जबलपुर क्राइम बुलेटिन:बार में चाकू से गोदकर युवती की हत्या,व्हाट्सएप पर फॉर्म भेजकर ठगी

Newzo
Newzo - News Editor 3 Views
25 Min Read

ग्वारीघाट में 308 पाव अवैध शराब के साथ युवक दबोचा गया

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घर के आंगन में दी दबिश, आबकारी एक्ट में कार्रवाई

जबलपुर। जिले में अवैध नशीले पदार्थों और शराब की अवैध बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अफसरों और थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध शराब के धंधे में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कदम उठाए जाएं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन 2 पल्लवी शुक्ला और नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एम.डी. नागोतिया के मार्गदर्शन में ग्वारीघाट पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में देशी शराब के साथ पकड़ा है।

​ग्वारीघाट थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल को 14-8-26 की रात मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि गली नंबर 5 बादशाह हलवाई मंदिर के पास रहने वाला शिवांग केशरवानी अपने घर के आंगन में बड़े पैमाने पर देशी शराब छिपाकर रखे हुए है और उसे बेचने की फिराक में है। सूचना की तस्दीक होते ही पुलिस बल की एक विशेष टीम गठित कर मुखबिर के बताए स्थान पर घेराबंदी की गई। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो मकान के आंगन में एक संदिग्ध युवक प्लास्टिक की बड़ी बोरी के पास खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया।

​पकड़े गए युवक से नाम और पता पूछने पर उसने अपनी पहचान शिवांग केशरवानी उर्फ मोनू उम्र 21 वर्ष निवासी गली नंबर 5 बादशाह हलवाई मंदिर के पास ग्वारीघाट बताई। जब पुलिस ने उसके पास रखी प्लास्टिक की बोरी को खोलकर देखा तो उसमें 308 पाव देशी शराब भरी मिली। पुलिस ने 308 पाव देशी शराब को मौके पर ही जब्त कर लिया। इस बरामद शराब की कुल कीमत लगभग 30800 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी शिवांग केशरवानी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब उससे यह पूछताछ कर रही है कि वह इतनी बड़ी तादाद में शराब कहां से लेकर आया था और इसे किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक नीलेश पोर्ते, प्रधान आरक्षक दीपक उइके, आरक्षक संजय, दिलीप और बलराम ने अहम भूमिका निभाई।

गोहलपुर के महफिल बार में युवती की चाकू से गोदकर हत्या, आरोपी कुछ ही घंटों में गिरफ्तार

काम के दौरान मजाक और छींटाकशी पर हुआ था विवाद, पुलिस ने बरामद किया हत्या में इस्तेमाल चाकू

जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र स्थित एक बार में काम करने वाली 20 वर्षीय युवती की उसके ही सहकर्मी ने आपसी विवाद के बाद चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल राजेश्वरी कौरव के सुपरविजन में थाना प्रभारी गोहलपुर रीतेश पांडे के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी को तत्काल सुलझा लिया।

​घटना 14-8-26 की है। गोहलपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक युवती को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया है। थाना प्रभारी रीतेश पांडे पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे, जहां मृतका के भाई लकी उर्फ राकेश चौधरी उम्र 23 वर्ष निवासी उड़ना पौड़ी पाटन ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। लकी ने बताया कि उसकी 20 वर्षीय छोटी बहन मुस्कान चौधरी कृषि उपज मंडी गेट के सामने स्थित महफिल बार में लगभग 1.5 माह से नौकरी कर रही थी। वह रोजाना सुबह 10 बजे बस पकड़कर बार जाती थी और शाम 7:30 बजे तक बस से लौटती थी। लकी रोजाना अपनी बहन को मुख्य मार्ग तक छोड़ने और लेने जाता था। घटना वाले दिन शाम 7 बजे तक मुस्कान घर नहीं पहुंची तो लकी ने 7:18 बजे उसके मोबाइल पर कॉल किया। फोन बार के एक कर्मचारी ने उठाया और बताया कि मुस्कान को चोट लगी है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। जब लकी अपनी मां के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचा तो देखा कि मुस्कान का शव मर्चुरी में रखा था। उसके सीने और पेट पर धारदार हथियार के 4 गंभीर वार किए गए थे।

