इंस्टाग्राम पर पुराना वीडियो डालने को लेकर विवाद, दमोहनाका में युवक को मारी गोली

Newzo
Newzo - News Editor 51 Views
4 Min Read

जन्मदिन पर पिटाई का वीडियो पोस्ट करने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दमोहनाका इलाके में इंस्टाग्राम पोस्ट और पुरानी रंजिश के चलते दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। आरोपी आदि दीक्षित ने अपने जन्मदिन पर पिटाई का पुराना वीडियो पोस्ट करने से नाराज होकर साथियों के साथ मिलकर दूसरे गुट पर चाकू और पिस्टल से हमला कर दिया। आरोपी ने जान से मारने की नीयत से सरेराह गोली चला दी, जो महादेव ट्रेडर्स कंपनी में काम करने वाले 18 वर्ष के अमन उर्फ अम्बर श्रीवास के पैर में जा लगी। घटना के बाद घायल अमन श्रीवास को गंभीर हालत में इलाज के लिए नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोहलपुर थाना पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर मुख्य आरोपी आदि दीक्षित, हर्ष कोष्टा, पीयूष सोनी और अंश सिंह ठाकुर समेत अन्य साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

​इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करने से शुरू हुई रंजिश

​बढ़ई मोहल्ला दमोहनाका निवासी घायल अमन श्रीवास के दोस्त रितिक ठाकुर का इलाके के आदि दीक्षित के साथ पुराना मनमुटाव चल रहा था। बीते 26 मई को आदि दीक्षित के जन्मदिन पर रितिक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर आदि की पिटाई का एक पुराना वीडियो शेयर कर दिया। अमन ने भी इस पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर मेंशन कर दिया। इसे देखकर आदि दीक्षित नाराज हो गया और अगले दिन 27 मई को अपने साथियों के साथ मिलकर अमन और रितिक को ढूंढने लगा। जानकारी मिलने पर अमन ने आदि को फोन किया तो आदि ने फोन पर गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। दोनों के बीच फोन पर 8 बार बातचीत हुई। अगले दिन 28 मई को आदि ने इंस्टाग्राम पर अमन को मैसेज भेजा और डरपोक कहा। इसके बाद शाम को रितिक ठाकुर की आदि दीक्षित से बात हुई, जिसमें कॉन्फ्रेंस कॉल पर अंश सिंह ठाकुर और पीयूष सोनी भी जुड़े। दोनों पक्षों के बीच रात में दमोहनाका के पास मिलकर समझौता करने की बात तय हुई।

​समझौते के दौरान हुआ हमला और सरेराह फायरिंग

​तय समझौते के अनुसार रात करीब 10:30 बजे अमन श्रीवास, रितिक ठाकुर और अंश सिंह ठाकुर छोटे फुहारा में अतुल मेडिकल के सामने खड़े थे। तभी रितिक के फोन करने पर आदि दीक्षित, पीयूष सोनी, हर्ष कोष्टा और अन्य लड़के मोपेड व स्कूटी से वहां पहुंचे। बातचीत के दौरान आदि दीक्षित ने अचानक रितिक को चांटा मार दिया। बीच-बचाव के दौरान हर्ष कोष्टा ने जेब से धारदार चाकू निकाल लिया। अमन और रितिक ने हर्ष से चाकू छीनकर जमीन पर फेंक दिया। इसी बीच अमन की मां भी मौके पर पहुंच गईं। मां को देखकर अमन ने ध्यान हटाया तो हर्ष ने दोबारा चाकू उठा लिया। इसी दौरान मुख्य आरोपी आदि दीक्षित ने अपनी स्कूटी की डिग्गी से पिस्टल निकालकर पहले हवा में फायर किया। इसके बाद आदि दीक्षित ने सीधे अमन पर निशाना साधकर ट्रिगर दबाया। पहली बार में गोली मिसफायर हो गई, लेकिन आरोपी ने तुरंत दोबारा फायर झोंक दिया। गोली सीधे अमन के बाएं पैर के टखने के पास लगी। बचाव में घायल पक्ष ने पत्थर उठाए तो आरोपी मिलौनीगंज की तरफ भाग गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296(बी), 115(2), 109(1), 351(3) और 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

Share This Article
error: This Content is protected !!