विश्व हिंदू परिषद में कार्रवाई का हंटर,संगठन के तीन नेताओं की कटी पतंग, दायित्वों हुए से बेदखल

Newzo
Newzo - News Editor 12 Views
3 Min Read

जबलपुर। कटनी में 8 और 9 अगस्त को आयोजित 2 दिवसीय प्रांतीय बैठक में विश्व हिंदू परिषद महाकौशल प्रांत ने कठोर कदम उठाया है। अधिकारियों पर दबाव बनाने और जमीन विवादों में नाम आने की शिकायतों के बाद जबलपुर के 3 पदाधिकारियों पंकज श्रीवात्री, सुमित ठाकुर तथा विराट ठाकुर को दायित्वों से मुक्त कर सामान्य कार्यकर्ता बना दिया गया। पंकज श्रीवात्री प्रांत संपर्क प्रमुख, सुमित ठाकुर विभाग संयोजक व प्रांत सुरक्षा प्रमुख और विराट ठाकुर जिला बल उपासना प्रमुख के पद पर तैनात थे। इस दौरान जबलपुर के सह सेवा प्रमुख यतीन्द्र उपाध्याय को पदोन्नत कर प्रांत सेवा प्रमुख बनाया गया। केंद्रीय मंत्री अजय पारिख, केंद्रीय सह संगठन मंत्री विनायक राव और प्रांत मंत्री उमेश मिश्रा की मौजूदगी में यह निर्णय लिया गया।

पद के दुरुपयोग पर संगठन का कड़ा रुख

​संगठन के उच्च स्तर पर जबलपुर क्षेत्र के पदाधिकारियों की कार्यशैली को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। सरकारी अधिकारियों ने शीर्ष नेतृत्व को लिखित और मौखिक रूप से सूचित किया था कि कुछ लोग प्रभाव का उपयोग कर अनैतिक दबाव बना रहे हैं। इसके साथ ही निजी जमीन विवादों में संगठन के नाम के दुरुपयोग की बातें सामने आई थीं। प्रांतीय टोली तक पहुंची इन शिकायतों की गहन जांच के बाद केंद्रीय और प्रांतीय नेतृत्व ने फैसला लिया। संगठन की गरिमा और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से 3 पदाधिकारियों से दायित्व तत्काल प्रभाव से वापस ले लिए गए। अब यह पदमुक्त कार्यकर्ता केवल साधारण सदस्य के रूप में काम करेंगे। हटाए गए 3 पदों पर फिलहाल कोई नई नियुक्ति नहीं की गई है। नेतृत्व का मानना है कि रिक्त पदों पर योग्य कार्यकर्ताओं की तलाश के बाद आगामी समय में घोषणा की जाएगी।

कुटुंब प्रबोधन और सामाजिक समरसता पर बल

​कटनी के 2 दिवसीय मंथन शिविर में वैचारिक और सामाजिक विषयों पर विशेष सत्र आयोजित हुए। केंद्रीय मंत्री अजय पारिख ने कुटुंब प्रबोधन विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में परिवार व्यवस्था को मजबूत बनाना और समाज में पारिवारिक मूल्यों व संस्कारों को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है। वहीं केंद्रीय सह संगठन मंत्री विनायक राव ने सामाजिक समरसता विषय पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने समाज में आपसी सद्भाव, सामाजिक एकता को मजबूत करने और सभी वर्गों को साथ लेकर कार्य करने पर जोर दिया। बैठक के अंतिम चरण में प्रांतीय और जिला स्तर के कार्यकर्ताओं ने दिवंगत नेता अशोक सिंहल के जन्मशती वर्ष पर प्रस्तावित कार्यक्रमों को भव्य बनाने और संगठन का विस्तार करने का संकल्प लिया।

Share This Article
error: This Content is protected !!