​बार के अन्य कर्मचारियों से पूछताछ में पता चला कि बार में काम करने वाले पवन बर्मन उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम खिरहनी बरगी हाल निवासी आईटीआई माढ़ोताल का मुस्कान से काम के दौरान हंसी-मजाक व छींटाकशी को लेकर विवाद हो गया था। इसी बात से आक्रोशित होकर पवन ने किचन में रखा चाकू उठाया और मुस्कान पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी जान चली गई। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एफएसएल अधिकारी डॉ. नीता जैन भी मौके पर पहुंचीं और साक्ष्य जुटाए। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और थाना गोहलपुर में धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए भोला नगर में दबिश देकर आरोपी पवन बर्मन को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू जब्त कर लिया गया। आरोपी को पकड़ने में उप निरीक्षक रवि सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक लवकेश, प्रमोद राय, शारदा मिश्रा, अमित पटेल, आरक्षक हरेंद्र और आशीष की सराहनीय भूमिका रही।

सड़क पर बाइक सही ढंग से चलाने की सलाह देने पर दो भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला

घमापुर पुलिस ने दर्ज किया जानलेवा हमले का केस, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाने पर टोकना दो भाइयों को भारी पड़ गया। अनियंत्रित तरीके से बाइक चला रहे युवकों ने विवाद करते हुए अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों भाइयों पर चाकू और लात-घूंसों से हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई लहूलुहान हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घमापुर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ प्राणघातक हमले सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

​घमापुर थाने में 14-8-26 की रात घायल अवस्था में पहुंचे विकास शर्मा उम्र 41 वर्ष निवासी मयूर कला मंदिर के पास घमापुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई। विकास शर्मा ने बताया कि वह अपनी मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान चलाता है। 14-8-26 की रात लगभग 10 बजे वह दुकान बंद करने के बाद अपने भाई आशु शर्मा के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहा था। जैसे ही दोनों भाई चुंगी चौकी मोड़ के पास पहुंचे, तभी सामने दुर्गा मंदिर की ओर से प्रथम और प्रवेश नाम के दो युवक अपनी मोटरसाइकिल को खतरनाक तरीके से लहराते हुए ला रहे थे। रास्ते में सीधी टक्कर से बचने के लिए विकास ने उन युवकों से कहा कि देखकर गाड़ी चलाओ।

​इतनी सी बात सुनते ही प्रथम और प्रवेश अपनी बाइक रोककर नीचे उतर आए और गंदी-गंदी गालियां देने लगे। जब विकास ने गाली-गलौज करने का विरोध किया, तो प्रथम ने जान से मारने की नीयत से चाकू निकाल लिया और विकास के सिर पर 2 से 3 बार जोरदार हमला कर दिया। सिर में गहरी चोट लगने के कारण विकास वहीं सड़क पर गिर पड़ा। अपने भाई को बचाने के लिए जब आशु शर्मा आगे आया तो प्रवेश ने चाकू से आशु पर वार कर दिया, जिससे आशु की बाईं आंख के ऊपरी हिस्से में गहरा घाव हो गया। इसी बीच आरोपियों ने फोन करके अपने 3 अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। उन तीनों अज्ञात युवकों ने आते ही दोनों भाइयों के साथ जमकर मारपीट की और मौके से भाग गए। घटना के बाद दोनों भाई किसी तरह थाने पहुंचे, जहां से पुलिस ने उन्हें तुरंत विक्टोरिया अस्पताल भेजा। वहां आशु की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर धारा 296(A), 109(1) और 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीनियर सिटीजन कार्ड स्वीकृत होने का झांसा देकर बुजुर्ग के खाते से उड़ाए 49 हजार रुपये

व्हाट्सएप पर फॉर्म भेजकर पिन नंबर डलवाया, रांझी थाने में साइबर फ्रॉड का केस दर्ज

जबलपुर। शहर में साइबर ठग आम नागरिकों को तरह-तरह के प्रलोभन देकर और फर्जी योजनाओं का झांसा देकर ठगी का शिकार बना रहे हैं। रांझी थाना क्षेत्र में एक शातिर जालसाज ने बुजुर्ग नागरिक को सीनियर सिटीजन कार्ड स्वीकृत होने का झांसा देकर उनके बैंक खाते से हजारों रुपये पार कर दिए। पीड़ित को जब अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ तो उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

