अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीणों में भारी नाराजगी

डिंडौरी। जिले के जोगी टिकरिया गांव के निवासी शुक्रवार रात को बिजली कटौती से परेशान होकर जिला मुख्यालय स्थित विद्युत विभाग के दफ्तर पहुंच गए। बड़ी संख्या में महिला और पुरुषों ने वहां पहुंचकर बिजली व्यवस्था के खिलाफ जोरदार हंगामा किया और अपना आक्रोश व्यक्त किया। ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों को अपनी समस्या बताते हुए नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। जोगी टिकरिया गांव के ग्रामीण राजा और प्रमोद नाथ ने बताया कि बिना किसी पूर्व सूचना के बार-बार बिजली काटी जा रही है। इसका कोई निश्चित समय नहीं होने से दैनिक जीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। गांव में बिजली न होने के कारण पेयजल आपूर्ति भी गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। बारिश के मौसम में बिजली गुल होने से लोगों का जीना दुभर हो गया है।
अघोषित कटौती से ग्रामीण जनजीवन पर गहरा असर
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बिजली कटौती से उनके घरों और काम-काज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। पानी की समस्या बढ़ने के साथ ही रात के समय अंधेरे के कारण असुरक्षा का माहौल भी बना रहता है। बारिश के बीच बिजली गायब होने से छोटे बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हो रहे हैं। गांव के लोगों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
फॉल्ट ठीक करने में जुटी विभाग की टीमें
विद्युत विभाग के अनुसार, मौजूदा समय में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से कई स्थानों पर पेड़ बिजली लाइनों पर गिर गए हैं। इस वजह से तकनीकी खामियां और फॉल्ट आ रहे हैं, जिससे आपूर्ति में बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि विभाग की मैदानी टीमें 24 घंटे इन लाइनों को दुरुस्त करने के काम में जुटी हुई हैं ताकि बिजली व्यवस्था को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके। विभाग का कहना है कि प्राकृतिक आपदा के कारण आपूर्ति में दिक्कत आ रही है और इसे प्राथमिकता पर सुधारा जा रहा है।
