सुर, लय और अभिनय के दर्पण में निखरी गोंडवाना की वीर रानी की अमर कीर्ति

Newzo
Newzo - News Editor 7 Views
3 Min Read

जबलपुर। नाट्य लोक सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था द्वारा गोलबाजार स्थित शहीद स्मारक प्रेक्षागृह में आयोजित दुर्गावती गौरव गाथा का मंचन बेहद भव्य रहा। इस ऐतिहासिक प्रस्तुति का कुशल निर्देशन दविन्दर सिंह ग्रोवर ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन अग्रवाल, शरद भाई पालन, डॉ. अभिजात कृष्ण त्रिपाठी तथा उदय परांजपे ने दीप प्रज्वलन कर किया। उद्घाटन सत्र में अतिथियों ने वीरांगना के त्याग को नमन किया। इस प्रस्तुति का मुख्य उद्देश्य आमजन को रानी के जन्म से लेकर अंतिम बलिदान तक के जीवन से परिचित कराना रहा। रंगमंच पर इस अमर गाथा को गद्य और पद्य के सुंदर मेल वाली चंपू शैली तथा लोक परंपराओं के साथ नए कलेवर में पेश किया गया।

लोकनृत्य और रणनाद से जीवंत हुआ ऐतिहासिक संघर्ष

​मंच पर रानी दुर्गावती द्वारा मुगल सेनाओं का डटकर मुकाबला करने और उन्हें पीछे धकेलने के युद्ध प्रसंगों को कलाकारों ने बेहद सशक्त तरीके से उभारा। सीमित सैन्य साधनों के बावजूद उनकी रणनीतिक सूझबूझ, अदम्य नेतृत्व और मातृभूमि की रक्षा के संकल्प को जीवंत किया गया। इन दृश्यों के प्रभाव को बढ़ाने के लिए सैला, मूसल, करमा, डंडा और चाटकोला जैसे पारंपरिक नृत्यों का सुंदर प्रयोग हुआ, जिसका नृत्य निर्देशन स्वयं दविन्दर सिंह ग्रोवर ने किया। मंच पर गाथा वाचन और मुख्य अभिनय का दायित्व वरिष्ठ रंगकर्मी विनय शर्मा, दविन्दर सिंह ग्रोवर तथा विकी तिवारी ने बखूबी निभाया।

कलाकारों के सुर और ताल ने मोहा मन

​इस पूरी नाट्य गाथा को संगीतमय बनाने का कार्य संजय पांडे और मुस्कान धोपे सोनी के संगीत निर्देशन में हुआ। गायन दल में शामिल मानसी सोनी, समीर सराठे, चेतना बेन, भावना विश्वकर्मा, अदिति पटेल, सुदामा चौधरी और कृष नामदेव के सुरीले स्वरों ने समां बांधा। वहीं नृत्य दल में प्रेमराज विश्वकर्मा, पराग तेलंग, देवेंद्र झरिया, शंकर भूमिया, दीपाली ठाकुर, हंसिका मिश्रा, भूमिका झरिया एवं श्री गुप्ता ने ऊर्जावान प्रस्तुतियां दीं। इस आयोजन की सफलता में श्री जानकी रमन महाविद्यालय सहित राज सगरी, अभिमन्यु जैन, सुरेश मिश्र विचित्र, राजेश दुबे, इंद्र पांडे, रविंद्र मुरहार, संजय गर्ग और राकेश कुरेले का सराहनीय योगदान रहा।

Share This Article
error: This Content is protected !!