जबलपुर क्राइम बुलेटिन:सायबर ठगों के शिकार बने लोग,वीडियो की वजह से जानलेवा हमला

Newzo
Newzo - News Editor 11 Views
18 Min Read

मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड होते ही ऑटो चालक के बैंक खातों से उड़े 63 हजार 600 रुपये

​सॉफ्टवेयर अपडेट के नाम पर अज्ञात साइबर ठग ने लगाई हजारों की चपत

​जबलपुर। स्मार्टफोन में अनजान फाइल डाउनलोड करना एक ऑटो चालक को बहुत भारी पड़ गया। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत ललपुर शिवराज सिंह नगर नई बस्ती निवासी 29 वर्षीय रोहित लांजेवार ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 22-10-26 को उनके मोबाइल फोन में अचानक एक अनजान एपीके फाइल डाउनलोड हो गई। यह फाइल कहां से और किस तरह फोन में आई, इसकी उन्हें कोई भी जानकारी नहीं थी। इसके तुरंत बाद से ही मोबाइल की स्क्रीन पर सॉफ्टवेयर अपडेट का विकल्प लगातार दिखाई देने लगा। कई घंटे बीत जाने के बाद भी फोन की स्क्रीन से वह विकल्प नहीं हटा, जिसके बाद उन्होंने फोन को ऑन करके स्थिति की पड़ताल की।

​गूगल पे और फोन के जरिए अलग-अलग खातों से निकाली गई रकम

​रोहित ने जब अपना बैंक बैलेंस चेक किया तो उनके होश उड़ गए। अज्ञात साइबर जालसाज ने उनके खातों में सेंधमारी कर दी थी। पड़ताल करने पर पता चला कि गूगल पे के माध्यम से 48000 रुपये और फोन के माध्यम से 15600 रुपये उनके अलग-अलग बैंक खातों से ट्रांसफर कर लिए गए हैं। इस प्रकार अज्ञात ठग ने कुल 63600 रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी कर पूरी रकम हड़प ली। पीड़ित चालक ने तुरंत ग्वारीघाट थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की लिखित शिकायत दी। पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस की साइबर शाखा अब बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन के आधार पर अज्ञात आरोपी की तलाश कर रही है।

​पहचान बदलकर युवती से ऑनलाइन ठगी, खाते से उड़ाए 64 हजार 229 रुपये

​सिहोरा निवासी युवती ने माढ़ोताल थाने में दर्ज कराई धोखाधड़ी की रिपोर्ट

​जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में एक युवती ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार हो गई। मूल रूप से अमगवां थाना सिहोरा की रहने वाली 24 वर्षीय पूर्वी कुर्मी वर्तमान में माढ़ोताल क्षेत्र की न्यू बस्ती आईटीआई में निवास करती हैं। उन्होंने माढ़ोताल थाने पहुंचकर अपने साथ हुई वित्तीय जालसाजी की शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि एक अज्ञात जालसाज ने उनके साथ संपर्क किया और खुद की पहचान छुपाते हुए किसी अन्य व्यक्ति का रूप धारण कर लिया। शातिर ठग ने बड़ी चतुराई से उन्हें अपने झांसे में लिया और छलपूर्वक धोखाधड़ी करते हुए उनके बैंक खाते से 64229 रुपये की रकम गायब कर दी।

​भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू

​रकम कटने का संदेश प्राप्त होने पर जब युवती को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने तत्काल पुलिस की शरण ली। माढ़ोताल थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2) और 308 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधी आजकल लोगों को भ्रमित करने के लिए फर्जी पहचान और नए-नए बहानों का सहारा ले रहे हैं। इस मामले में संलिप्त अज्ञात आरोपी का सुराग लगाने के लिए पुलिस कॉल डिटेल और जिस खाते में रकम ट्रांसफर हुई है, उसकी जांच में जुट गई है।

​वीडियो बनाने के शक में युवक पर चाकू से प्राणघातक हमला, अस्पताल में छोड़कर भागे आरोपी

​रांझी में लड़की से विवाद देख रहे युवक पर बेरहमी से वार, जातिसूचक गालियां देकर पीटा

