
जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र के नालबंद मोहल्ला निवासी अफताब अली ने अपने भांजे इरफान अली की सुरक्षा के लिए प्रशासन से गुहार लगाई है। अफताब अली ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि चार खम्बा नसीमाबाद निवासी मोहम्मद ऐजाज ने नौकरी का झांसा देकर धोखाधड़ी की है। ऐजाज ने 1,40,000 रुपये लेकर इरफान को मजदूरी के लिए 22 जनवरी 2026 को दुबई भेजा था। अप्रैल महीने में कंपनी द्वारा काम से निकाले जाने और वीजा अवधि समाप्त होने के बाद से एजेंट मोहम्मद ऐजाज लगातार टालमटोल कर रहा है। अब इरफान का परिजनों से संपर्क पूरी तरह टूट चुका है और उसे किसी अज्ञात स्थान पर बंधक बनाए जाने की आशंका है। परिवार को अंदेशा है कि एजेंट ने दुबई में अपने साथियों के जरिए इरफान की जान को खतरे में डाल दिया है।
एजेंट ने दुबई में युवक को बंधक बनाया
अफताब अली ने पुलिस को बताया कि मोहम्मद ऐजाज ने दुबई में अपने स्थानीय एजेंट को फोन पर इरफान का पासपोर्ट फाड़ने और उसे जान से खत्म करने के निर्देश दिए हैं। एजेंट की ओर से मिल रही इन धमकियों के कारण पूरा परिवार सदमे में है और इरफान की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है। पीड़ित मामा ने हनुमानताल पुलिस से मांग की है कि मोहम्मद ऐजाज के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाए। परिवार का आरोप है कि बड़ी रकम वसूलने के बाद एजेंट ने न केवल इरफान को मझधार में छोड़ा, बल्कि अब उसकी जान लेने पर उतारू है। स्थानीय प्रशासन से अब युवक की सकुशल वापसी के लिए जल्द से जल्द राजनयिक स्तर पर प्रयास करने की मांग की जा रही है, ताकि दुबई में फंसे युवक को सुरक्षित बचाया जा सके।
