धड़ल्ले से सवारियां ढो रही खटारा बस आरटीओ के हत्थे चढ़ी,जब्ती बनायी

Newzo
Newzo - News Editor
2 Min Read

जबलपुर। बिना जरूरी दस्तावेजों के सड़कों पर सवारियां ढो रही एक खटारा बस पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कसा है। आरटीओ रिंकू शर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान एमपी20 पीए 1267 नंबर की जेके एंड जीटी रोडवेज की बस को नियमों के उल्लंघन पर जब्त कर लिया गया। इस बस के पास न तो वैध परमिट था और न ही फिटनेस प्रमाणपत्र मौजूद था। इसके अलावा वाहन का बीमा, वीएलटीडी और एचएसआरपी भी गायब पाए गए, जबकि बस पर पुराना टैक्स भी बकाया था। यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले ऐसे वाहनों के खिलाफ विभाग की यह सख्त कार्रवाई लगातार जारी है।

​एक भी कागज दुरुस्त नहीं मिला

​आरटीओ श्रीमती शर्मा के अनुसार,परिवहन विभाग की टीम ने जब इस खटारा बस को रोककर जांच की, तो एक के बाद एक कई गंभीर कमियां सामने आईं। बस के पास सड़क पर चलने के लिए जरूरी वैध बीमा और फिटनेस से जुड़े दस्तावेज नहीं मिले। सुरक्षा के लिहाज से जरूरी वीएलटीडी यानी व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस भी गायब था और गाड़ी पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट भी नहीं लगी थी। इन तमाम कमियों और टैक्स बकाया होने के कारण बस को तुरंत थाने भिजवा दिया गया। आरटीओ कार्यालय द्वारा साफ किया गया है कि यात्रियों की जान जोखिम में डालकर सड़कों पर दौड़ने वाले किसी भी वाहन को बख्शा नहीं जाएगा। नियमों के विपरीत और बिना टैक्स चुकाए संचालित हो रही बसों के खिलाफ यह अभियान आगे भी तेजी से जारी रहेगा।

Share This Article