
गांव-गांव कॉंग्रेस ने भरी हुंकार,किसानों को फसल का सही दाम न मिलने और बढ़ती महंगाई पर जताई गहरी चिंता, पांच अलग-अलग स्थानों पर मुख्यमंत्रियों के पुतले जलाकर कार्यकर्ताओं ने दर्ज कराया विरोध
जबलपुर। पाटन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पाटन चौक, डूडी पंचायत, बेलखेड़ा, बजरगढ़ और माला पंचायत में कांग्रेस पार्टी ने पोल खोल हल्ला बोल आंदोलन के तहत प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। इस विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष संजय यादव, विक्रम सिंह, विधानसभा प्रभारी परम यादव, विवेक पटेल, शिव नामदेव, धीरेन्द्र प्रताप सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष संजय यादव, वीरेंद्र यादव, प्रवक्ता विवेक यादव, नेक नारायण, सोनू दुबे, लल्ली सोनी, राजेश मिश्रा, कृष्ण कुमार पटेल, शिव पटेल, बलदेव सिंह, अर्जुन सिंह, देवेंद्र यादव, कादरी सिंह, भूपेंद्र सिंह, बाबू यादव, मकसूद खान, बालमुकुंद सिंह, पुष्पराज पावर, संजू बाबा, प्रकाश अहिरवार, जीतू यादव, योगेश यादव, संतोष सिंह और प्रभु पटेल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की बदहाली और अवैध शराब की बिक्री को लेकर सरकार पर तीखे हमले किए।
जनविरोधी नीतियों और वादों की विफलता पर तीखा प्रहार
आंदोलन के दौरान उपस्थित नेताओं ने जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार आम जनता से चुनाव के समय किए गए वादों को निभाने में नाकाम साबित हुई है। किसानों को उनकी फसलों का सही दाम नहीं मिल पा रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। दूसरी ओर, युवाओं के पास रोजगार के साधन नहीं हैं और वे नौकरी के लिए भटक रहे हैं। रोजमर्रा की जरूरी चीजों के दाम बढ़ने से आम नागरिकों का बजट बिगड़ चुका है और जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
गांवों में अवैध शराब के कारोबार से कानून व्यवस्था बेपटरी
कांग्रेसी पदाधिकारियों ने स्थानीय मुद्दों को उठाते हुए आरोप लगाया कि पाटन क्षेत्र के साथ-साथ पूरे राज्य के ग्रामीण अंचलों में अवैध शराब की बिक्री धड़ल्ले से चल रही है। इस अवैध व्यापार के कारण नई पीढ़ी और युवाओं का भविष्य पूरी तरह बर्बाद हो रहा है। खुलेआम बिकने वाली शराब की वजह से गांवों का माहौल खराब हो रहा है और आए दिन लड़ाई-झगड़े होने से कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। विपक्ष ने मांग की है कि इस अवैध धंधे पर तुरंत रोक लगाई जाए।
बुनियादी समस्याओं पर संघर्ष तेज करने का लिया संकल्प
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस पार्टी इसे बर्दाश्त नहीं करेगी और सड़क से लेकर सदन तक जनता के हक की आवाज उठाती रहेगी। इस आंदोलन का समापन इस चेतावनी के साथ हुआ कि यदि जनहित की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में सरकार के खिलाफ इस संघर्ष को और अधिक उग्र तथा व्यापक रूप दिया जाएगा।
