जबलपुर क्राइम बुलेटिन: पुलिस ने 11 किलो गांजा पकड़ा,1 रुपये का मैसेज भेजकर की ठगी

Newzo
Newzo - News Editor 11 Views
19 Min Read

जबलपुर में क्राइम ब्रांच और बरगी पुलिस की बड़ी कार्यवाही, 11 किलो गांजा के साथ युवक-युवती गिरफ्तार

नेचर ढाबा के पास घेराबंदी कर पकड़ा, कब्जे से साढ़े 5 लाख रुपये से अधिक का गांजा जब्त

जबलपुर। शहर में अवैध मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर क्राइम ब्रांच और थाना बरगी की संयुक्त टीम ने बरगी बायपास क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में लिप्त एक युवक और युवती को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 किलो 184 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है। इस जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 5 लाख 59 हजार 200 रुपये बताई गई है।

​अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर जोन 4 अंजना तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा और डीएसपी क्राइम उदयभान बागरी के कुशल मार्गदर्शन में इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। बरगी थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 11 अगस्त 2026 को क्राइम ब्रांच की टीम को एक सटीक मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना में बताया गया कि बरगी बायपास पर स्थित नेचर ढाबा के सामने एक युवक और युवती संदिग्ध अवस्था में खड़े हैं। उनके पास आकाश बायजूस लिखा हुआ एक नीले रंग का पिट्ठू बैग और एक अन्य नीले रंग का बैग है, जिनमें अवैध रूप से नशीला पदार्थ या शराब रखी हुई है।

​प्राप्त सूचना के तुरंत बाद क्राइम ब्रांच और थाना बरगी की संयुक्त पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए स्थान पर तेजी से दबिश दी। बरगी बायपास पर नेचर ढाबा के सामने साई टी स्टाल के पास दो संदेही युवक और युवती अपने बैग रखकर खड़े दिखाई दिए। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों तरफ से घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा। कड़ाई से पूछताछ करने पर युवती ने अपना नाम संध्या सरोते उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम विक्रमपुर रैयत थाना शाहपुर जिला डिंडौरी और वर्तमान पता गणेश मंदिर के पास गोरखपुर बताया। वहीं युवक ने अपना नाम हिमांशु बावरिया उम्र 22 वर्ष निवासी जायसवाल मोहल्ला गोरखपुर और वर्तमान पता सैनिक सोसाइटी शक्तिनगर गढ़ा बताया।

​पुलिस टीम ने नियमानुसार तलाशी की प्रक्रिया पूरी की। तलाशी लेने पर हिमांशु बावरिया के पास रखे नीले बैग से 3 पैकेट और संध्या सरोते के कब्जे वाले पिट्ठू बैग से 3 पैकेट अवैध गांजा बरामद हुआ। एनडीपीएस एक्ट के कड़े प्रावधानों के तहत तौल कराने पर कुल 11 किलो 184 ग्राम गांजा पाया गया। पुलिस ने गांजे के साथ-साथ बैग में रखे 2 कम्बल और 1 मोबाइल भी जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और वे यह गांजा कहां से लाए थे, इसकी पूछताछ जारी है। इस कार्रवाई में डीएसपी क्राइम शैलेष मिश्रा के निर्देशन में उप निरीक्षक प्रभाकर सिंह, असवंत सिंह, सहायक उप निरीक्षक अशोक मिश्रा, प्रधान आरक्षक मनीष सिंह, विजय पटेल, आरक्षक प्रीतम उपाध्याय, शिव सिंह बघेल, मुकेश परिहार, ज्योति दुबे, उमाशंकर डेहरिया, सुधीर सिंह और विपुल कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

1 पिस्टल और कारतूस के साथ 2 गिरफ्तार,टपरिया बस्ती के पास घूम रहे थे आरोपी, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

