बिजली कम्पनी ने चलाया कुर्सी छोड़ो अभियान: अफसरों का हुआ तबादला

Newzo
Newzo - News Editor 77 Views
2 Min Read

जबलपुर। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड ने प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यालय जबलपुर से जारी आदेश के तहत लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे हुए चार वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है। इन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे लंबे समय से अटके हुए कार्य अब गति पकड़ेंगे। फेरबदल में उमाशंकर पाराशर, शिवेन्द्र सिंह बघेल, हितेश शर्मा और इमरान खान को नई पदस्थापना दी गई है। जारी सूची के अनुसार उमाशंकर पाराशर को अनूपपुर से हटाकर मण्डला का अधीक्षण अभियंता बनाया गया है। वहीं शिवेन्द्र सिंह बघेल को सीधी में कार्यपालन अभियंता से पदोन्नत करते हुए अधीक्षण अभियंता वृत्त सीधी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा हितेश शर्मा को चौरई से हटाकर महाप्रबंधक कार्यालय जबलपुर में पदस्थ किया गया है, जबकि इमरान खान को सागर से स्थानांतरित कर अनूपपुर का अधीक्षण अभियंता नियुक्त किया गया है।

​ट्रांसफर ऑर्डर ने चौंका दिया सबको

​कंपनी प्रबंधन ने इस कार्रवाई को पूरी तरह से प्रशासनिक आवश्यकता बताया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इन अधिकारियों को कंपनी की अधिकार प्रत्यायोजन पुस्तिका क्रमांक 9838 दिनांक 24.01.2013 एवं संशोधित नियमों के तहत उच्च पद की शक्तियां प्रदान की गई हैं, जिससे वे अपने कार्यक्षेत्र में पदनाम और पदमुद्रा का उपयोग कर सकेंगे। कई अधिकारी जो बरसों से एक ही सीट पर जमे थे और खुद को स्थानांतरण से सुरक्षित मान रहे थे, उन्हें भी अब नई जिम्मेदारी संभालने को मजबूर होना पड़ा है। प्रबंधन का मानना है कि इस बदलाव से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी और लंबे समय से लंबित बिजली वितरण संबंधी कार्यों में तेजी आएगी। किसी भी प्रकार की वरिष्ठता या वित्तीय लाभ को प्रभावित किए बिना केवल प्रशासनिक सुधार के लिए यह व्यापक फेरबदल किया गया है।

Share This Article
error: This Content is protected !!