एसपी ऑफिस पहुँचकर पीड़िता ने लगायी इंसाफ की गुहार

जबलपुर। मझौली थाना क्षेत्र में जमीन विवाद के चलते एक अत्यंत क्रूर और हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ पारिवारिक रंजिश में एक गर्भवती महिला ज्योति को उसके ही रिश्तेदारों द्वारा बेरहमी से निशाना बनाया गया। आरोप है कि मामूली विवाद के बाद मामी और उनके बेटे दुर्गेश साहू ने गर्भवती ज्योति के साथ सरेआम मारपीट की। इसी दौरान आरोपी दुर्गेश ने महिला के पेट पर लात मार दी, जिससे गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में आक्रोश है। पीड़ित महिला ने पति अतुल साहू के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।
जमीनी रंजिश बनी मासूम के जान की दुश्मन
मझौली में रहने वाले अतुल साहू ने बताया कि उनके परिवार का मामा के परिवार के साथ काफी समय से जमीन को लेकर झगड़ा चल रहा था। विवाद के दौरान धक्का-मुक्की हुई जिसमें मामा को चोट लग गई और अतुल उन्हें उपचार के लिए जबलपुर ले आया। इसी बीच अतुल को पत्नी ज्योति का फोन आया कि मामी और उनका बेटा दुर्गेश उसे घर से बाहर खींचकर बुरी तरह पीट रहे हैं। अतुल के घर पहुँचने पर उसने अपनी पत्नी को जमीन पर तड़पते हुए पाया। ज्योति ने रोते हुए बताया कि दुर्गेश ने उसके पेट में जानबूझकर लात मारी है। स्थानीय लोगों की मदद से ज्योति को तुरंत शासकीय अस्पताल और फिर गंभीर हालत देखते हुए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ चिकित्सकों ने गर्भस्थ शिशु को मृत घोषित कर दिया।
घायल अवस्था में न्याय की गुहार लगाई
अस्पताल में उपचार के बाद ज्योति की स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ तो वह अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँची। यहाँ उसने एएसपी को लिखित शिकायत देते हुए पूरी घटना का ब्यौरा दिया। पीड़िता का कहना है कि जमीनी विवाद में रंजिश निकालते हुए आरोपी ने उसके मातृत्व का गला घोंट दिया। पुलिस अधिकारियों ने मामले की बारीकी से जाँच करने के लिए स्थानीय थाना प्रभारी को निर्देश दिए हैं। मामले में मेडिकल रिपोर्ट और साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है ताकि दोषियों को जल्द से जल्द जेल भेजा जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम के हर पहलू की तफ्तीश में जुटी है।
