
पेड़ से टकराई स्कार्पियो में मिला अवैध शराब का बड़ा जखीरा, गोसलपुर पुलिस ने 25 पेटी में 1250 पाव देशी शराब और वाहन किया जब्त, अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू
जबलपुर। जिले में नशीले पदार्थों और अवैध शराब के काले कारोबार पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोसलपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को असामाजिक तत्वों एवं अवैध कारोबार में लिप्त लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी निर्देश के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा और एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिंघारिया (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में गोसलपुर थाना प्रभारी भावना तिवारी के नेतृत्व में पुलिस बल ने लावारिस हालत में मिली एक क्षतिग्रस्त गाड़ी से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है।
घटनाक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी गोसलपुर भावना तिवारी ने बताया कि 27-8-26 की रात गश्त और पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि रामपुर नर्सरी के पहले एक काले रंग की स्कार्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। नेशनल हाईवे 30 पर रामपुर नर्सरी के पहले सड़क किनारे काले रंग की स्कार्पियो क्रमांक एमपी 09 व्ही 7688 दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में खड़ी मिली। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का सामने का शीशा, बोनट और हेडलाइट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके थे। पुलिस टीम ने आसपास वाहन चालक अथवा मालिक की तलाश की, परंतु मौके पर कोई व्यक्ति उपस्थित नहीं मिला।
संदेह होने पर जब पुलिस ने वाहन की सघन तलाशी ली, तो स्कार्पियो के अंदर पीछे की तरफ बड़ी संख्या में कार्टून रखे दिखाई दिए। जांच करने पर कुल 25 कार्टून मिले, जिनमें 1250 पाव देशी शराब रखी हुई थी। इसके अलावा गाड़ी की अगली सीट के पास से सौरभ यादव के नाम का पहचान पत्र, भूपेन्द्र रोहत के नाम के रजिस्ट्रेशन कार्ड की छायाप्रति और सामने के टूटे कांच पर एसबीआई का फास्टटैग लगा मिला। पुलिस ने लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की 1250 पाव शराब, प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन और मिले हुए सभी दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक रमेश तिवारी, प्रधान आरक्षक ब्रजेश मिश्रा, छोटे सिंह तथा आरक्षक जितेन्द्र, उदय और राजीव की सराहनीय भूमिका रही।
पुरानी रंजिश में युवक पर पेट्रोल उड़ेलकर लगाई आग
खितौला पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार, फरार साथी की तलाश तेज
जबलपुर। खितौला थाना क्षेत्र अंतर्गत लखराम मोहल्ले में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करते हुए पेट्रोल डालकर आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके फरार साथी की तलाश की जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 27-8-26 की रात लखराम मोहल्ला खितौला निवासी 20 वर्षीय राजकुमार केवट ने थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित राजकुमार ने बताया कि 27-8-26 की शाम लगभग 6 बजे वह अपने साथी सौरभ बर्मन के साथ मोहल्ले में ही विसला वंशकार के घर के पास बैठकर बीड़ी पी रहा था। उसी दौरान पुरानी बुराई को लेकर मोहल्ले का रहने वाला 18 वर्षीय गुरू कुचबंधिया अपने साथी सौरभ कुचबंधिया के साथ वहां आ धमका। गुरू कुचबंधिया के हाथ में प्लास्टिक की एक बोतल थी, जिसमें पेट्रोल भरा हुआ था।
आरोपियों ने वहां पहुंचते ही पुरानी रंजिश का हवाला देकर विवाद शुरू कर दिया और जान से मारने की नीयत से गुरू कुचबंधिया ने पीड़ित के चेहरे पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। पेट्रोल की वजह से आग तेजी से भड़की, जिससे राजकुमार का चेहरा और दोनों हाथों के पंजे गंभीर रूप से झुलस गए। पास बैठे साथी सौरभ बर्मन ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह आग को बुझाया और पीड़ित की जान बचाई। इस दौरान दोनों आरोपी गाली-गलौज करते हुए और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 296(ए), 351(2) और 3(5) बीएनएस के तहत गंभीर धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा और एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिंघारिया (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी खितौला चन्द्रकांत झा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने दबिश देकर मुख्य आरोपी गुरू कुचबंधिया को हिरासत में ले लिया और उसके पास से घटना में प्रयुक्त पेट्रोल की खाली बोतल बरामद कर ली। पुलिस फरार आरोपी सौरभ कुचबंधिया की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
