
जबलपुर। भोपाल खाद्य सुरक्षा प्रशासन आयुक्त और कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के आदेश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता की अगुवाई में जांच दल ने जबलपुर में बड़ी कार्रवाई की। बुधवार रात से गुरुवार तक चले इस अभियान में शहर के बड़े मल्टी ब्रांड स्टोर्स, पिज्जा सेंटर्स और डेयरियों पर अचानक छापेमारी की गई। इस दौरान 1.54 लाख रुपये कीमत का 215 किलो घी और 25 किलो पनीर जब्त किया गया। टीम ने तिलहरी व विजय नगर स्थित डी मार्ट, तिलहरी के ब्लिंकिट स्टोर, ग्वारीघाट और रसल चौक के डोमिनोज पिज्जा, सिविक सेंटर के गोविंदा पिज्जा, निवाडगंज की शिवम डेयरी तथा विजय नगर की राजा डेयरी में सघन जांच कर सैंपल एकत्र किए।
रिटेल स्टोर्स से जब्त हुआ संदिग्ध घी
जांच दल ने तिलहरी और विजय नगर स्थित डी मार्ट आउटलेट्स पर दबिश देकर मिलावट के संदेह में 200 किलो श्रीधी घी जब्त किया। इस सीज किए गए घी का कुल मूल्य 1.40 लाख रुपये है। इसके अलावा तिलहरी स्थित ब्लिंकिट स्टोर की पड़ताल के दौरान 14 हजार रुपये कीमत का 15 लीटर गोवर्धन काऊ घी भी जब्त किया गया। दोनों स्थानों से सैंपलिंग कर परीक्षण के लिए नमूने सुरक्षित रखे गए हैं।
डेयरियों और पिज्जा आउटलेट्स पर कसा शिकंजा
खाद्य सुरक्षा टीम ने ग्वारीघाट और रसल चौक स्थित डोमिनोज पिज्जा केंद्रों से पनीर के नमूने लिए। इसी तरह सिविक सेंटर के गोविंदा पिज्जा सेंटर में भी पनीर का सैंपल लिया गया। दूध उत्पादों की गुणवत्ता जांचने के लिए निवाडगंज स्थित शिवम डेयरी से 25 किलो संदिग्ध पनीर जब्त हुआ और विजय नगर की राजा डेयरी से सैंपल जुटाए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है।
