुबह 5 बजे उपचार के दौरान थमी सांसें, मर्ग डायरी बरेला भेजी गई

​अस्पताल में चले लंबे इलाज के दौरान 27-9-26 की सुबह करीब 5 बजे राजू गुप्ता की सांसें थम गईं और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर गोहलपुर थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम परीक्षण के लिए मेडिकल कॉलेज की मर्चुरी में भिजवाया। चूंकि मूल दुर्घटना स्थल थाना बरेला क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम धनपुरी का है, इसलिए गोहलपुर पुलिस ने प्राथमिक मर्ग कायम करने के पश्चात संपूर्ण जांच डायरी अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना बरेला स्थानांतरित कर दी है। बरेला पुलिस अब उस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुट गई है, जिसकी टक्कर से युवक की मौत हुई।

​खेत में जंगली सूअर मारने बिछाया था करंट का जाल, किसान की मौत पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज

​शाहपुरा के सगड़ा महगवां में नंगे तारों की चपेट में आया राहगीर, 20 दिन चली जांच के बाद कार्रवाई

​जबलपुर। जिले के शाहपुरा थाना अंतर्गत ग्राम सगड़ा महगवां में जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए खेत में अवैध रूप से करंट फैलाने का एक बेहद खतरनाक मामला सामने आया है। खेत की मेड़ पर लगाए गए नंगे जीआई तारों में प्रवाहित बिजली के करंट की चपेट में आने से एक 45 वर्षीय ग्रामीण की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। पुलिस द्वारा की गई लंबी मर्ग जांच के बाद यह तथ्य प्रमाणित हुआ कि खेत को बटाई पर लेने वाले काश्तकार ने जानबूझकर उपेक्षापूर्ण तरीके से खंभे से सीधे तार जोड़कर करंट फैला रखा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।

​ससुराल जाते समय अंधेरे में नंगे तारों से उलझा था पैर

​घटना का खुलासा 7-9-26 की सुबह हुआ था, जब सगड़ा महगवां निवासी 26 वर्षीय विवेक सिंह राजपूत ने पुलिस को सूचना दी कि उसके खेत में एक अज्ञात व्यक्ति मृत पड़ा है। विवेक ने बताया था कि उसने गांव में स्थित राम जानकी मंदिर ट्रस्ट की जमीन सिकमी (बटाई) पर ले रखी है और वहां मक्का की फसल बोई है। सुबह 11 बजे फसल देखने पहुंचने पर उसे शव दिखाई दिया, जिसकी जानकारी उसने ग्राम कोटवार गिरवर प्रसाद को दी। पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पहचान 45 वर्षीय महेंद्र धुर्वे निवासी गढ़ा के रूप में हुई। तफ्तीश में सामने आया कि 7-9-26 की रात करीब 10 से 11 बजे महेंद्र धुर्वे अपने रिश्तेदार रामनारायण गौड़ निवासी रमखिरिया के घर से अपनी ससुराल मटवारा जाने के लिए पैदल निकला था। खेतों के रास्ते जाते समय अंधेरे में उसका पैर विवेक सिंह राजपूत के खेत की सीमा पर बिछे नंगे तारों में उलझ गया, जिससे जोरदार करंट लगने से मौके पर ही उसकी जान चली गई।

​विद्युत खंभे से सीधे खींचा गया था तार, बीएनएस धारा 105 के तहत अपराध पंजीबद्ध

​मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों सहित आसपास के खेतों के काश्तकारों भूरा उर्फ भूरेलाल चौधरी, सीताराम चौधरी और ग्राम कोटवार गिरवर प्रसाद के बयान दर्ज किए। सभी गवाहों ने पुष्टि की कि राम जानकी मंदिर ट्रस्ट की जमीन पर विवेक सिंह खेती करता है। मक्के की फसल को जंगली सूअरों के नुकसान से बचाने के लिए विवेक ने रेत खदान के पास से लेकर बांस के झाड़ों तक लकड़ी की खूंटियां गाड़ रखी थीं। इन खूंटियों के सहारे उसने जीआई नंगे तार बांधे थे और पास ही स्थित बिजली के खंभे से सीधा कटिया डालकर तारों में करंट छोड़ दिया करता था। संपूर्ण साक्ष्यों से यह स्पष्ट हो गया कि विवेक सिंह राजपूत यह भली-भांति जानता था कि इस तरह खुले में करंट प्रवाहित करने से किसी भी मानव की जान जा सकती है, फिर भी उसने अत्यधिक लापरवाही बरती। उपेक्षापूर्ण कृत्य से हुई इस मौत पर शाहपुरा पुलिस ने आरोपी विवेक सिंह राजपूत के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत गैर इरादतन हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share This Article
error: This Content is protected !!