औद्योगिक जगत की जरूरतों के अनुरूप हुआ आयोजन

जबलपुर। प्रधानमंत्री काॅलेज आॅफ एक्सीलेंस, शासकीय महाकोशल स्वशासी महाविद्यालय जबलपुर के प्रांगण में एक दिवसीय युवा संगम रोजगार एवं स्वरोजगार जिला स्तरीय वृहद कॅरियर अवसर मेले का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन योजना एवं जिला रोजगार कार्यालय जबलपुर के संयुक्त प्रयासों से संपन्न हुआ। केंट विधानसभा विधायक अशोक रोहाणी ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डाॅ. अलकेश चतुर्वेदी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में रिंकु ब्रिज और रत्नेश सोनकर मौजूद रहे। इसके अलावा जनभागीदारी समिति अध्यक्ष आशीष राव, श्याम कनौजिया, उप संचालक जिला रोजगार एम.एस. मरकाम तथा अंकित फ्रासिंस ने युवाओं का उत्साहवर्धन किया। मेले में कुल 960 युवाओं ने पंजीकरण कराया।
मेले में युवाओं को मिले रोजगार के नए अवसर
आयोजन के दौरान 16 नामी कंपनियों ने साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी की, जिसमें से 512 युवाओं का चयन प्लेसमेंट के प्रथम चरण में किया गया है। एसबीआई लाइफ ने 2 युवाओं को मौके पर ही जाॅब आॅफर लेटर प्रदान किए। रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य युवाओं को कॅरियर की स्पष्ट दिशा देना और उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना था। मुख्य अतिथि अशोक रोहाणी ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन उनके भविष्य को संवारने में मील का पत्थर साबित होते हैं। प्राचार्य डाॅ. अलकेश चतुर्वेदी ने कहा कि यह मंच युवाओं को एक ही स्थान पर रोजगार और स्वरोजगार की असीमित संभावनाओं से रूबरू कराता है।
उद्यमिता विकास के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल
मेला संयोजक प्रो. अरुण शुक्ल ने जानकारी दी कि विद्यार्थियों को औद्योगिक जगत की मांग के अनुरूप तैयार करने के लिए विशेष प्रयास किए गए। इस दौरान जिला व्यापार केंद्र, श्रम विभाग और नेशनल कॅरियर सर्विस सेंटर के स्टॉल लगाकर युवाओं को उद्यमिता के गुर सिखाए गए। डाॅ. जागेश्वर प्रजापति ने मंच का सफल संचालन किया। कार्यक्रम के अंत में एम.एस. मरकाम ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डाॅ. ए.सी. तिवारी, डाॅ. ज्योति जुनगरे, डाॅ. महेन्द्र कुमार कुशवाहा, डाॅ. मोनिका मसीह, डाॅ. स्वाति मिश्रा, डाॅ. मीनाक्षी मेरावी, डाॅ. नीलिमा, लल्लाबाई लोधी, डाॅ. तरूणेन्द्र साकेत एवं डाॅ. शैलेन्द्र भवदिया मौजूद थे।
