डिंडोरी के सरकारी अस्पताल में जनरेटर और कैमरे बंद, लापरवाही चरम पर

Newzo
Newzo - News Editor
2 Min Read

डिंडौरी। डिंडोरी जिले में स्थित मेंहदबानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार रात से बिजली गुल होने के बाद वैकल्पिक बिजली व्यवस्था के रूप में मौजूद जनरेटर और सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह बंद पड़े हैं। इस तकनीकी खराबी और घोर लापरवाही के कारण अस्पताल में भर्ती मरीजों, गर्भवती महिलाओं और ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्सों को घने अंधेरे में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को नायब तहसीलदार तेज लाल धुर्वे ने अस्पताल परिसर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. रणमत परस्ते को तत्काल व्यवस्था सुधारने और ग्राम पंचायत सचिव को परिसर की नालियों की साफ-सफाई दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

​अस्पताल में पसरा अंधेरा, ठप हुई प्रसूति सेवाएं

​सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बिजली कटने के बाद जनरेटर चालू नहीं होने से पूरी स्वास्थ्य सेवा पटरी से उतर गई है। सबसे ज्यादा असर प्रसूति विभाग पर पड़ा है, जहां रात के समय मोबाइल की रोशनी में प्रसव कराने की नौबत आ रही है। इसके साथ ही परिसर के सभी सीसीटीवी कैमरे बंद होने से मरीजों और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा भगवान भरोसे हो गई है। स्थानीय नागरिकों और अस्पताल के कर्मचारियों ने प्रबंधन पर उपकरणों के रखरखाव में लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

​रोगी कल्याण समिति की मंजूरी

​प्रभारी बीएमओ डॉ. रणमत परस्ते के अनुसार जनरेटर और कैमरों को ठीक कराने के लिए रोगी कल्याण समिति की वित्तीय स्वीकृति जरूरी है। इस समिति के अध्यक्ष शहपुरा विधायक और पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे हैं। जब इस अव्यवस्था को लेकर विधायक से संपर्क किया गया, तो उन्होंने पूरे मामले से अनभिज्ञता जताई। उन्होंने कहा कि बीएमओ को इस संकट की जानकारी तुरंत देनी चाहिए थी। विधायक ने मामले को संज्ञान में लेते हुए रोगी कल्याण समिति की बैठक बुलाने और मरीजों के हित में तुरंत सुधार कार्य शुरू करने की बात कही है।

Share This Article