प्रेमिका पर घातक हमला कर भाग गया प्रेमी,गले और सिर पर आई गंभीर चोटें

Newzo
Newzo - News Editor 74 Views
3 Min Read

जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आईटीआई करमेता इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 24 वर्षीय महिला गौरी दुबे पर उसके पार्टनर नीतेश पाटकर ने जानलेवा हमला कर दिया। पीड़िता पिछले 2 साल से अपने पति से अलग होने के बाद आरोपी के साथ रह रही थी। रविवार सुबह लगभग 10 बजे जब गौरी किचन में खाना बना रही थी, तभी नीतेश ने पीछे से आकर हत्या की नीयत से उसके गले पर चाकू से हमला कर दिया। चीखने पर आरोपी ने महिला के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और रसोई में रखे बेलन से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। किसी तरह जान बचाकर भागी पीड़िता ने माढ़ोताल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी नीतेश पाटकर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए) और 109(1) के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

​दो वर्षों से साथ रह रहा था जोड़ा

​पीड़िता गौरी दुबे एक प्राइवेट नौकरी करती है। 2 वर्ष पहले उसके पति ने उसे छोड़ दिया था, जिसके बाद उसकी मुलाकात नीतेश पाटकर से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए और वे पिछले 2 साल से आईटीआई करमेता क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रहने लगे थे।

​आपसी विवाद में मन में रखी रंजिश

​पिछले कुछ समय से दोनों के बीच साथ रहने और न रहने की बात को लेकर लगातार विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते नीतेश के मन में रंजिश पनप रही थी। रविवार सुबह गौरी दुबे हमेशा की तरह अपने घर के किचन में खाना बनाने के काम में जुटी हुई थी। इसी दौरान सुबह लगभग 10 बजे नीतेश पाटकर दबे पांव पीछे से किचन में दाखिल हुआ और धारदार चाकू से सीधे उसके गले पर वार कर दिया।

​मुंह बंद कर सिर पर बरसाए बेलन

​गले पर हमला होते ही गौरी ने अपनी जान बचाने के लिए शोर मचाना शुरू किया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा न हो जाएं, इस डर से नीतेश ने तुरंत एक कपड़ा गौरी के मुंह में ठूंस दिया। इसके बाद आरोपी ने रसोई में ही रखे रोटी बनाने वाले भारी बेलन को उठाया और गौरी के सिर पर एक के बाद एक कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान हो गई।

​मौका पाकर भागी पीड़िता, केस दर्ज

​नीतेश के चंगुल से छूटकर गौरी किसी तरह घर से बाहर गलियों की तरफ भागी और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। पकड़े जाने के डर से आरोपी नीतेश पाटकर मौके से फरार हो गया। पीड़िता इसी घायल हालत में सीधे माढ़ोताल थाने पहुंची और पुलिस को पूरी घटना बताई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Share This Article
error: This Content is protected !!