
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल में यात्रियों को तत्काल टिकट आरक्षण में सुविधा पारदर्शिता और सुव्यवस्थित व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 01 अगस्त 2026 से टोकन वितरण की एक संशोधित व्यवस्था लागू की जा रही है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ मधुर वर्मा ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को अब दोबारा आरक्षण कार्यालय आने की कोई आवश्यकता नहीं होगी। एसी श्रेणी के लिए टोकन प्रात 08:30 बजे से 09:30 बजे तक तथा नॉन एसी श्रेणी के लिए 09:00 बजे से 09:30 बजे तक वितरित किए जाएंगे। प्रत्येक आरक्षण काउंटर पर एसी के लिए 10 और नॉन एसी के लिए 15 टोकन जारी होंगे। भीड़ को देखते हुए संख्या बदली जा सकेगी। टोकन वितरण में परिवार के सदस्यों के लिए तत्काल टिकट लेने वालों को प्राथमिकता मिलेगी जिसके लिए आधार कार्ड या रेलवे द्वारा मान्य फोटो पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। अन्य व्यक्तियों के लिए भी दस्तावेजों के आधार पर टोकन मिलेंगे और ए श्रेणी के कार्य पूरे होने के बाद ही बी श्रेणी की बारी आएगी।
टोकन व्यवस्था से दलालों पर कसेगा शिकंजा
यह सभी टोकन पूरी तरह अहस्तांतरणीय होंगे और जिस व्यक्ति के नाम टोकन जारी होगा वही काउंटर से टिकट प्राप्त करने का पात्र माना जाएगा। पूरी प्रक्रिया का विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा जिससे पारदर्शिता बनी रहे और अनधिकृत दलालों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। सभी केंद्रों पर समय सारिणी हिंदी और अंग्रेजी में प्रदर्शित होगी और रेलवे अधिनियम की धारा 1431 तथा 1432 की जानकारी भी दी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर आरपीएफ का सहयोग भी लिया जाएगा।
रेलवे की नई पहल से मिलेगी राहत
जबलपुर रेल मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे बुकिंग के दौरान निर्धारित प्रक्रिया का पालन करें और केवल अधिकृत माध्यमों से ही टिकट प्राप्त करें ताकि सभी को निष्पक्ष सेवा मिल सके। रेलवे का यह नया कदम यात्रियों के समय की बचत करेगा और काउंटर पर लगने वाली लंबी कतारों की समस्या से भी निजात दिलाएगा जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिलने की पूरी उम्मीद है।
