क्रिकेट खेल रहे बच्चों पर बदमाशों का जानलेवा हमला, चाकूबाजी में दो घायल

Newzo
Newzo - News Editor 39 Views
2 Min Read

​अधारताल थाना क्षेत्र के सुहागी में चाय दुकान संचालकों ने किया पथराव और चाकू से वार

जबलपुर। ​अधारताल थाना अंतर्गत सुहागी संभागीय कार्यालय क्षेत्र में जवाहर लाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय और हनुमान मंदिर के पास स्थित चाय मंत्रालय नाम की दुकान के संचालकों ने क्रिकेट खेल रहे बच्चों पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक वारदात में गेंद पास जाने के विवाद पर आरोपियों ने 9 वर्ष के क्रिकेट खिलाड़ी ओम विश्वकर्मा पर कांच का गिलास फेंककर मारा, जिससे वह लहूलुहान हो गया। जब इस हमले को देखकर स्थानीय नागरिक जित्तू साहू बच्चों के बीच-बचाव के लिए दौड़े, तो बदमाशों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस गंभीर वारदात में बालक ओम विश्वकर्मा और बीच-बचाव करने वाले जित्तू साहू दोनों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

​घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार सुहागी क्षेत्र में खाली मैदान के पास बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान खेल-खेल में गेंद पास में ही अवैध अतिक्रमण कर संचालित हो रही चाय मंत्रालय नाम की दुकान के पास चली गई। इसी बात से नाराज होकर दुकान पर मौजूद असामाजिक तत्वों ने बच्चों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते उन पर पथराव और हमला कर दिया। मासूम बच्चों को घिरता देख जब जित्तू साहू ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने उन पर चाकू से वार कर दिया। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि विश्वविद्यालय और मंदिर के बाजू में अवैध रूप से चल रही इस दुकान पर दिनभर गुंडे-बदमाशों का जमावड़ा रहता है, जिससे आए दिन विवाद की स्थिति बनती है। पुलिस ने घायलों के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

Share This Article
error: This Content is protected !!