
जबलपुर। जबलपुर के ऐतिहासिक शास्त्री ब्रिज का अब भव्य कायाकल्प होने जा रहा है। 68 साल पुराने इस ऐतिहासिक पुल को हटाकर आधुनिक तकनीक से नया फोर-लेन ब्रिज बनाने की तैयारी पूरी हो चुकी है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की रूपरेखा तैयार करने के लिए पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने देश के शीर्ष तकनीकी संस्थानों के विशेषज्ञों के साथ पुल का गहन निरीक्षण किया। इस टीम में आईआईटी रुड़की के मोहित वर्मा, आईआईटी गुवाहाटी के श्रीनिवास, सीआरआरआई दिल्ली की चीफ साइंटिस्ट कविता रविंदर, वैज्ञानिक दिनेश यादव, वैज्ञानिक गणेश कुमार, पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर ब्रिज गोपाल सिंह और नेशनल हाईवे के चीफ इंजीनियर बोरासी उपस्थित रहे। मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि यह पुल जबलपुर के नागरिकों की सुरक्षा और सुखद सफर के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
आधुनिक एकल स्तंभ तकनीक से बनेगा नया पुल
नया शास्त्री ब्रिज अत्याधुनिक सिंगल पियर यानी एकल स्तंभ तकनीक पर आधारित होगा। इस तकनीक की सबसे बड़ी खासियत यह है कि पुल के नीचे पिलरों की संख्या बेहद कम होगी, जिससे नीचे की सड़क पर यातायात के लिए पर्याप्त स्थान मिल सकेगा। वर्तमान में पुराना पुल अपनी उम्र पूरी कर चुका है, जिसके कारण आए दिन ट्रैफिक जाम की समस्या नागरिकों को परेशान करती है। नए फोर-लेन ब्रिज के निर्माण से यातायात का यह संकट हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगा। विशेषज्ञों की टीम ने ब्रिज की संरचना और मजबूती के हर पहलू को परखा है। विभाग ने इस बड़े प्रोजेक्ट के लिए सभी आवश्यक कागजी औपचारिकताएं तेजी से शुरू कर दी हैं, ताकि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया के जरिए निर्माण कार्य धरातल पर नजर आए।
सुविधाओं से लैस बनेगा शहर का नया प्रतीक
नया शास्त्री ब्रिज केवल एक पुल नहीं, बल्कि जबलपुर की नई शान और आधुनिक पहचान बनेगा। इस फोर-लेन ब्रिज पर आकर्षक और सुंदर डेकोरेटिव लाइटिंग की जाएगी, जो रात के समय शहर की खूबसूरती में चार चांद लगा देगी। भविष्य की जरूरतों को समझते हुए इस प्रोजेक्ट में सभी यूटिलिटी लाइन्स के लिए आधुनिक डक्ट्स की व्यवस्था रहेगी, जिससे भविष्य में केबल या पाइपलाइन के लिए पुल की खुदाई नहीं करनी पड़ेगी। मंत्री राकेश सिंह का कहना है कि यह विकास कार्य शहर के भविष्य को सुरक्षित और सुगम बनाएगा। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से जबलपुर के नागरिकों को यातायात से जुड़ी पुरानी परेशानियों से मुक्ति मिलेगी और शहर विकास की एक नई और शानदार दौड़ में आगे बढ़ेगा।