​रांझी थाना क्षेत्र के कौशल्या वाटिका अपार्टमेंट निवासी 66 वर्षीय बुजुर्ग राजेश कुमार सिंह ने थाने में उपस्थित होकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 9-8-26 को शाम लगभग 4 बजे जब वे अपने घर पर थे, तभी उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने स्वयं को संबंधित विभाग का प्रतिनिधि बताया और कहा कि आपका सीनियर सिटीजन कार्ड स्वीकृत हो गया है। इसके बाद उस व्यक्ति ने कहा कि कार्ड प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए व्हाट्सएप पर एक फॉर्म भेजा जा रहा है, जिसे डाउनलोड करके भरना होगा। बुजुर्ग उसकी बातों में आ गए और उन्होंने व्हाट्सएप पर आए फॉर्म को डाउनलोड कर उसमें मांगी गई जानकारियां भरना शुरू कर दिया।

​फॉर्म भरने के अंतिम चरण में पेमेंट का विकल्प सामने आया। इस पर राजेश कुमार सिंह को संदेह हुआ और उन्होंने कॉलर से कहा कि सीनियर सिटीजन कार्ड बनवाने में तो कोई शुल्क नहीं लगता, ऐसे में इस विकल्प से उनके पैसे कट जाएंगे। इस पर फोन करने वाले ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि कोई पैसा नहीं कटेगा, केवल वेरिफिकेशन के लिए पिन नंबर डालना आवश्यक है। बुजुर्ग ने जालसाज की बातों पर विश्वास करते हुए जैसे ही अपना पिन नंबर डाला, कुछ ही पलों में उनके पंजाब नेशनल बैंक के खाते से 49484 रुपये कटने का मैसेज आ गया। अज्ञात मोबाइल धारक ने वरिष्ठ नागरिक कार्ड बनाने के नाम पर छलपूर्वक उनके बैंक खाते से कुल 49480 रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर रांझी पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और साइबर सेल की मदद से आरोपी के नंबर तथा बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है।

सोशल मीडिया पर खिलौना कार खरीदने के नाम पर युवक से 34,116 रुपये की ठगी

इंस्टाग्राम पर विज्ञापन देखकर किया था संपर्क, खितौला थाने में अपराध पंजीबद्ध

जबलपुर। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर आकर्षक उत्पाद सस्ते दामों पर बेचने का झांसा देकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले साइबर अपराधियों का नेटवर्क लगातार सक्रिय है। खितौला थाना क्षेत्र के एक युवक को अपने बच्चों के लिए ऑनलाइन खिलौना कार खरीदना महंगा पड़ गया। अज्ञात ठग ने कई किस्तों में विभिन्न यूपीआई खातों में कुल 34116 रुपये ट्रांसफर करा लिए और सामान भी नहीं भेजा। पीड़ित की लिखित शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​खितौला थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम झिंगरई निवासी विनय कुमार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वह 26-7-26 और 27-7-26 को अपने बच्चों के लिए खेलने वाली टॉय कार खरीदने के लिए इंटरनेट पर सर्च कर रहा था। इसी दौरान उसने इंस्टाग्राम पर एक विज्ञापन देखा। जब उसने उस पेज पर संपर्क किया तो सामने वाले अज्ञात व्यक्ति ने उसे व्हाट्सएप पर बातचीत करने को कहा। व्हाट्सएप पर संपर्क करने पर आरोपी ने बच्चों की विभिन्न खिलौना कारों की आकर्षक तस्वीरें भेजीं। एक गाड़ी पसंद आने के बाद जब विनय ने उसे बुक करने की बात कही तो अज्ञात व्यक्ति ने बुकिंग चार्ज के रूप में 2500 रुपये मांगे। विनय ने बताए अनुसार फोन पे के माध्यम से 2 बार में 2500 रुपये भेज दिए।

