
जबलपुर। उमरिया डुंगरिया औद्योगिक क्षेत्र में बिजली बिल नहीं चुकाने वाले बकायेदारों पर शिकंजा कसते हुए मानेगांव वितरण केंद्र की टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। अभियान के दौरान 2 बड़े औद्योगिक उपभोक्ताओं के परिसर में रखे भारी-भरकम ट्रांसफार्मर को ही विभाग ने उखड़वाकर अपने कब्जे में ले लिया, जिससे अन्य डिफॉल्टरों में हड़कंप मच गया। इसके अलावा नोटिस के बाद भी भुगतान से बचने वाले 30 से अधिक उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए। इस पूरी कार्रवाई को सफल बनाने के लिए सहायक अभियंता श्रद्धा सोनी के साथ मुकेश विश्वकर्मा, नीरज तिवारी और प्रवीण पटेल के नेतृत्व में संयुक्त अमले ने सघन चेकिंग अभियान चलाया, जिससे बकायादारों में हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई है।
बिजली विभाग की कार्रवाई से हड़कंप
विभाग के इस सख्त कदम से उन लोगों में खौफ है जो लंबे समय से अपने बकाये का भुगतान करने से बच रहे थे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की छापामार कार्रवाई बिना किसी छूट के लगातार जारी रखी जाएगी ताकि राजस्व वसूली समय पर हो सके। मौके पर हुई इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से पूरे इलाके के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बिजली चोरी और बिल बकाया रोकने को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
