ब्रेकिंग: एक दिन की राहत के बाद फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, जानिये जबलपुर में कहां पहुंची क़ीमतें

Newzo
Newzo - News Editor
2 Min Read

वैश्विक युद्ध के संकट के कारण एक दिन के अंतराल के बाद पेट्रोल, डीजल और प्रीमियम के दामों में फिर बड़ा इजाफा हुआ

जबलपुर। शहर में लगातार बढ़ रही ईंधन की कीमतों ने आम आदमी के बजट को पूरी तरह से बिगाड़ दिया है। वैश्विक युद्ध के कारण उपजे अंतरराष्ट्रीय संकट के बीच केवल एक दिन के अंतराल के बाद आज फिर से कीमतों में जोरदार उछाल आया है। शहर में पेट्रोल के दाम 2.85 रुपए, डीजल के दाम 2.79 रुपए और प्रीमियम पेट्रोल के दाम 2.85 रुपए प्रति लीटर बढ़ गए हैं। इस ताजा बढ़ोतरी के बाद आज जबलपुर में पेट्रोल की कीमत 114.53 रुपए, डीजल की कीमत 99.66 रुपए और प्रीमियम की कीमत 124.27 रुपए प्रति लीटर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई है। लगातार होते इस इजाफे से स्थानीय स्तर पर महंगाई और अधिक बढ़ने की गंभीर आशंका पैदा हो गई है।

कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव से बाजार में बढ़ी चिंता

​ईंधन के दामों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। आंकड़ों के अनुसार 15 मई को पेट्रोल 109.79 रुपए, डीजल 95.00 रुपए और प्रीमियम 119.53 रुपए पर था, जो 19 मई को बढ़कर क्रमशः 110.74 रुपए, 95.93 रुपए और 120.48 रुपए हो गया। इसके बाद 23 मई को कीमतें फिर बढ़ीं और पेट्रोल 111.68 रुपए, डीजल 96.87 रुपए तथा प्रीमियम 121.42 रुपए तक पहुंच गया। आज यानी 25 मई को हुई नई वृद्धि ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। विश्लेषकों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने से यह स्थिति बनी है। परिवहन लागत बढ़ने से आने वाले दिनों में रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं, सब्जियों और किराना सामान के दाम बढ़ना तय माना जा रहा है, जिससे मध्यम वर्ग की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।

Share This Article