इधर स्पा सेंटर्स में पुलिस ने दी दबिश उधर आने लगे नेताओं के फोन!

Newzo
Newzo - News Editor 109 Views
4 Min Read

शहर के अवैध स्पा सेंटरों पर पुलिस और निगम का छापा,टीम ने जब्त किए अहम दस्तावेज

जबलपुर। बुधवार की शाम शहर में अवैध रूप से संचालित हो रहे स्पा सेंटरों और कैफेटेरिया पर पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने अचानक बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के सख्त निर्देशों पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल के नेतृत्व में यह सघन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस और निगम की टीमों ने एक साथ नेपियर टाउन, राइट टाउन, इनकम टैक्स चौराहा और गोहलपुर क्षेत्र में दबिश दी। इस अप्रत्याशित कार्रवाई से स्पा संचालकों में भारी हड़कंप मच गया। मौके से कई युवक और युवतियां संदिग्ध अवस्था में मिले हैं। पुलिस को लंबे समय से इन सेंटरों की आड़ में अनैतिक गतिविधियों, देह व्यापार और पैसे लेकर नशे का कारोबार चलने की पुख्ता शिकायतें मिल रही थीं। इसी मुखबिर तंत्र की सूचना को आधार बनाते हुए पुलिस और नगर निगम के अमले ने योजनाबद्ध तरीके से इन स्थानों को घेरा और छापेमारी की। खबर है कि जैसे ही यह टीम स्पा सेंटर पर दबिश देने पहुंची वैसे ही पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों के पास नेताओं के फोन भी आने शुरू हो गए,लेकिन अभियान नहीं रोका गया।

​सीसीटीवी से मिली भनक और मची भगदड़

​छापेमारी के दौरान कुछ सेंटरों के संचालकों ने पुलिस की कार्रवाई से बचने का भरपूर प्रयास किया। राइट टाउन स्थित 1 बड़े स्पा सेंटर में लगे आधुनिक सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से अंदर मौजूद लोगों को पुलिस टीम के आने की भनक पहले ही लग गई थी। इसका सीधा फायदा उठाते हुए कुछ युवक और महिलाएं पुलिस के अंदर पहुंचने से ठीक पहले मौके से भागने में सफल हो गए। हालांकि पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए अधिकांश संदिग्धों को वहीं दबोच लिया। पुलिस की इस भारी भरकम दबिश को देखकर आसपास के रहवासी इलाकों में भी खासी सनसनी फैल गई।

​रजिस्टर और जरूरी दस्तावेजों की सघन जांच

​पुलिस की अलग अलग टीमों ने इन सभी सेंटरों के हर कमरे की सघन तलाशी ली है। मौके से रोजाना इस्तेमाल होने वाले रजिस्टर, बिल बुक और अन्य अहम रिकॉर्ड पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए हैं। जब्त किए गए इन दस्तावेजों में ग्राहकों के नाम, उनके मोबाइल नंबर और उनके आने जाने के समय का विवरण विस्तार से दर्ज मिला है। पुलिस अधिकारी अब इन सभी रिकॉर्ड का बारीकी से अध्ययन कर रहे हैं। इस जांच का मुख्य उद्देश्य इस अवैध नेटवर्क से जुड़े नियमित ग्राहकों और अन्य बिचौलियों की पहचान करना है।

​स्पा सेंटरों के लाइसेंस की हो रही जांच

​अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ के अनुसार यह पूरी कार्रवाई मुखबिर से मिली सटीक सूचनाओं के आधार पर की गई है। विजय नगर और गोहलपुर के कुछ अन्य स्पा सेंटरों में भी ऐसी संदिग्ध गतिविधियों के चलने की सूचना पुलिस तक पहुंची है, जहां विभागीय जांच जारी है। मौके पर मौजूद नगर निगम का दस्ता इन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लाइसेंस और अन्य जरूरी अनुमतियों की गहनता से पड़ताल कर रहा है। जांच में नियमों का उल्लंघन या बिना वैध अनुमति के संचालन पाए जाने पर सेंटरों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
error: This Content is protected !!