व्यापारी के बैंक खाते में सेंधमारी कर 1 लाख 90 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी
लार्डगंज पुलिस ने अज्ञात साइबर जालसाज के खिलाफ दर्ज किया धोखाधड़ी का अपराध
जबलपुर। शहर में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। लार्डगंज थाना क्षेत्र में एक व्यापारी के बैंक खाते से बिना किसी पूर्व सूचना और ओटीपी के अज्ञात ठग ने किस्तों में 1 लाख 90 हजार रुपये की रकम पार कर दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
घटना के संबंध में लार्डगंज पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 27-8-26 की रात जवाहरगंज लार्डगंज निवासी 66 वर्षीय व्यापारी अशोक कुमार पोद्दार ने थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित व्यापारी ने बताया कि उनका एयू स्माल फाइनेंस बैंक में खाता संचालित है, जिसका उपयोग वे अपने नियमित व्यापारिक लेन-देन के लिए करते हैं। 22-8-26 से 23-8-26 के मध्य किसी अज्ञात शातिर व्यक्ति ने तकनीकी हेरफेर और छलपूर्वक उनके बैंक खाते में सेंध लगा दी।
शातिर ठग ने पीड़ित के खाते से तीन अलग-अलग किस्तों में राशि निकाली। पहले 45 हजार रुपये, फिर 50 हजार रुपये और अंत में 95 हजार रुपये, इस प्रकार कुल मिलाकर 1 लाख 90 हजार रुपये की राशि अवैध रूप से निकाल ली गई। हैरानी की बात यह रही कि शुरुआती लेन-देन के दौरान पीड़ित के मोबाइल फोन पर बैंक की तरफ से कोई भी मैसेज या ओटीपी नहीं आया। इसके बाद 23-8-26 को जब 95 हजार रुपये कटने का मैसेज मोबाइल पर आया, तब व्यापारी को अपने साथ धोखाधड़ी होने का अंदेशा हुआ।
मैसेज देखकर पीड़ित तत्काल बैंक शाखा पहुंचे और अपने बैंक खाते का स्टेटमेंट निकलवाया। बैंक विवरण की जांच करने पर पता चला कि अज्ञात साइबर जालसाज ने 22-8-26 और 23-8-26 के बीच साइबर फ्रॉड को अंजाम देते हुए पूरे 1 लाख 90 हजार रुपये खाते से उड़ा दिए हैं। इसके बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर पूरा मामला बताया। लार्डगंज थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और साइबर सेल की मदद से खाते के लेन-देन का विवरण खंगालकर आरोपी की पहचान में जुट गई है।
त्योहार पर घर आए लाइनमैन के छोटे भाई ने फांसी लगाकर दी जान
कुण्डम के ग्राम मोहनी में दीवार तोड़कर शव को निकाला गया बाहर, पुलिस जांच में जुटी
जबलपुर। जिले के कुण्डम थाना अंतर्गत ग्राम मोहनी में एक 35 वर्षीय युवक द्वारा घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। परिजनों ने बंद कमरे की दीवार तोड़कर युवक को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा बनाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
कुण्डम पुलिस को दी गई जानकारी में ग्राम मोहनी निवासी 45 वर्षीय रघुनाथ परस्ते ने बताया कि वह मुरैन में विद्युत विभाग में लाइनमैन के पद पर पदस्थ हैं और वर्तमान में त्योहार के अवसर पर अवकाश लेकर अपने पैतृक गांव मोहनी आए हुए हैं। 27-8-26 की शाम लगभग 6 बजे उनका छोटा भाई 35 वर्षीय दुर्योधन सिंह परस्ते अपने घर में अकेला था, क्योंकि उसकी पत्नी कुछ दिनों पहले मायके गई हुई थी।
शाम के समय रघुनाथ के बड़े भाई के बेटे अनुराग सिंह ने फोन पर सूचना दी कि चाचा दुर्योधन ने अंदर से कमरे का दरवाजा बंद कर लिया है और काफी देर से कोई हलचल नहीं हो रही है। सूचना मिलते ही रघुनाथ तत्काल मौके पर पहुंचे और देखा कि कमरे का मुख्य दरवाजा अंदर से कुंडी लगाकर बंद किया गया है। परिजनों और पड़ोसियों ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया और आवाजें दीं, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया।
अनहोनी की आशंका होने पर परिजनों ने सब्बल की मदद से किनारे की दीवार खोदी और ईंटें हटाकर अंदर देखा। कमरे के अंदर दुर्योधन कमरे में लगे सीलिंग पंखे से साड़ी का फंदा बनाकर लटका हुआ था। इसके बाद परिजनों ने तत्काल दीवार को तोड़कर रास्ता बनाया और दुर्योधन को फंदे से नीचे उतारकर फौरन कुण्डम अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर ने परीक्षण उपरांत दुर्योधन सिंह परस्ते को मृत घोषित कर दिया। कुण्डम थाना पुलिस ने सूचना पर मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पड़ताल शुरू कर दी है।