​जबलपुर। रांझी थाना अंतर्गत रिछाई निवासी 45 वर्षीय रंजीत कोल मजदूरी का कार्य करते हैं। 25-10-26 की दोपहर करीब 1 बजे वह अपने भाई रवि कोल के साथ पहाड़ी के पास स्थित तालाब पर मछली पकड़ने गए हुए थे। शाम करीब 4 बजे उन्हें पास ही एक लड़की के जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक लड़की के साथ शुभम दुबे, रचित भारद्वाज, आकाश पासी और शिब्बू ठाकुर विवाद व तीखी बहस कर रहे थे। रंजीत ने जैसे ही अपना मोबाइल निकाला, आरोपियों को लगा कि वह उनका वीडियो बना रहा है। इसी बात पर गुस्साए आरोपियों ने उनका मोबाइल जमीन पर पटक कर तोड़ दिया और गाली-गलौज शुरू कर दी।

​पेट, पसली और जांघ पर चाकू से वार कर लहूलुहान किया

​रंजीत ने जब गाली देने का विरोध किया तो रचित भारद्वाज और आकाश पासी ने उन्हें दबोच लिया। इसके बाद शिवम दुबे और शिब्बू ठाकुर ने जान से मारने की नीयत से चाकू निकालकर उनके पेट, पसली, कमर और बायें पैर की जांघ के पीछे ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपी जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित भी कर रहे थे। बीच-बचाव करने आए भाई रवि कोल को मारने के लिए शुभम दुबे चाकू लेकर दौड़ा तो रवि जान बचाकर भागा। इसके बाद आरोपियों के 2 अन्य साथी भी आ गए और मारपीट की। रंजीत जब बेहोश होने लगा तो सभी आरोपी उसे महाराजपुर के शुभम अस्पताल ले गए, जहां पट्टी कराने के बाद जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने धारा 296(b), 109(1), 351(2), 324(4), 3(5) बीएनएस और एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

​पुरानी रंजिश पर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, दोनों पैरों में लगे गहरे घाव

​पिता को सजा होने का बदला लेने पहुंचे युवकों ने गोहलपुर में फैलाई दहशत

​जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। न्यू आनंदनगर हनुमानताल निवासी 45 वर्षीय मगन सिद्दीकी मॉड्यूलर किचन एवं इंटीरियर का कार्य करते हैं। 25-10-26 की शाम मारपीट में घायल होने के बाद उन्हें उपचार हेतु विक्टोरिया अस्पताल लाया गया, जहां पहुंची पुलिस को उन्होंने पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़ित ने बताया कि लगभग 2 वर्ष 5 माह पूर्व अरमान के पिता वसीम डांगर ने उन पर चाकू से हमला किया था। उस मामले में अधारताल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिसमें अदालत द्वारा वसीम को सजा सुनाई जा चुकी है। इसी बात को लेकर वसीम का बेटा अरमान उनसे लगातार रंजिश पाले हुए था।

​दुकान के सामने खड़े होकर बात करते समय अचानक किया हमला

​25-10-26 की रात करीब 7:15 बजे मगन अपने चाचा मोहम्मद रफीक की दुकान सानिया ज्वेलर्स के सामने पसियाना में अपने मित्र तौकीर और रहीश अहमद के साथ खड़े थे। तभी अरमान अपने साथ 16 क्वार्टर निवासी अजमेरी मिस्त्री के लड़के तथा 1 अन्य साथी को लेकर बाइक से वहां पहुंचा। सभी ने एकराय होकर अचानक मगन पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। मगन ने खुद को बचाने के लिए फुर्ती से पीछे की तरफ कदम बढ़ाए, जिससे चाकू उनके दोनों पैरों में जा लगा। यदि वह समय रहते बचाव नहीं करते तो चाकू उनके पेट या सीने में लग सकता था। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद सभी हमलावर धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। गोहलपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 109(1) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​भंडारे के दौरान टैक्स के नाम पर 5 हजार रुपये की अवैध मांग, मना करने पर खूनी संघर्ष

