पैसों का खूनी विवाद: जबलपुर में गल्ला व्यापारी का अपहरण कर पेट में मारी गोली, हालत गंभीर

Newzo
Newzo - News Editor 65 Views
2 Min Read

पाटन से अगवा कर कटंगी स्थित अपने घर ले गया था सोहन सिंह, घायल का मेडिकल में इलाज जारी

जबलपुर। कटंगी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले राजघाट पौड़ी में पैसों के लेन-देन के विवाद को लेकर एक गल्ला व्यापारी के अपहरण और उस पर गोलीबारी किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक किसान ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले व्यापारी को अगवा किया और फिर अपने घर ले जाकर उस पर माउजर से फायर कर दिया, जिससे गोली सीधे व्यापारी के पेट में जा लगी। घायल व्यापारी के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी किसान के खिलाफ अपहरण और हत्या के प्रयास की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

​पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शहपुरा के रहने वाले राजा सिंह लोधी का क्षेत्र के कुछ व्यापारियों और किसानों के साथ रुपयों का लेन-देन चल रहा था। इसी सिलसिले में बातचीत करने के लिए कटंगी के पौड़ी डुंगरिया का निवासी किसान सोहन सिंह लोधी अपने कुछ साथियों को साथ लेकर पाटन पहुंचा था। वहां दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद सोहन सिंह और उसके साथियों ने राजा सिंह को जबरन एक कार में बैठाया और उसका अपहरण कर कटंगी स्थित अपने घर ले आए। सोहन के घर पर भी रुपयों को लेकर बातचीत के दौरान विवाद और ज्यादा बढ़ गया, जिससे गुस्साए सोहन सिंह ने अपनी माउजर निकाली और राजा सिंह पर सीधे फायर कर दिया। गोली लगते ही राजा सिंह लहूलुहान होकर गिर गया, जिसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए जबलपुर के मेडिकल अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में भर्ती घायल व्यापारी के होश में आने के बाद पुलिस ने उसके अधिकारिक बयान दर्ज किए और आरोपी किसान सोहन सिंह के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share This Article
error: This Content is protected !!