कल अपने शहर में अपनों के बीच होगा संगीत का सितारा ‘तनिष्क’

Newzo
Newzo - News Editor 51 Views
3 Min Read

इंडियन आइडल स्टार तनिष्क शुक्ला का जबलपुर में कल होगा भव्य स्वागत

जबलपुर। इंडियन आइडल में अपनी आवाज का जादू बिखेरने वाले जबलपुर के लाल तनिष्क शुक्ला 9 जुलाई को अपने गृह नगर पहुंच रहे हैं। उनके स्वागत के लिए पूरा शहर तैयार है और उनके आगमन को लेकर प्रशंसकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। तनिष्क 9 जुलाई की सुबह 9 बजे जबलपुर पहुंचेंगे, जिसके बाद उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इस एक दिवसीय प्रवास के दौरान तनिष्क शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित स्वागत रैलियों का हिस्सा बनेंगे और प्रशंसकों से मुलाकात करेंगे। शाम को शहीद स्मारक में उनकी लाइव संगीत प्रस्तुति होगी, जहां वे अपनी गायकी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। रात में वे मां नर्मदा के तट पर पूजन और आरती करेंगे। इसके बाद 10 जुलाई को वे मुंबई के लिए रवाना हो जाएंगे।

​शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी भव्य रैली

​तनिष्क शुक्ला का स्वागत 9 जुलाई को सुबह 9 बजे सिविल लाइंस स्थित आदर्श महाकौशल कॉलेज से शुरू होगा। यहां से एक विशाल स्वागत रैली निकाली जाएगी जो शहर के प्रमुख रास्तों से गुजरेगी। यह रैली डिलाइट, सेंट थॉमस चौक, पेंटिनाका, सदर चौपाटी, शिवाजी स्टेडियम, नागरथ चौक, क्राइस्टचर्च तिराहा, तैयब अली चौक, नौदरा ब्रिज, तीन पत्ती चौक, होम साइंस कॉलेज चौक, मदनमहल, रानीताल, बल्देवबाग, दमोहनाका, गोहलपुर और रद्दी चौकी जैसे विभिन्न क्षेत्रों से होकर निकलेगी। इस दौरान शहर के विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संगठन उनका जगह-जगह स्वागत करेंगे। रैली के बाद दोपहर 2 बजे तनिष्क आधारताल के रवींद्र नगर स्थित अपने घर पहुंचेंगे, जहां वे प्रशंसकों और शुभचिंतकों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान चाय और अल्पाहार का भी आयोजन रखा गया है।

​शहीद स्मारक में गूंजेगा तनिष्क का मधुर स्वर

​शाम 7 बजे शहीद स्मारक में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहां तनिष्क शुक्ला की लाइव प्रस्तुति होगी। आयोजन समिति ने शहर के सभी संगीत प्रेमियों, युवाओं और नागरिकों से इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। लाइव गायन के बाद रात 10 बजे तनिष्क नर्मदा तट पहुंचेंगे और विधि-विधान से मां नर्मदा का पूजन और आरती करेंगे। अपने इस प्रवास को पूरा करने के बाद 10 जुलाई की सुबह 8 बजे तनिष्क डुमना एयरपोर्ट से मुंबई के लिए उड़ान भरेंगे, जहां वे इंडियन आइडल 16 के आगामी ग्रैंड फिनाले की तैयारियों में जुटेंगे।

Share This Article
error: This Content is protected !!