
डिंडौरी। बजाग विकासखंड में वर्ष 2023 से कार्यरत नवनियुक्त प्राथमिक शिक्षकों को तीन वर्ष की परिवीक्षा अवधि सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद भी नियमानुसार 100 प्रतिशत वेतन नहीं मिल पा रहा है। इस विसंगति और लंबे समय से बकाया मकान किराया भत्ता के भुगतान की मांग को लेकर पीड़ित शिक्षकों ने राकेश नारनोरे के नेतृत्व में गुरुवार को सहायक आयुक्त राजेंद्र कुमार जाटव से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों का कहना है कि जिले के अन्य विकासखंडों में उनके साथियों को पूर्ण वेतन का लाभ मिल रहा है, जबकि बजाग विकासखंड के शिक्षक प्रशासनिक उदासीनता के कारण इससे वंचित हैं। सहायक आयुक्त राजेंद्र कुमार जाटव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी अमोल मरावी को समस्या के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए हैं।
बजाग विकासखंड के शिक्षकों को अब तक मिल रहा केवल 90 प्रतिशत वेतन
प्राथमिक शिक्षकों की नियुक्ति के बाद शासन के तय नियमों के मुताबिक पहले वर्ष 70 प्रतिशत, दूसरे वर्ष 80 प्रतिशत और तीसरे वर्ष 90 प्रतिशत राशि का भुगतान किया गया था। नियमानुसार तीन साल की यह अवधि पूरी होते ही शिक्षकों को 100 प्रतिशत वेतन मिलना अनिवार्य है, लेकिन बजाग विकासखंड में कागजी औपचारिकताएं अटकने से शिक्षकों को आज भी 90 प्रतिशत राशि से ही संतोष करना पड़ रहा है। जिले के बाकी हिस्सों में यह व्यवस्था सुचारू रूप से लागू हो चुकी है, जिससे यहां के शिक्षकों में भेदभाव को लेकर असंतोष गहरा गया है।
पिछले दो वित्तीय वर्षों का मकान किराया भत्ता भी लंबे समय से बकाया
वेतन विसंगति के साथ-साथ शिक्षकों को मिलने वाला मकान किराया भत्ता भी पिछले कई महीनों से अटका हुआ है। शिक्षकों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के जून और जुलाई 2024 का भत्ता उन्हें नहीं मिला है। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2025-26 के अक्टूबर, नवंबर 2025 और फरवरी 2026 का मकान किराया भत्ता भी विभागीय लापरवाही की वजह से लंबित है। पूर्व में कई बार लिखित आवेदन देने के बाद भी इस राशि का भुगतान खातों में नहीं किया गया है।
हर महीने की 1 तारीख को नियमित वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग
शिक्षकों ने सहायक आयुक्त को सौंपे पत्र में मांग की है कि शासन के स्पष्ट दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए प्रत्येक माह की 1 तारीख को उनके वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही परिवीक्षा अवधि समाप्ति की तारीख से 100 प्रतिशत वेतनमान लागू कर एरियर की राशि दी जाए और लंबित भत्तों का एकमुश्त भुगतान हो। सहायक आयुक्त ने शिक्षकों को आश्वस्त किया है कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी से समन्वय बनाकर इस पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जल्द ही सभी देयकों का भुगतान कर दिया जाएगा।
