
जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बने फ्लाईओवर पर देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा घटित हुआ। मदन महल निवासी प्रमोद दास अपनी होंडा स्कूटर क्रमांक MP 20 SP 5066 पर सवार होकर जा रहे थे। अचानक अनियंत्रित होकर वे रेलिंग पार करते हुए ब्रिज से सीधे नीचे सड़क पर आ गिरे, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। मृतक पिछले 15-20 वर्षों से करोंदा नाला बायपास स्थित शराब दुकान में कार्यरत थे। सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू की। देर रात घटित इस खौफनाक वाकये से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
कॉल उठते ही परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक के बड़े भाई प्रदीप कुमार दास के अनुसार रात लगभग 1 बजे जब प्रमोद घर नहीं पहुंचे, तो उन्हें फोन लगाया गया। उस समय कॉल रिसीव नहीं हुआ, जिससे परिजनों ने सोचा कि वे वाहन चला रहे होंगे। इसके लगभग 10-15 मिनट बाद जब भतीजे ने दोबारा संपर्क साधा, तब वहां मौजूद राहगीरों और पुलिसकर्मियों ने फोन उठाकर इस अनहोनी की जानकारी दी।
टक्कर के बाद बिखर गए वाहन के परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि युवक का वाहन से नियंत्रण पूरी तरह छूट गया था। जमीन पर गिरते ही उसने दम तोड़ दिया और दुर्घटनाग्रस्त स्कूटर के पुर्जे सड़क पर बिखर गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना के सभी तकनीकी व परिस्थितिजन्य कारणों की जांच शुरू कर दी है।
