जनता बूंद-बूंद को तरस रही,अफसर अपनी कामयाबी का ढोल पीट रहे

Newzo
Newzo - News Editor 45 Views
4 Min Read

बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर भानतलैया में कांग्रेस विधायक व पार्षद दल का बड़ा प्रदर्शन,मटका भेंट किया

जबलपुर। भानतलैया नगर निगम जोन कार्यालय के अंतर्गत आने वाले कई वार्डों में गहराते जल संकट और लचर सफाई व्यवस्था के विरोध में कांग्रेस पार्षद दल ने शनिवार को उग्र प्रदर्शन किया। पूर्व क्षेत्र के विधायक लखन घनघोरिया, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कदीर सोनी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित पार्षदों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस कार्यक्रम का संयोजन पूर्व एमआईसी सदस्य गुलाम हुसैन द्वारा किया गया था। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम के संभागायुक्त को प्रतीकात्मक रूप से मिट्टी का मटका भेंट कर क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं की ओर उनका ध्यान आकर्षित किया और शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

​वार्डों में पानी की किल्लत,मूलभूत सुविधाओं का अभाव

​भानतलैया जोन के अंतर्गत आने वाले टक्कर ग्राम वार्ड, शास्त्री वार्ड, अशफाक उल्लाह वार्ड, मौलाना आजाद वार्ड, राधाकृष्णन वार्ड और संजय गांधी वार्ड के निवासी पिछले काफी समय से पानी की समस्या और अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इन क्षेत्रों में विकास कार्य पूरी तरह से ठप पड़े हैं और जनता बुनियादी जरूरतों के लिए तरस रही है। नगर निगम प्रशासन को क्षेत्र की इन गंभीर समस्याओं से अवगत कराने और जनता की आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से ही इस विशाल घेराव प्रदर्शन का आयोजन किया गया।

​ कॉंग्रेस ने संभागायुक्त को सौंपा ज्ञापन

​प्रदर्शन के समापन पर कांग्रेस पार्षद दल ने नगर निगम के संभागायुक्त को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा, जिसमें क्षेत्र की प्रमुख मांगों को शामिल किया गया। ज्ञापन में मंडी मदार टेकरी कब्रिस्तान में निर्माणाधीन पानी की टंकी का कार्य शीघ्र पूरा करने, मोतीनाला, मंडी कब्रिस्तान नाला और खूनी नाला की बरसात से पूर्व सफाई कराने, तथा अमृत जल योजना 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत पानी की नई टंकी का निर्माण जल्द से जल्द शुरू करने की मांग की गई। इसके अलावा वार्डों में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन गाड़ियों की संख्या बढ़ाने, स्ट्रीट लाइट सुधारने और आसन्न त्योहार के मद्देनजर विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।

​नई पाइपलाइन बिछाने के लिए त्वरित कार्रवाई पर जोर

​कांग्रेस नेताओं ने क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बोहरबाग चौराहे का चौड़ीकरण करने और वहां नए ट्रैफिक सिग्नल लगाने की आवश्यकता पर बल दिया। ज्ञापन में टक्कर ग्राम वार्ड के अंतर्गत नूरानी गेट से दादा मियां 2 नंबर गेट तक 8 इंच की पाइपलाइन बिछाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इसके साथ ही प्रत्येक वार्ड में कम से कम 3 नए बोरवेल कराने, टक्कर ग्राम और शास्त्री वार्ड के बीच खूनी नाला निर्माण कार्य तुरंत शुरू करने, तथा कब्रिस्तान और सिंधी कैंप के बीच स्थित नाले को रैम बनाकर पूर्ण करने की बात कही गई ताकि जलभराव की स्थिति से निपटा जा सके।

​उग्र आंदोलन की चेतावनी

​पूर्व एमआईसी सदस्य गुलाम हुसैन ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम प्रशासन ने इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया, तो आने वाले समय में इस आंदोलन को और अधिक व्यापक और उग्र रूप दिया जाएगा। इस घेराव प्रदर्शन के दौरान स्थानीय जनता के साथ-साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें गुड्डू नबी, याकूब अंसारी, ताहिर अली, संजय अहिरवार, राजू लाइक, अमीन कुरैशी, राजेश दीवान, अदनान अंसारी, ओवैस अंसारी, अशरफ मंसूरी, सफीक अंसारी, हामिद मंसूरी, आसिफ इकबाल, तौफीक चंकी, गुलाम जिलानी और ज्ञानी चौधरी मुख्य रूप से शामिल थे।

Share This Article
error: This Content is protected !!