जबलपुर। शहर में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और प्रदर्शन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जबलपुर पुलिस लगातार धरपकड़ कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए क्राइम ब्रांच और थाना मदनमहल की पुलिस टीम ने साझा कार्रवाई करते हुए 2 शातिर आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 अवैध पिस्टल और 1 जिंदा कारतूस बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।

​यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली अखिलेश गौर और डीएसपी क्राइम उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मदनमहल धीरज राज के नेतृत्व में पूरी की गई। थाना प्रभारी धीरज राज ने घटना का ब्योरा देते हुए बताया कि 11 अगस्त 2026 की रात में क्राइम ब्रांच की टीम को मुखबिर से खबर मिली थी कि दो युवक अवैध हथियार लेकर किसी वारदात की नीयत से घूम रहे हैं। सूचना में बताया गया कि आकर्ष सिंह उर्फ लड्डू और आयुष जैन नरसिंह मंदिर के पीछे स्थित टपरिया बस्ती के आसपास अवैध हथियार लिए घूम रहे हैं।

​सटीक सूचना मिलते ही मदनमहल पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने बिना समय गंवाए टपरिया बस्ती क्षेत्र में दबिश दी। पुलिस टीम को नरसिंह मंदिर के पीछे बताए गए हुलिए के 2 व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमते नजर आए। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान पहले आरोपी ने अपना नाम आकर्ष सिंह उर्फ लड्डू ठाकुर पिता स्व. रमेश सिंह ठाकुर उम्र 25 वर्ष निवासी भगवती मंदिर के बाजू में, महानद्दा चिमनी प्लांट मदनमहल बताया। वहीं दूसरे आरोपी ने अपना नाम आयुष जैन उर्फ कल्लू पिता प्रमोद जैन उम्र 19 वर्ष निवासी सैनिक सोसाइटी शारदा चौक गढ़ा बताया।

​पुलिस द्वारा नियमानुसार आरोपियों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आकर्ष सिंह उर्फ लड्डू के कमर में 1 पिस्टल खुंसी हुई मिली। इसके अलावा आयुष जैन उर्फ कल्लू की पैंट की पीछे वाली जेब से 1 जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से ही अवैध पिस्टल और कारतूस को जब्त कर लिया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब आरोपियों से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने यह घातक हथियार किससे और कहां से खरीदा था। इस सफल कार्रवाई में डीएसपी क्राइम शैलेष मिश्रा के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक अनिल पांडे, गोपाल सिंह, प्रधान आरक्षक रुस्तम अली, प्रदीप तेकाम, जावेद अहमद, दुर्गेश कुमार चौधरी, आरक्षक राजेश म्हात्रे, अजीत, आदित्य सिंह और गोविन्द सिंह लोधी की सराहनीय भूमिका रही।

कुण्डम में बाइक सवार युवकों ने किया जानलेवा हमला, रास्ता पूछने के बहाने मारी चाकू

शराब दुकान कर्मचारी को बनाया निशाना, पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर दर्ज किया केस

जबलपुर। कुण्डम थाना क्षेत्र के अंतर्गत बघराजी रोड पर बेखौफ बदमाशों द्वारा एक युवक पर चाकू से प्राणघातक हमला करने की गंभीर वारदात सामने आई है। हमलावरों ने पहले युवक से रास्ता पूछा और फिर उस पर चाकू से एक के बाद एक कई वार कर दिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास का आपराधिक मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

​मिली जानकारी के मुताबिक 12 अगस्त 2026 की रात कुण्डम थाने में पीड़ित मोहित पटेल उम्र 26 वर्ष निवासी बघराजी कुण्डम ने उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित मोहित पटेल ने बताया कि वह बघराजी स्थित शराब दुकान में कर्मचारी के रूप में काम करता है। घटना वाले दिन 11 अगस्त 2026 की रात लगभग 9:30 बजे वह सुनावल पेट्रोल पंप की तरफ से वापस अपनी दुकान की ओर लौट रहा था। जैसे ही वह केमा बाबा के सामने मुख्य मार्ग पर पहुंचा और अपनी मोटर साइकिल खड़ी कर खड़ा हुआ, तभी मझगवां की ओर से एक मोटर साइकिल पर सवार होकर 2 अज्ञात युवक वहां पहुंचे।

