जबलपुर: मैडम फुटवेयर और आरके फुटवेयर में पूमा की नकली चप्पलों का कारोबार पकड़ाया

Newzo
Newzo - News Editor 36 Views
3 Min Read

जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में पूमा ब्रांड के नाम का दुरुपयोग कर नकली स्लाईडर्स बेचने का एक बड़ा मामला सामने आया है। दिल्ली की एक लॉ फर्म के प्रतिनिधि मयंक शर्मा की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कार्रवाई के निर्देश दिए। कोतवाली थाना प्रभारी मानस द्विवेदी की टीम ने तुलाराम चौक स्थित मैडम फुटवेयर और जामा मस्जिद के पीछे अंधेरदेव स्थित आरके फुटवेयर पर दबिश दी। इस कार्रवाई में मैडम फुटवेयर के मालिक पंकज खत्री के पास से 284 जोड़ी और आरके फुटवेयर के मालिक आवेद अली के पास से 308 जोड़ी नकली स्लाईडर्स बरामद हुए। दोनों दुकानदारों के पास से कुल 592 जोड़ी नकली चप्पलें जब्त की गई हैं, जिनकी कुल कीमत 1 लाख 77 हजार 600 रुपये है।

​पहली नजर में लगता है असली है माल

​पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों होलसेलर दुकानदार पूमा कंपनी के नाम का सहारा लेकर आम जनता को नकली उत्पाद बेच रहे थे। यह कृत्य सीधे तौर पर कॉपीराइट अधिनियम के तहत अपराध की श्रेणी में आता है। पंकज खत्री और आवेद अली द्वारा पूमा कंपनी के लोगो और नाम का उपयोग करके ग्राहकों को धोखा दिया जा रहा था। इन दोनों दुकानदारों की दुकानों से बरामद हुआ सामान हुबहू असली जैसा दिखता था, जिसे पकड़ पाना आम ग्राहकों के लिए मुश्किल था। इस मामले में पुलिस ने धारा 51 और 63 कॉपीराइट अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

​पुलिस ने जब्त किया लाखों का नकली माल

​कोतवाली पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से शहर के अन्य नकली सामान बेचने वाले दुकानदारों में डर का माहौल है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन होलसेलर्स को यह नकली खेप कहां से और किसके माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही थी। नगर पुलिस अधीक्षक रीतेश कुमार शिव के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में पुलिस टीम ने मौके पर ही सभी नकली स्लाईडर्स को जब्त कर लिया। प्रशासन का कहना है कि ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर चल रहे इस तरह के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए आने वाले दिनों में और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित सामान मिल सके।

Share This Article
error: This Content is protected !!