नितिन नबीन की टीम ऐलान के लिए तैयार: जबलपुर से भी एक विधायक दौड़ में

Newzo
Newzo - News Editor 10 Views
4 Min Read

जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपनी नई केंद्रीय टीम की घोषणा करने की अंतिम तैयारी पूरी कर चुके हैं, जिसमें मध्यप्रदेश के 7 प्रमुख नेताओं को महत्वपूर्ण जगह मिलने की प्रबल संभावना है। इस केंद्रीय सूची में शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह, खरगोन सांसद गजेन्द्र पटेल, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, जबलपुर उत्तर मध्य से विधायक अभिलाष पांडे और कालापीपल से विधायक घनश्याम चंद्रवंशी की दावेदारी सबसे आगे चल रही है। इसके साथ ही खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा और भिंड सांसद संध्या राय को केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की चर्चा है। संगठन विस्तार के जरिए पार्टी युवा ऊर्जा, सामाजिक संतुलन, 33 प्रतिशत महिला आरक्षण और प्रादेशिक प्रभाव को एक साथ साधने का प्रयास कर रही है।

जनजातीय और महिला नेतृत्व को मिलेगी बड़ी तरजीह

​संगठन विस्तार में 46 वर्षीय राष्ट्रीय अध्यक्ष सामाजिक समीकरणों पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। शहडोल से 38 वर्षीय आदिवासी महिला नेत्री हिमाद्री सिंह विंध्य और छत्तीसगढ़ की सीमावर्ती सीटों पर मजबूत पारिवारिक राजनीतिक आधार रखती हैं, जिनके पिता पूर्व मंत्री और मां सांसद रही हैं। खरगोन क्षेत्र से वर्ष 2019 और 2024 में चुनाव जीतने वाले 51 वर्षीय गजेन्द्र पटेल 2017 में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बने और बाद में प्रदेश उपाध्यक्ष रहे। वे 2021-22 में मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री भी रह चुके हैं। वहीं 52 वर्षीय राज्यसभा सदस्य कविता पाटीदार पूर्व मंत्री भेरूलाल पाटीदार की पुत्री हैं, जो इंदौर जिला पंचायत अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री रह चुकी हैं। उन्हें 33 प्रतिशत महिला प्रतिनिधित्व और ओबीसी वर्ग के समीकरण के तहत राष्ट्रीय पदाधिकारी का दायित्व मिल सकता है।

पहली बार चुने दो विधायकों को मौका संभव

​पार्टी ने पहली बार विधानसभा पहुंचे युवा जनप्रतिनिधियों को केंद्रीय स्तर पर आजमाने का फैसला लिया है। प्रदेश युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष रहे अभिलाष पांडे जबलपुर उत्तर मध्य से विधायक हैं, जिन्हें संगठन संचालन का लंबा अनुभव है। शाजापुर जिले के कालापीपल क्षेत्र से जीत दर्ज करने वाले घनश्याम चंद्रवंशी को भी केंद्रीय संगठनात्मक ढांचे में शामिल करने की योजना बनाई गई है। इन दोनों नए चेहरों के माध्यम से पार्टी आगामी समय के लिए नई पीढ़ी की मजबूत लीडरशिप तैयार करने का लक्ष्य लेकर चल रही है।

वरिष्ठ दिग्गजों को मिला विशेष स्थायी आमंत्रण

​संगठन ने वरिष्ठ नेताओं की भूमिका भी स्पष्ट रूप से तय कर दी है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल और जगदीश देवड़ा के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, शिवराज सिंह चौहान, प्रदीप भंडारी, लाल सिंह आर्य तथा हेमंत खंडेलवाल को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त फग्गन सिंह कुलस्ते और भिंड सांसद संध्या राय विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे। केंद्रीय सत्ता संतुलन के तहत पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को संगठन के स्थान पर केंद्र सरकार में राज्यमंत्री का प्रभार मिलने की संभावना जताई गई है।

Share This Article
error: This Content is protected !!