जबलपुर: सुरक्षा के लिए उठाई थी बंदूक, अचानक चली गोली, भाजपा नेत्री की मौत

Newzo
Newzo - News Editor 68 Views
3 Min Read

जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराने शोभापुर में शनिवार की देर रात एक सनसनीखेज घटनाक्रम में भाजपा नेत्री संगीता रजक की गोली लगने से मौत हो गई। रांझी गोकलपुर वार्ड से नगर निगम चुनाव में भाजपा की पार्षद प्रत्याशी रहीं 38 वर्षीय संगीता रजक पति बंटी रजक के घर के बाहर देर रात करीब 1 बजे अचानक शोर-शराबा और हलचल हुई। माहौल भांपकर परिवार के पुरुष सदस्य बाहर भागे, जिनके पीछे संगीता अपनी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक लेकर गैलरी में आ रही थीं। इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो सीधे उनके पेट में जा लगी। गंभीर हालत में परिजनों ने उन्हें तुरंत नागरथ चौक के पास एक निजी अस्पताल और फिर हैदराबाद ओमेगा हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

​घर के बाहर हलचल होने पर निकली थीं बाहर

​संगीता रजक के घर पर कुछ दिनों पहले कुछ अज्ञात बदमाशों ने बमबाजी की थी। इस घटना के बाद से ही पूरा परिवार डरा हुआ था और सुरक्षा के लिहाज से अपनी लाइसेंसी बंदूक पास में रखता था। शनिवार की रात को जब घर के बाहर संदिग्ध हलचल और शोर सुनाई दिया, तो संगीता के जेठ बंटी रजक और अन्य लोग बाहर की तरफ दौड़े। उनके पीछे संगीता भी कमरे से बंदूक लेकर गैलरी तक पहुंची थीं।

​अचानक हुआ हादसा और मची चीख-पुकार

​परिजनों के मुताबिक, जब पुरुष सदस्य बाहर की स्थिति देख रहे थे, तभी बरामदे में अचानक बंदूक से गोली चलने की तेज आवाज आई। आवाज सुनकर जब लोग भीतर भागे, तो संगीता रजक वहां लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ी हुई थीं। उनके पेट से अत्यधिक खून बह रहा था। अचानक हुए इस हादसे से घर में चीख-पुकार मच गई और परिजन आनन-फानन में उन्हें गाड़ी से अस्पताल लेकर रवाना हुए।

​पुलिस प्रशासन ने शुरू की मामले की जांच

​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल और मौका-ए-वारदात पर पहुंची। रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि परिजनों से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह हादसा बंदूक संभालते समय अचानक ट्रिगर दबने या मिसफायर होने की वजह से हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की सघन जांच शुरू कर दी है, ताकि मौत के सही कारणों और घटना की कड़ियों को पूरी तरह स्पष्ट किया जा सके।

Share This Article
error: This Content is protected !!