​उन युवकों में से एक लड़के ने मोहित से डबरा जाने वाली सड़क के बारे में पूछा। मोहित ने बताया कि सीधे वाली सड़क ही डबरा की तरफ जाती है। इतना सुनते ही बाइक सवार युवक ने उससे कहा कि तू अकेले क्या कर रहा है। इतना कहते ही उसने हत्या करने की बदनीयती से अपनी जेब से चाकू निकाला और मोहित के दाहिने जांघ पर हमला कर दिया। इसके तुरंत बाद आरोपी ने मोहित के पेट में चाकू मारने की कोशिश की। मोहित ने खुद को बचाने का प्रयास किया तो चाकू उसके पीठ पर लग गया।

​खुद को संकट में देखकर मोहित चिल्लाते हुए जान बचाने के लिए बघराजी की तरफ भागा। पीड़ित के चिल्लाने पर उसने देखा कि काफी पीछे एक अन्य मोटर साइकिल पर 3 और लड़के खड़े थे। वारदात को अंजाम देने के बाद चाकू मारने वाला युवक अपने साथी के साथ मोटर साइकिल पर सवार होकर वापस मझगवां की तरफ भाग गया, जबकि पीछे खड़े तीनों युवक भी अपनी मोटर साइकिल से उसी दिशा में फरार हो गए। घटना के बाद कुण्डम थाना पुलिस ने पीड़ित मोहित पटेल की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 3(5) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए जांच कर रही है।

खमरिया में शराब के पैसे न देने पर मजदूर से मारपीट, चेहरे पर ब्लेड से किया हमला

चाय दुकान के सामने हुई वारदात, आरोपी के खिलाफ बीएनएस व एससी-एसटी एक्ट में मामला दर्ज

जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने और मना करने पर एक मजदूर पर ब्लेड से हमला करने की घटना सामने आई है। आरोपी ने न केवल फरियादी के साथ मारपीट की बल्कि चेहरे पर ब्लेड से वार कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर नामजद आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं और एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

​मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 11 अगस्त 2026 की रात वीरू उर्फ प्रहलाद कोल उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम ठूठा थाना पाटन, वर्तमान पता मोहनिया परिसर परियट ने खमरिया थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया। फरियादी वीरू कोल ने बताया कि वह मजदूरी का काम करता है और काम की तलाश में पिपरिया आया हुआ था। घटना के दिन 11 अगस्त 2026 को उसे काम नहीं मिला था। शाम लगभग 4 बजे वह क्षेत्र में स्थित राधे चाय की दुकान के सामने खड़ा होकर चाय पी रहा था।

​इसी दौरान वहां पर local निवासी मोनू पटेल उर्फ पुरुषोत्तम पटेल आ धमका। आरोपी मोनू पटेल फरियादी वीरू कोल से शराब पीने के लिए जबरन पैसों की मांग करने लगा। जब वीरू ने पैसे देने से मना कर दिया, तो मोनू पटेल उग्र हो गया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसने अपने पास रखी ब्लेड से हमला कर दिया, जिससे वीरू की दाहिनी आंख के पास चेहरे पर चोट आ गई।

​वारदात के बाद आरोपी मोनू पटेल पीड़ित को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया। पीड़ित ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर तत्परता दिखाते हुए आरोपी मोनू पटेल उर्फ पुरुषोत्तम पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए), 115(2), 118(1), 119(1), 351(2) और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(वी) व 3(1)द के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

जबलपुर के गोहलपुर में साइबर ठगी, मोबाइल हैक कर व्यापारी के खाते से उड़ाए 1.89 लाख रुपये

1 रुपये का मैसेज आते ही हैक हुआ फोन, गोहलपुर पुलिस ने दर्ज किया बीएनएस की धारा में केस

