जबलपुर: बीज दुकानों पर छापेमारी, तीन विक्रेताओं पर गिरी गाज

Newzo
Newzo - News Editor 64 Views
2 Min Read

जबलपुर। कुण्डम विकासखंड में बुधवार को उप संचालक कृषि उमेश कुमार कटहरे और अनुविभागीय कृषि अधिकारी प्रतिभा सिंह गौर के नेतृत्व में हरिओम कृषि केन्द्र, अमूल्य कृषि केन्द्र, दिनेश ट्रेडर्स, किसान कृषि सेवा केंद्र और गुप्ता कीटनाशक भण्डार सहित कई दुकानों पर छापामार कार्रवाई की गई, जिससे बीज और उर्वरक विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। इस दौरान टीम ने धान और मक्का के बीजों के नमूने जांच के लिए भेजे तथा बिना प्रिंसिपल सर्टिफिकेट के सामग्री बेचने और नियमों का उल्लंघन करने पर कल्याण कृषि केंद्र, वेद कृषि केंद्र एवं राघव कृषि केंद्र को कारण बताओ नोटिस जारी किया। जांच दल में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एल.पी. उइके, कृषि विस्तार अधिकारी डॉ. सनी ठाकुर एवं प्रांजलि वर्मा शामिल रहे।

​बिना जरूरी लाइसेंस के सामग्री बेचने पर सख्त नोटिस

​कृषि विभाग की टीम को औचक निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों पर ऐसी बीज और खाद सामग्री बिकती हुई मिली, जिनका प्रिंसिपल सर्टिफिकेट दुकानदारों के लाइसेंस में दर्ज ही नहीं था। अधिकारियों ने इसे नियमों का गंभीर उल्लंघन माना है। इसके बाद तीन दुकानों को नोटिस देकर तय समय में जवाब मांगा गया है। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर इन दुकानों के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

​किसानों को सही खाद और बीज दिलाने का अभियान

​आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया है ताकि किसानों को नकली या खराब क्वालिटी के उत्पाद न मिलें। अधिकारियों का साफ कहना है कि क्षेत्र में नकली कृषि उत्पादों की बिक्री को रोकने के लिए आने वाले दिनों में भी इस तरह की औचक जांच जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद से पूरे इलाके के बीज और खाद व्यापारियों में खलबली मची हुई है।

Share This Article
error: This Content is protected !!