
जबलपुर। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर संगठन को मजबूत करने के लिए जबलपुर ग्रामीण कांग्रेस आरटीआई प्रकोष्ठ का नया जिला अध्यक्ष अनिकेत मिश्रा को बनाया गया है। आरटीआई प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पुनीत टंडन ने यह नियुक्ति पत्र जारी करते हुए तत्काल प्रभाव से उन्हें जिम्मेदारी सौंप दी है। इस नियुक्ति के साथ ही नए जिला अध्यक्ष से उम्मीद की गई है कि वे सूचना के अधिकार कानून का सही इस्तेमाल करके जनता की समस्याओं को मजबूती से प्रशासन के सामने रखेंगे। संगठन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय लोगों को जागरूक करना और सरकारी कामकाज में पारदर्शिता लाना है। इसके साथ ही वे कांग्रेस की विचारधारा और जनकल्याणकारी नीतियों को गांव-गांव तक पहुँचाने का काम करेंगे ताकि जमीनी स्तर पर पार्टी को नई ऊर्जा मिल सके।
पारदर्शिता और जवाबदेही पर रहेगा मुख्य फोकस
नवनियुक्त अध्यक्ष ने जिम्मेदारी मिलने पर वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया है। उनका कहना है कि शीर्ष नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी दी है, उस पर वे पूरी तरह खरे उतरेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में आरटीआई कानून के जरिए भ्रष्टाचार पर लगाम लगाना और आम जनता की आवाज को बुलंद करना उनकी सबसे पहली प्राथमिकता होगी। इस नियुक्ति पर जबलपुर के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी है।
