
जबलपुर। राजधानी भोपाल के सबसे सुरक्षित और हाई-प्रोफाइल माने जाने वाले वीवीआईपी क्षेत्र ‘चार इमली’ में बेखौफ बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। जबलपुर जिले की पाटन विधानसभा सीट से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई के सरकारी बंगले (D-11/03) में दोपहर करीब 1:30 बजे अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने सूने मकान के मुख्य द्वार का ताला तोड़ा और कमरे के कुंडे उखाड़कर अंदर से पीतल के महंगे नल, सैनिटरी फिटिंग्स, कॉपर वायरिंग, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य कीमती सामान पार कर दिया।
स्पेशल डीजी के आवास के ठीक सामने दुस्साहस
यह घटना सुरक्षा घेरे पर गंभीर सवाल खड़े करती है, क्योंकि विधायक का बंगला मध्य प्रदेश पुलिस के स्पेशल डीजी अजय शर्मा के सरकारी निवास के बिल्कुल सामने स्थित है। दोपहर के समय आसपास सुरक्षाकर्मी तैनात होने के बावजूद बदमाशों ने बेखौफ होकर तोड़फोड़ की और आसानी से सामान समेटकर रफूचक्कर हो गए।
रविवार को भोपाल पहुंचने पर हुआ खुलासा
विधायक अजय विश्नोई अधिकांश समय पाटन में रहते हैं और भोपाल स्थित इस बंगले में महीने में केवल 3 से 4 दिन ही प्रवास करते हैं। रविवार को जब वे भोपाल पहुंचे, तो मुख्य द्वार और कमरों के ताले टूटे मिले और अंदर का सामान बिखरा हुआ था।
विधानसभा सचिवालय को सूचना, हबीबगंज थाने में FIR
वारदात का पता चलते ही विधायक ने तत्काल इसकी सूचना मध्य प्रदेश विधानसभा सचिवालय को दी। इसके बाद हबीबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाए हैं और अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
