कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने केरल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की, उन्हें राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। सतीशन के साथ 20 सदस्यीय कैबिनेट भी एक साथ शपथ ग्रहण कर रही है।
केरल में वीडी सतीसन के नेतृत्व वाली नई सरकार के गठन के साथ ही मंत्रिमंडल का भी विस्तार हुआ।
शपथ ग्रहण समारोह में विभिन्न दलों और गठबंधन के कई वरिष्ठ नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। केरल कांग्रेस (जोसेफ) के नेता मॉन्स जोसेफ और क्रांतिकारी समाजवादी पार्टी के शिबु बेबी जॉन ने मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। दोनों दलों ने विधानसभा चुनाव में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के तहत चुनाव लड़ा था। केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के अध्यक्ष सनी जोसेफ और कांग्रेस विधायक के. मुरलीधरन ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
पीसी विष्णुनाथ, एपी अनिलकुमार, रोजी एम जॉन, टी सिद्धिक, बिंदु कृष्णा, एम लिजू, ओजे जनीश, केए थुलसी, पीके बशीर, केएम शाजी, एन शमसुदीन, वी ई अब्दुल गफूर, सी पी जॉन और अनूप जैकब ने भी शपथ ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने भी मंत्री पद की शपथ लेकर नई सरकार में अपनी भूमिका संभाली। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के वरिष्ठ नेता पीके कुन्हालिकुट्टी ने भी मंत्री पद की शपथ ली। वे वीडी सतीसन के नेतृत्व वाली सरकार का हिस्सा बने हैं।
केरल में नई राजनीतिक पारी की शुरुआत हो गई है, जहां वीडी सतीसन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण कर ली है। उन्होंने मलयालम में शपथ ली। तिरुवनंतपुरम में आयोजित भव्य समारोह में उन्होंने राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। 60 साल बाद केरल में पूरी कैबिनेट एक साथ शपथ ले रही है। शपथ के बाद सतीसन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत मंच पर मौजूद सभी लोगों से मिले।