​बुलेट धीरे चलाने को कहने पर भड़के गुंडों ने परिवार और मोहल्ले वालों को पीटा

​जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के गोकलपुर में धार्मिक आयोजन के दौरान रंगदारी मांगने और मना करने पर लाठी-डंडों व चाकू से हमला करने का मामला दर्ज हुआ है। आजाद नगर गोकलपुर निवासी 44 वर्षीय रवि शंकर गोटिया पेंटिंग का काम करते हैं। 25-10-26 की रात करीब 10 बजे दुर्गा मंदिर मरघटाई के पीछे भंडारा चल रहा था। रवि शंकर अपने साथी गंगा ठाकुर और बब्लू तिवारी के साथ सड़क पर खड़े थे, तभी समीर वंशकार का लड़का यश अपनी बुलेट गाड़ी से तेज रफ्तार में वहां से निकला। भीड़भाड़ और भंडारे के कारण जब लोगों ने गाड़ी धीरे चलाने को कहा, तो यश विवाद करते हुए मनमर्जी से गाड़ी चलाने की बात कहकर चला गया।

​लाठी-डंडों, ईंट और चाकू से वार कर 11 लोगों को किया घायल

​थोड़ी ही देर बाद समीर वंशकार अपने साथी रोहित, यश और छोटू के साथ आ धमका और मोहल्ले में कार्यक्रम कराने के एवज में 5000 रुपये टैक्स की मांग करने लगा। रवि शंकर द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर चारों आरोपी गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर समीर ने डंडे से सिर, हाथ और कमर पर वार कर दिया। बीच-बचाव के लिए जब पीड़ित की पत्नी भारती, बेटा आदि, पप्पू बर्मन, अनुज कोल, मंजू गोटिया, मानसी गोटिया, नीलेश झारिया, राजेश ठाकुर, पारस यादव और सुमित नाहर आए, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। समीर ने चाकू से हमला कर पप्पू बर्मन और अनुज कोल को जख्मी किया, जबकि यश, रोहित और छोटू ने लाठी-डंडों और ईंटों से हमला कर अन्य सभी को घायल कर दिया। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। रांझी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296(b), 125(a), 118(1), 119(1), 351(3) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।

​दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस में शराब पीकर नाचने से रोकने पर चाकूबाजी

​सदर पासी चौक के पास विवाद, अंडा दुकान संचालक पर किया हमला

​जबलपुर। कैंट थाना क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के पावन अवसर पर शराब के नशे में धुत युवकों द्वारा उत्पाद मचाने और विरोध करने पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। नई बस्ती कजरवारा निवासी 28 वर्षीय अमन चौधरी गोराबाजार में अंडा व चिकन की दुकान संचालित करते हैं। 25-10-26 को क्षेत्र के श्रद्धालु कजरवारा से मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के लिए ग्वारीघाट लेकर जा रहे थे। विसर्जन जुलूस रात करीब 1:15 बजे जैसे ही सदर मछली मार्केट के सामने पासी चौक पहुंचा, तभी शराब के नशे में धुत्त शनि बघेल, गौरव यादव और अंशु झारिया जुलूस में घुसकर जबरन नाचने लगे।

​हाथापाई के बाद चाकू निकालकर पंजे पर किया गहरा घाव

​जुलूस में शामिल अमन चौधरी ने जब इन युवकों को अशोभनीय ढंग से नाचने से मना किया, तो तीनों युवक भड़क गए और अभद्र गालियां देने लगे। विवाद बढ़ने पर अंशु झारिया और गौरव यादव ने अमन के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान शनि बघेल ने अपनी जेब से चाकू निकाला और अमन पर हमला कर दिया, जिससे उनके बायें हाथ के पंजे पर गंभीर चोट आई। घटना के बाद आसपास के लोगों को आता देख तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पीड़ित की शिकायत पर कैंट थाना पुलिस ने आरोपी शनि बघेल, गौरव यादव और अंशु झारिया के खिलाफ धारा 296(a), 115(2), 118(1), 351(2) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

​आंगनबाड़ी के पास स्थित मढ़िया में फंदे पर लटका मिला 22 वर्षीय युवक का शव

​बरगी के बढ़ैयाखेड़ा गांव में मातम, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

​जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बढ़ैयाखेड़ा में एक 22 वर्षीय नवयुवक की अकाल मृत्यु का दुखद मामला सामने आया है। गांव के निवासी 35 वर्षीय बिसराम मरावी ने बरगी थाने में सूचना दी कि उनके बड़े भाई झाड़ूलाल मरावी पिछले 2 माह से मजदूरी करने के सिलसिले में गांव से बाहर गए हुए हैं। उनका 22 वर्षीय भतीजा आकाश मरावी गांव में ही रहता था। 25-10-26 को आकाश एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मिडकी गया था, जहां से वह शाम को घर लौटा। घर पर उसकी गर्भवती पत्नी सुमन मरावी मौजूद थी। रात करीब 8 बजे आकाश किसी काम का बोलकर घर से बाहर निकला था।

​म्यगा की लकड़ी के सहारे चुनरी से फांसी लगाकर की खुदकुशी

​कुछ देर बाद जब बिसराम अपने घर के बाहर आंगनबाड़ी केंद्र की तरफ टहलने गए, तो वहां ग्रामीणों से सूचना मिली कि पास ही स्थित मढ़िया में किसी व्यक्ति ने फांसी लगा ली है। बिसराम जब तुरंत मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उनका भतीजा आकाश मरावी मढ़िया के भीतर म्यगा की लकड़ी के सहारे चुनरी से फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी सांसें थम चुकी थीं और उसकी मृत्यु हो चुकी थी। गर्भवती पत्नी और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक ने यह आत्मघाती कदम किन कारणों से उठाया, इसका खुलासा फिलहाल नहीं हो सका है। बरगी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की सूक्ष्म जांच शुरू कर दी है।

​अधारताल और कटंगी में जुए के फड़ों पर पुलिस का बड़ा छापा, 16 जुआरी गिरफ्तार

​नकद 13 हजार 70 रुपये और ताश के पत्ते बरामद, जुआ एक्ट में कार्रवाई

​जबलपुर। पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय द्वारा जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को संगठित जुआ और सट्टा खिलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अधारताल पुलिस को 25-10-26 को सूचना मिली कि कटरा मोहल्ला मोटे के घर के पास ताश के पत्तों पर रुपयों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेला जा रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से राजेन्द्र पाण्डे निवासी कटरा, फरहान खान निवासी अंसार नगर गोहलपुर, मोहसिन खान निवासी मक्का नगर हनुमानताल, सोनू बर्मन निवासी कटरा, मोनू डोंगरे निवासी निर्भय नगर, वसीम खान निवासी मक्का नगर, सद्दाम मंसूरी निवासी मक्का नगर और राशिद खान निवासी टेढ़ी नीम हनुमानताल को पकड़ा। इनके कब्जे व फड़ से 7800 रुपये और ताश के पत्ते जब्त किए गए। वहीं कुदवारी में दबिश देकर आलोक साहू, विवेक, रोहित कोल, विशाल कोल, सोहेल खान और शहनवाज मंसूरी को जुआ खेलते रंगे हाथ पकड़कर 1000 रुपये नकद जब्त किए गए। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक केसरीनंदन राय, प्रधान आरक्षक विनोद शर्मा, मनोज पाण्डे, मुन्ना लाल बेन, आरक्षक अनिल शर्मा, महेश कहार, नीलेश यादव और संदीप यादव की भूमिका रही।

​कटंगी के खेत में बल्ब की रोशनी में दांव लगा रहे 4 जुआरी दबोचे

​कटंगी थाना प्रभारी श्री गोपिन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 26-10-26 की रात कुण्डा नाला के पीछे एक खेत में छापा मारा। वहां बल्ब की रोशनी में ताश पत्तों पर जुआ खेल रहे अब्दुल खान उम्र 52 वर्ष निवासी नया बाजार कटंगी, धनेश जैन उम्र 48 वर्ष निवासी कूडन मोहल्ला, अनिल ठाकुर उम्र 42 वर्ष निवासी दुर्गा चौक बजरिया और आकाश ठाकुर उम्र 32 वर्ष निवासी कुचबंधिया मोहल्ला कटंगी को घेराबंदी कर पकड़ा गया। फड़ से 52 ताश के पत्ते और 4270 रुपये नकद जब्त किए गए। दोनों थानों ने कुल 16 जुआरियों के विरुद्ध धारा 13 जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की, जिनसे कुल 13070 रुपये बरामद हुए। कटंगी की कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक मुलायम सिंह, आरक्षक प्रदीप, वीरेन्द्र, अमित पटेल और लोकेन्द्र की भूमिका सराहनीय रही। 

Share This Article
error: This Content is protected !!