​इसके बाद आरोपी ने पैसे न पहुंचने और सिस्टम में तकनीकी समस्या आने का झूठा बहाना बनाकर और रकम ट्रांसफर करने का दबाव बनाया। विनय उसके झांसे में आ गया और उसने 27-7-26 को 5150 रुपये उसके मोबाइल नंबर पर भेजे। इसके बाद उसी नंबर पर 5100 रुपये, 50 रुपये, 50 रुपये और 9160 रुपये अलग-अलग बार में ट्रांसफर किए। शातिर ठग ने इतने पर भी संतुष्ट न होकर मनजीत 633-3@0kaxis यूपीआई आईडी पर 9107 रुपये, बीओआईएम पर 1999 रुपये और अन्य यूपीआई आईडी पर 999 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। जब लगातार पैसे देने के बाद भी पार्सल नहीं आया और ठग और पैसों की मांग करता रहा, तब विनय को समझ आया कि उसके साथ फर्जीवाड़ा हुआ है। अज्ञात आरोपी ने झूठी पहचान बताकर और धोखे में रखकर कुल 34116 रुपये हड़प लिए। खितौला पुलिस ने लिखित शिकायत पर धारा 318(4) और 319(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फ्लिपकार्ट का रिफंड दिलाने का झांसा देकर महिला का मोबाइल हैक किया, 94 हजार की ठगी

व्हाट्सएप कॉल के जरिए बैंक खाते में लगाई सेंध, गोरखपुर थाने में प्रकरण दर्ज

जबलपुर। ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म से रिफंड दिलाने के नाम पर साइबर ठगों ने एक महिला को अपना शिकार बना लिया। शातिर जालसाज ने व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से महिला का मोबाइल फोन हैक कर लिया और उसके बैंक खाते से 94 हजार रुपये से अधिक की राशि साफ कर दी। पीड़िता की शिकायत पर गोरखपुर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​गोरखपुर थाना अंतर्गत हवाबाग कॉलेज के पीछे कटंगा निवासी 42 वर्षीय सोनम मालवीय ने 14-8-26 को थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका मोबाइल नंबर उनके भारतीय स्टेट बैंक की कटंगा शाखा के खाते से लिंक है। 12-8-26 को उन्हें ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट से कुछ सामान वापस करने का रिफंड मिलना था। दोपहर लगभग 12 बजे उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को कस्टमर सपोर्ट से जुड़ा हुआ बताते हुए कहा कि वह फ्लिपकार्ट का रुका हुआ रिफंड प्रोसेस कराने के लिए फोन कर रहा है।

​सामान्य कॉल पर बातचीत करने के बाद उस व्यक्ति ने सोनम मालवीय को व्हाट्सएप पर कॉल किया। उसने कहा कि रिफंड की प्रक्रिया के तहत वह व्हाट्सएप से सीधे पेटीएम वॉलेट में पैसे ट्रांसफर कर रहा है। इसी बातचीत और प्रक्रिया के दौरान जालसाज ने किसी तकनीकी माध्यम से महिला का पूरा मोबाइल फोन हैक कर लिया। इसके कुछ ही मिनट बाद महिला के पास बैंक से मैसेज आए, जिनसे पता चला कि उनके भारतीय स्टेट बैंक के खाते से 94996 रुपये निकाल लिए गए हैं। जब महिला ने अपने खाते का बैलेंस चेक किया तो उनके होश उड़ गए, क्योंकि खाते से पूरी रकम निकाली जा चुकी थी। अज्ञात व्यक्ति ने छलपूर्वक और धोखाधड़ी करते हुए महिला की यह गाढ़ी कमाई हड़प ली। पीड़िता की रिपोर्ट पर गोरखपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत साइबर अपराध का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से पैसे ट्रांसफर किए गए खातों और इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों की लोकेशन ट्रेस कर रही है।

डुमना से लौट रही युवतियों पर शराब के लिए पैसे न देने पर चाकू से हमला

रास्ता रोककर की मारपीट और बाल खींचे, घमापुर पुलिस ने 4 आरोपियों पर दर्ज किया केस

जबलपुर। शहर के घमापुर थाना क्षेत्र में घूमने के बाद घर लौट रही दो युवतियों को रास्ते में रोककर शराब के लिए पैसे मांगने और इनकार करने पर चाकू व हाथ-मुक्कों से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवतियों के साथ जमकर मारपीट की और पुलिस में जाने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घमापुर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

​घमापुर थाने में 15-8-26 को विदांशी खरे उम्र 23 वर्ष निवासी पीरजी का बगीचा सदर केंट ने उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई। विदांशी ने बताया कि 14-8-26 को दोपहर लगभग 3 बजे वह अपनी सहेली करुणा चौधरी के साथ एक दोस्त की एक्टिवा गाड़ी लेकर डुमना नेचर पार्क घूमने गई थी। शाम लगभग 5:30 बजे जब दोनों सहेलियां डुमना से वापस अपने घर लौट रही थीं, तभी नेहरा कंपनी के पास स्थित मंदिर से थोड़ा आगे पहुंचते ही पीछे से विवेक खरे और दीपा कोरी वहां आ पहुंचे।