जबलपुर। शहर में साइबर अपराध के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला गोहलपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक किराना व्यापारी का मोबाइल हैक करके जालसाजों ने उसके बैंक खाते से 1 लाख 89 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 अगस्त 2026 की रात तनवीर अहमद उम्र 35 वर्ष निवासी नई बस्ती गोहलपुर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित तनवीर अहमद ने बताया कि वह अपने घर के सामने ही किराना दुकान चलाता है। उसका बचत खाता यूनियन बैंक की अधारताल शाखा में है, जिसमें उसका मोबाइल नंबर लिंक है। पीड़ित के अनुसार 3 नवंबर 2025 की रात लगभग 8:31 बजे उसके बैंक खाते में किसी बबीता कुमारी नाम के खाते से 1 रुपये क्रेडिट होने का संदेश आया था।

​संदेश आने के लगभग आधा घंटे बाद जब तनवीर ने अपने मोबाइल में फोन-पे मैसेज चेक किया, तो उसका मोबाइल हैक हो गया। पीड़ित कुछ समझ पाता, इससे पहले ही किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका मोबाइल हैक कर लिया। इसके बाद अज्ञात आरोपी ने 4 नवंबर 2025 से तीन बार में कुल 1 लाख 89 हजार रुपये आईएमपीएस (IMPS) के माध्यम से धोखाधड़ी कर निकाल लिए।

​खाते से पैसे कटने की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोहलपुर पुलिस ने फरियादी तनवीर अहमद की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीम मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।

कुण्डम के राजा इमली के पास तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, दुर्घटना में 2 लोग गंभीर घायल

काम खत्म कर घर लौट रहे थे ठेकेदार के कर्मचारी, आरोपी बाइक चालक गाड़ी छोड़कर फरार

जबलपुर। जिले के कुण्डम थाना क्षेत्र अंतर्गत राजा इमली स्टेट बैंक के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार बाइक चालक ने दूसरी मोटर साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक अपनी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​मामले के संबंध में जानकारी देते हुए कुण्डम थाना पुलिस ने बताया कि 11 अगस्त 2026 की देर रात रेकम साहू उम्र 38 वर्ष निवासी सिहोरा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रेकम साहू ने बताया कि वह बरेला में रहकर ठेकेदारी का काम करता है। उसके द्वारा लिए गए मकान बनाने के ठेके में उसका रिश्तेदार मुंशीलाल साहू व मजदूर धर्मेन्द्र कुमार मरावी तथा अरविन्द कुमार मरावी काम करते हैं।

​घटना वाले दिन 11 अगस्त 2026 को वे सभी लोग गौर बरेला में लिए हुए मकान निर्माण के ठेके में काम करके कुण्डम-बघराजी होते हुए सिहोरा जा रहे थे। रास्ते में एक मोटर साइकिल से मुंशीलाल साहू व धर्मेन्द्र मरावी तथा दूसरी मोटर साइकिल में रेकम साहू एवं अरविन्द मरावी चल रहे थे। रात लगभग 10:15 बजे जैसे ही वे राजा इमली में स्टेट बैंक के पास पहुंचे, तभी पीछे तरफ से आ रही मोटर साइकिल क्रमांक MP 20 ZS 2045 का चालक तेज गति व लापरवाही से चलाते हुए मुंशीलाल साहू की मोटर साइकिल में टक्कर मार दिया।

​टक्कर लगते ही मुंशीलाल व धर्मेन्द्र मोटर साइकिल सहित सड़क पर गिर गए, जिससे दोनों को हाथ-पैर व शरीर में चोटें आईं। एक्सीडेंट करने वाली मोटर साइकिल का चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। दोनों घायलों को उपचार हेतु अरविन्द मरावी के साथ प्राइवेट वाहन से जबलपुर भिजवाया गया है। पुलिस ने रेकम साहू की रिपोर्ट पर मोटर साइकिल चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। 

Share This Article
error: This Content is protected !!