
अमझर घाटी में लावारिस आल्टो कार से 10 लाख से अधिक का गांजा जब्त, पुलिस को देखकर कार छोड़ भागा चालक
खमरिया पुलिस की घेराबंदी के दौरान कीचड़ में फंसी कार, डिक्की से मिला 20 किलो 433 ग्राम अवैध गांजा
जबलपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी को रोकने के लिए जबलपुर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर सभी थानों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीश कुमार साहू और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर जोन 4 अंजन तिवारी के मार्गदर्शन में थाना खमरिया की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक आल्टो कार से भारी मात्रा में अवैध गांजा जब्त किया है।थाना प्रभारी खमरिया राजकुमार खटीक के अनुसार 30-7-2026 की देर रात अमझर घाटी पर पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। तभी एक आल्टो कार का चालक पुलिस को देखते ही कार को वापस मोड़ने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस कर्मियों ने कार को रोकने के लिए उसका पीछा किया। इसी दौरान कार पास के कीचड़ में फंस गई। कार फंसते ही चालक गाड़ी को चालू हालत में ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। पुलिस टीम ने आल्टो कार क्रमांक CG 04 HB 6745 की गहन तलाशी ली। कार की डिक्की से नीले और सफेद रंग के थैले तथा 2 प्लास्टिक की बोरियों में पैक किए गए कुल 10 पैकेट बरामद हुए। पैकेट खोलने पर उनमें अवैध मादक पदार्थ गांजा पाया गया। एनडीपीएस एक्ट के नियमों का पालन करते हुए जब इस गांजे की तौल कराई गई, तो उसका कुल वजन 20 किलो 433 ग्राम निकला। बाजार में इसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख 21 हजार 650 रुपये आंकी गई है। खमरिया पुलिस ने अवैध गांजे और परिवहन में इस्तेमाल की गई आल्टो कार को जब्त कर लिया है। फरार कार चालक के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक अमन नायक, सहायक उप निरीक्षक वैजयंती ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक गोवर्धन ठाकुर, प्रधान आरक्षक प्रदीप तिवारी और महिला प्रधान आरक्षक आरती सोनकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नेहरू नगर में वारदात की नीयत से घूम रहा युवक लोडेड कट्टे के साथ गिरफ्तार
गढ़ा पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, आरोपी के पास से 1 देशी कट्टा और 1 जिंदा कारतूस बरामद
जबलपुर। शहर में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और तस्करी पर लगाम लगाने के लिए जबलपुर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने सभी थाना प्रभारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन 2 पल्लवी शुक्ला और नगर पुलिस अधीक्षक गढ़ा आशीष जैन के मार्गदर्शन में गढ़ा थाना पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ रंगे हाथों दबोचा है। गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा ने बताया कि 30-07-26 की रात पुलिस को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना में बताया गया कि एक युवक पावर हाउस के पास, एमसीएमआर के सामने नेहरू नगर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की नीयत से घूम रहा है। खबर मिलते ही पुलिस टीम ने मुखबिर के बताए स्थान पर तुरंत दबिश दी। मौके पर मुखबिर के बताए हुलिए का युवक हाथ में देशी कट्टा लिए खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखते ही वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस कर्मियों ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम समीर खान उर्फ पाटन, उम्र 18 वर्ष, निवासी कटरा मोहल्ला पाटन बताया। पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास मौजूद देशी कट्टे में 1 जिंदा कारतूस लोड मिला। गढ़ा पुलिस ने देशी कट्टा और कारतूस को जब्त करते हुए आरोपी समीर खान के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से इस बात की पूछताछ की जा रही है कि उसने यह हथियार कहां से और किस व्यक्ति से खरीदा था। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक संजय गुर्जर, प्रधान आरक्षक संदीप डेहरिया, ज्ञानेन्द्र पाठक और आरक्षक गौरव तिवारी की भूमिका रही।
मदनमहल में अवैध शराब का कारोबार कर रहे पति-पत्नी गिरफ्तार, लाखों की शराब और नकदी जब्त
घर के अंदर कमरों और सीढ़ियों पर छिपाकर रखी गई थी 43 बोतलें और 1205 पाव शराब, आरोपी पर दर्ज हैं 7 पुराने मामले
जबलपुर। अवैध शराब और नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में मदनमहल थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ (भा.पु.से.) और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली अखिलेश गौर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने छापा मारकर अवैध शराब बेचने वाले पति-पत्नी को पकड़ा है। थाना प्रभारी मदनमहल धीरज राज के मुताबिक 29-7-26 की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि अमनपुर कालीमठ निवासी बंटू विश्वकर्मा अपनी पत्नी के साथ मिलकर अपने घर के पास बड़े पैमाने पर अवैध शराब का क्रय-विक्रय कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए पते पर दबिश दी। वहां पहुंचने पर संदेही के मकान का मुख्य लोहे का गेट अंदर से बंद मिला। पुलिस द्वारा कई बार आवाज देने पर भी अंदर मौजूद बंटू की पत्नी रजनी विश्वकर्मा ने दरवाजा नहीं खोला और अंदर से ही कहा कि बंटू घर पर मौजूद नहीं है।