प्रांतीय शासकीय महाविद्यालयीन प्राध्यापक संघ की वार्षिक साधारण सभा 7 जून को भोपाल में, 9 सूत्रीय एजेंडे पर होगी चर्चा

Newzo
Newzo - News Editor 45 Views
3 Min Read

जबलपुर। ​प्रांतीय शासकीय महाविद्यालयीन प्राध्यापक संघ की वार्षिक साधारण सभा की बैठक 7 जून को रविवार सुबह 10 बजे से भोपाल के मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय के कांफ्रेंस हॉल में आयोजित की जाएगी। सम्भागीय अध्यक्ष प्रो.अरुण शुक्ल ने बताया कि प्रांताध्यक्ष प्रो. आनंद शर्मा और संरक्षक प्रो. कैलाश त्यागी के नेतृत्व में होने वाली इस बैठक में उच्च शिक्षा और प्राध्यापकों के हितों से जुड़े 9 मुख्य बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श होगा। बैठक में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी डॉ. शिव कुमार दुबे, डॉ. राजेश श्रीवास्तव, डॉ. हरिशंकर कंसना, डॉ. अंजली खरे, डॉ. नीरज दुबे, डॉ. पवन पंडित, डॉ. सुधांशुधर द्विवेदी, डॉ. प्रवीण तानोट, डॉ. अशोक शर्मा, डॉ. सतीश कुमार, डॉ. भारती कुमार, डॉ. रीतेश सिंगारे और डॉ. महेन्द्रमणि द्विवेदी सहित सभी संभागों के सदस्य शामिल होकर विभिन्न समस्याओं और आगामी रणनीति पर अपनी बात रखेंगे।
​वार्षिक आय-व्यय का लेखा-जोखा पेश होगा
​इस महत्वपूर्ण बैठक की शुरुआत में संगठन के वार्षिक आय-व्यय के अनुमोदन और ऑडिट रिपोर्ट को प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही पिछले कार्यकाल में हुई संगठनात्मक गतिविधियों पर संक्षिप्त चर्चा की जाएगी। संघ को और अधिक मजबूत तथा सक्रिय बनाने के लिए एक विशेष सदस्यता अभियान चलाने की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी ताकि ज्यादा से ज्यादा प्राध्यापकों को इससे जोड़ा जा सके।

बैकलॉग प्राध्यापकों की परिवीक्षा व सेवानिवृत्ति आयु वृद्धि पर विमर्श

बैठक के एजेंडे में वर्ष 2004-05 में नियुक्त बैकलॉग सहायक प्राध्यापकों की परिवीक्षा स्थिति की अद्यतन जानकारी और उनकी आगामी रणनीति पर विस्तृत चर्चा शामिल है। इसके अलावा ग्रंथपाल एवं क्रीड़ा अधिकारियों की सेवानिवृत्ति आयु में वृद्धि किए जाने की मांग को लेकर भी रणनीति बनाई जाएगी। वरिष्ठ एवं प्रवर श्रेणी वेतनमान आदेश जारी करने में हो रही अनियमितताओं पर भी संघ के पदाधिकारी अपनी बात रखेंगे।
​परामर्शदात्री समिति की बैठक न होने का मुद्दा उठेगा

​पेंशनर्स और सेवानिवृत्त शिक्षकों के स्वत्वों के भुगतान में हो रहे विलंब को लेकर बैठक में गंभीर चर्चा की जाएगी। सामान्य प्रशासन विभाग के नियमानुसार परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित न किए जाने पर भी गहरा विमर्श होगा। प्रांताध्यक्ष ने सभी संभाग अध्यक्षों के माध्यम से सभी सदस्यों को 1 जून 2026 तक अपने आगमन की सूचना अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने का आग्रह किया है ताकि व्यवस्थाएं सुचारू रूप से की जा सकें।

Share This Article
error: This Content is protected !!