सुरमयी शाम में गूंजे सदाबहार तराने, जरूरतमंदों के लिए हुआ अनूठा आयोजन

Newzo
Newzo - News Editor
2 Min Read

पीड़ितों की सेवा में कलाकारों ने बिखेरा अपनी कला का जादू

जबलपुर। गोल बाजार स्थित दत्त मंदिर परिसर में गुरूवार को जान्हवी म्यूजिकल ग्रुप द्वारा कैंसर मरीजों की सहायता के लिए एक विशेष संगीत संध्या का आयोजन किया गया। इस पुनीत कार्य में सहयोग देने के लिए जबलपुर, कटनी और मण्डला सहित विभिन्न क्षेत्रों के कलाकारों ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं। इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए दुबई से अंतरराष्ट्रीय कलाकार यश सालुंके, छोटू सिंगर और हरदा से दिव्या मौर्य ने अपनी शुभकामनाएं भेजीं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ अभिलाष पांडे और जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू उपस्थित रहे। इस दौरान उपस्थित अतिथियों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। संस्था की संस्थापक तृप्ति मिश्रा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य संगीत के माध्यम से समाज को जोड़ना और गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों की मदद करना है।

गीतों की प्रस्तुतियों से श्रोता हुए भावविभोर

​संगीत कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने हुजूरे वाला, मेरे नसीब में तू है, पर्दा है पर्दा और ना झटको जुल्फ से पानी जैसे सदाबहार और सुपरहिट फिल्मी गानों की शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को आनंदित कर दिया। सुरों के इस सफर में बबलू मैथ्यूज, जय प्रकाश गूजर, रमेश पुरी गोस्वामी और गुलाम गौस की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की रौनक और बढ़ा दी। मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन करने वाले कलाकारों में आयशा, राधा थापा, मनोज शर्मा, मोहित मिश्रा, डॉ ललित श्रीवास्तव और डॉ गुरमित सिंह शामिल रहे, जिनकी सुरीली आवाजों ने समां बांध दिया। इस सफल आयोजन का पूरा प्रबंधन अयाज मंसूरी द्वारा संभाला गया, जबकि पूरे कार्यक्रम के दौरान कुशल मंच संचालन मंजू गोरे ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे संगीत प्रेमियों ने भजनों और गीतों का आनंद लेते हुए इस सेवा कार्य में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

Share This Article