संदेह होने पर पुलिस ने बलपूर्वक गेट खुलवाया। अंदर प्रवेश करते ही रजनी विश्वकर्मा, उम्र 43 वर्ष मिली, जबकि छत की ओर से कूदने की आवाज सुनाई दी। देखने पर बंटू छत के रास्ते छलांग लगाकर भागता हुआ दिखाई दिया। पूछताछ में रजनी ने माना कि उसने अपने पति बंटू को छत पर छिपा दिया था। पुलिस ने जब घर के अंदर पोर्च और सीढ़ियों के पास जांच की, तो वहां भारी मात्रा में शराब रखी मिली। इस दौरान रजनी भागकर मकान के अंदर बने एक अन्य कमरे में घुसी और कुंडी लगा ली। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर उसे हिरासत में लिया। सीढ़ियों के पास से 3 कार्टन में रखी गोवा अंग्रेजी शराब के 155 पाव, बैगपाइपर के 38 पाव, मैजिक मोमेंट के 25 पाव, रायल स्टैग की 9 बोतलें, मैकडावल नंबर 1 की 12 बोतलें, देशी शराब के 237 पाव और बिक्री के 1190 रुपये मिले। इसके बाद पुलिस ने बंद कमरे का दरवाजा भी बलपूर्वक खोला, जहां से 10 कार्टन में रखी 500 पाव गोवा शराब, 2 कार्टन बैगपाइपर के 100 पाव, आइकोनिक व्हाइट की 10 बोतलें, मैकडावल नंबर 1 रम की 12 बोतलें, देशी शराब के 150 पाव और 6 हजार 150 रुपये नगद बरामद हुए। पुलिस ने कुल 43 बोतलें, 818 पाव अंग्रेजी शराब, 387 पाव देशी शराब और बिक्री के कुल 6 हजार 150 रुपये जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी बंटू विश्वकर्मा उर्फ ज्ञानेश्वर विश्वकर्मा, उम्र 50 वर्ष, निवासी कालीमठ अमनपुर को भी हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी बंटू शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से 7 गंभीर अपराध दर्ज हैं। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक हलकेराम भलावी, प्रधान आरक्षक बलदेव विश्वकर्मा, के.के. श्रीवास, आरक्षक बालाराम, आदित्य, महिला आरक्षक मंजरी और वैशाली शामिल रहे।
हिरन नदी से रेत की चोरी कर ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, चालक ट्रैक्टर लेकर फरार
पाटन पुलिस ने गाडाघाट में की कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ बीएनएस और खान खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज
जबलपुर। नदियों से अवैध रूप से रेत का खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ पाटन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अवैध रेत से लदी एक ट्रॉली को जब्त कर लिया है। पाटन थाना प्रभारी गोपिन्द्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 30/07/2026 की दोपहर पुलिस टीम इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गाडाघाट निवासी छुट्टू उर्फ रुस्तम, पिता शेख सलीम अपने स्वराज ट्रैक्टर में ट्रॉली जोड़कर गाडाघाट हिरन नदी से अवैध रूप से रेत चोरी कर ला रहा है। वह इस रेत को गाडाघाट नरवा के रास्ते मिश्रान टपरिया की तरफ किसी ग्राहक को बेचने जा रहा है। सूचना मिलते ही पाटन पुलिस ने गाडाघाट नरवा में शकील मंसूरी के घर के सामने नाकाबंदी कर दबिश दी। कुछ ही देर में सामने से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आती दिखाई दी, जिसमें रेत लदी हुई थी। ट्रैक्टर चला रहे छुट्टू उर्फ रुस्तम ने दूर से ही पुलिस को देख लिया। वह चालाकी दिखाते हुए ट्रैक्टर से ट्रॉली को अलग कर केवल ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने कुछ दूरी तक उसका पीछा भी किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा। पुलिस ने मौके पर खड़ी ट्रॉली की जांच की तो वह चोरी की रेत से भरी पाई गई। पाटन पुलिस ने रेत से भरी ट्रॉली को जब्त कर लिया है। फरार आरोपी ट्रैक्टर चालक छुट्टू उर्फ रुस्तम, पिता शेख सलीम, निवासी गाडाघाट के खिलाफ धारा 303 (2) बीएनएस, 4/21 खान खनिज अधिनियम और 53 म.प्र. गौण खनिज अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी और ट्रैक्टर की तलाश कर रही है।
नर्मदा नदी के तिलवारा घाट में नहाने गया युवक डूबा, 24 घंटे बाद गोताखोरों ने निकाला शव
दोस्तों के साथ बुआ के घर गया था 51 वर्षीय सिलाई कारीगर का बेटा, तिलवारा पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत नर्मदा नदी के तिलवारा घाट पर नहाने गए एक युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के अगले दिन स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक का शव नदी से बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तिलवारा थाना पुलिस के अनुसार 30-7-26 की शाम नर्मदा नदी के तिलवारा घाट में एक युवक के डूबने की खबर मिली थी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां मौजूद ग्राम मानेगांव, गांधी चौक रांझी निवासी राजेन्द्र कोल, उम्र 51 वर्ष ने बताया कि वह सिलाई का काम करता है। 29-7-26 की दोपहर लगभग 12 बजे उसका बेटा शशांक उर्फ संदेश कोल अपनी बुआ के घर शाहनाला जाने का कहकर अपने दोस्त विपिन कोल के साथ घर से निकला था। बुआ से मिलने के बाद शशांक अपने दोस्त विपिन कोल के साथ तिलवारा घाट पर नर्मदा नदी में नहाने चला गया। दोपहर लगभग 3:30 बजे विपिन कोल ने परिजनों को सूचना दी कि नहाने के दौरान शशांक गहरे पानी में चला गया और नदी में डूब गया। सूचना मिलने के बाद से ही स्थानीय गोताखोर और पुलिस शव की तलाश में जुटे थे। 30-7-26 की शाम को तिलवारा घाट पर नाव चलाने वाले गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद शशांक का शव पानी से बाहर निकाला। पानी में डूबने की वजह से उसकी मौत हो चुकी थी। तिलवारा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है और जांच कर रही है।