​विवेक खरे ने रास्ता रोकते हुए विदांशी से शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगे। जब विदांशी ने पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो विवेक खरे गाली-गलौज करने लगा और उसने हाथ-मुक्कों से विदांशी की आंख के ऊपर और पेट पर जोरदार वार कर चोट पहुंचाई। इसी दौरान साथ खड़ी दीपा कोरी ने विदांशी के बाल पकड़कर बुरी तरह खींचे और मारपीट की। अपनी सहेली को पिटता देख जब करुणा चौधरी बीच-बचाव करने आई, तो विवेक के साथ मौजूद उसके दोस्त विकास चौधरी ने धारदार चाकू निकाल लिया और करुणा पर हमला कर दिया। चाकू के वार से करुणा के बाएं हाथ की कोहनी और सिर में गंभीर चोटें आईं। इसी बीच वहां मौजूद रिया नाम की युवती ने भी करुणा के बाल पकड़कर उसके साथ मारपीट की। जाते समय चारों आरोपियों ने धमकी दी कि यदि इस मामले की रिपोर्ट थाने में की तो जान से खत्म कर देंगे और अपनी गाड़ी पर बैठकर भाग निकले। घमापुर पुलिस ने विदांशी की शिकायत पर आरोपी विवेक खरे, दीपा कोरी, विकास चौधरी और रिया के खिलाफ धारा 296(A), 115(2), 119(1), 351(2) और 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

गोरखपुर में भुट्टा विक्रेता से रंगदारी मांगी, इनकार करने पर डंडे से फोड़ा सिर

ग्रेनेड चौक के पास 1000 रुपये न देने पर हमला, आरोपी पर कई धाराओं में मुकदमा दर्ज

जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र में मेहनत-मजदूरी कर ठेला लगाने वाले एक युवक को रास्ते में रोककर जबरन रुपये मांगने और मना करने पर डंडे से सिर फोड़ देने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुलेआम गाली-गलौज करते हुए जानलेवा हमला किया और धमकी देकर फरार हो गया। घायल युवक की शिकायत पर गोरखपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

​गोरखपुर थाना क्षेत्र के बेन मोहल्ला निवासी 28 वर्षीय अरुण बेन ने 14-8-26 की देर रात थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। अरुण बेन ने बताया कि वह शहर में भुट्टे का ठेला लगाकर अपना और अपने परिवार का जीवन यापन करता है। 14-8-26 की रात लगभग 9:30 बजे वह अपना काम पूरा करके ग्रेनेड चौक से पैदल अपने घर लौट रहा था। जब वह पेट्रोल पंप के ठीक सामने पहुंचा, तभी रास्ते में उसी के इलाके का रहने वाला करन बेन आ धमका और उसका रास्ता रोक लिया।

​करन बेन ने अरुण से जबरन 1000 रुपये की मांग की। जब अरुण ने मेहनत की कमाई देने से मना कर दिया, तो करन भड़क गया और मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देने लगा। जब अरुण ने गालियां देने से मना किया और विरोध जताया, तो करन ने उसे लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया और जमीन पर पटक दिया। इसके बाद आरोपी ने पास में पड़ा एक मजबूत डंडा उठाया और अरुण के सिर पर पूरी ताकत से वार कर दिया। डंडे के हमले से अरुण का सिर फट गया और काफी खून बहने लगा। मारपीट करने के बाद आरोपी ने जाते-जाते धमकी दी कि यदि किसी से शिकायत की तो जान से मार देगा और वहां से भाग निकला। लहूलुहान हालत में पीड़ित ने गोरखपुर थाने पहुंचकर आपबीती बताई। पुलिस ने तत्काल पीड़ित को डॉक्टरी मुलाहिजे के लिए भेजा और आरोपी करन बेन के विरुद्ध धारा 296(A), 115(2), 126(2), 118(1), 119(1) और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया। पुलिस टीम अब आरोपी की धरपकड़ के लिए उसके ठिकानों पर दबिश दे रही है। 

Share This Article
error: This Content is protected !!