पावर जनरेटिंग कंपनी में प्रमोशन की बहार,1417 की खुली लॉटरी

Newzo
Newzo - News Editor 117 Views
3 Min Read

जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड के 1417 नियमित अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए वर्षों का इंतजार खत्म हो गया है। राज्य शासन की पदोन्नति नीति 2025 और सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों के तहत कंपनी प्रबंधन ने प्रथम से लेकर चतुर्थ श्रेणी तक के कार्मिकों के प्रमोशन आदेश जारी कर दिए हैं। जबलपुर मुख्यालय से जारी इस फैसले के बाद प्रदेश भर के ताप और जल विद्युत गृहों में उत्साह का वातावरण है। कंपनी के मानव संसाधन और प्रशासन विभाग ने वरिष्ठता और योग्यता के आधार पर इस पूरी प्रक्रिया को संपन्न किया है। इस ऐतिहासिक निर्णय से एक तरफ जहां अनुभवी कर्मचारियों का मनोबल बढ़ा है, वहीं दूसरी तरफ रिक्त पदों पर नई भर्तियों का रास्ता भी साफ हो गया है, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

​सालों से अटके पदोन्नति के रास्ते हुए साफ

​कंपनी की ओर से जारी आधिकारिक सूची के अनुसार कुल 1417 कार्मिकों को पदोन्नति का लाभ मिला है। इसमें 71 प्रथम श्रेणी, 336 द्वितीय श्रेणी, 948 तृतीय श्रेणी और 62 चतुर्थ श्रेणी के अधिकारी व कर्मचारी शामिल हैं। पदोन्नति पाने वाले कार्मिकों में तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों विभागों के लोग हैं। प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने इस उपलब्धि को कर्मचारियों की वर्षों की निष्ठा और मेहनत का प्रतिफल बताया है। निदेशक तकनीकी सुबोध निगम और निदेशक वाणिज्य मिलिंद भांदक्कर ने कहा कि शासन की इस कर्मचारी हितैषी नीति से कंपनी में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन और प्रशासन दीपक कश्यप ने स्पष्ट किया कि सेवा अभिलेखों और पात्रता के गहन परीक्षण के बाद ही यह निर्णय लिया गया है।

​प्रमोशन के साथ बढ़ीं जिम्मेदारी

​कंपनी की विकास यात्रा का जिक्र करें तो बीते एक दशक में उत्पादन दक्षता में भारी उछाल आया है। वित्तीय वर्ष 2016-17 में बिजली उत्पादन 14.47 बिलियन यूनिट था, जो 2025-26 में बढ़कर 26.58 बिलियन यूनिट तक पहुंच गया है। इसी तरह 100 दिनों से अधिक लगातार चलने वाली इकाइयों की संख्या भी 2 से बढ़कर 13 हो गई है। यह उपलब्धि कर्मचारियों के कठिन परिश्रम का परिणाम है। कंपनी प्रशासन का मानना है कि पदोन्नति के साथ ही अब इन कार्मिकों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। अब उन्हें नए कर्मचारियों का मार्गदर्शन करते हुए कंपनी को और अधिक ऊंचाई पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध रहना होगा। यह निर्णय कंपनी की कार्य संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

Share This Article
error: This Content is protected !!