
डीजी होटल के पोर्च में चल रहे जुआ फड़ पर मदनमहल पुलिस का छापा, 12 जुआड़ी रंगे हाथ पकड़ाए
मौके से 22500 रुपये और ताश पत्ते जब्त, नाल काटने वाला होटल संचालक शिवम फरार
जबलपुर। संगठित अपराध, जुआ और सट्टा खिलाने वालों के खिलाफ जबलपुर पुलिस अधीक्षक सम्पत्त उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर लगातार कार्रवाई जारी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ (भा.पु.से.) और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली अखिलेश गौर के मार्गदर्शन में मदनमहल पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना प्रभारी मदनमहल धीरज राज की टीम ने एचडीएफसी बैंक के पास स्थित डिजनी होटल के पोर्च में चल रहे जुआ फड़ पर दबिश देकर 12 जुआरियों को ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को 9-8-26 की रात विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि डिजनी होटल के पोर्च में कुछ लोग रुपयों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और 12 लोगों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में बीड़ी कारखाना अनवर गंज हनुमानताल निवासी गोपाल रैकवार उम्र 31 वर्ष, बड़ी खेरमाई हनुमानताल निवासी दीपक रैकवार उम्र 30 वर्ष, खाई मोहल्ला हनुमानताल निवासी अमित वर्मा उर्फ ताऊ उम्र 27 वर्ष, फूटाताल बढ़ई मोहल्ला बेलबाग निवासी प्रियांशु कश्यप उम्र 24 वर्ष, नर्मदा नगर गोहलपुर निवासी मुक्कू उर्फ मुकेश साहू उम्र 32 वर्ष, बढ़ई मोहल्ला फूटाताल हनुमानताल निवासी प्रियंक उर्फ भोला श्रीवास्तव उम्र 23 वर्ष, बस्ती नम्बर 1 गोहलपुर निवासी कादर अहमद अंसारी उम्र 22 वर्ष, हनुमानताल थाना के पीछे रहने वाला सुमित सोनकर उम्र 23 वर्ष, सरकारी कुआं घमापुर निवासी मोसही खान उम्र 29 वर्ष, तीसरा पुल लियो कम्पाउंड कैंट निवासी मोहम्मद शहनवाज शेख उम्र 34 वर्ष, शीतलामाई घमापुर निवासी आशीष उर्फ बंटी पासी उम्र 30 वर्ष और ठक्कर ग्राम नूरानी मस्जिद के पास हनुमानताल निवासी हसन जहांगीर उर्फ कालू उम्र 31 वर्ष शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि होटल संचालक शिवम नाल की राशि लेकर वहां जुआ खिलवा रहा था। पुलिस ने फड़ और जुआरियों के पास से ताश के पत्ते एवं कुल 22500 रुपये नकद जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ एक्ट एवं 49 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार होटल संचालक शिवम की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक सतीश अनुरागी, प्रधान आरक्षक के.के. श्रीवास, बलदेव, दुर्गेश तथा आरक्षक आदित्य एवं बालराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुष्पनगर में काम से मना करने पर ठेकेदार पर जानलेवा हमला, चाकूबाजी करने वाले दो आरोपी नामजद
शास्त्रीनगर निवासी ठेकेदार नीरज चढ़ार के गाल और सिर पर धारदार हथियार से किया वार
जबलपुर। शहर के लॉर्डगंज थाना अंतर्गत यादव कॉलोनी चौकी क्षेत्र में एक ठेकेदार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद घायल को इलाज के लिए मोहनलाल हरगोविंददास अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित नीरज चढ़ार उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम आरछा पाटन वर्तमान में शास्त्रीनगर में मुकेश पटेल के मकान में किराये से रहता है और भवन निर्माण की ठेकेदारी करता है।
पीड़ित नीरज ने पुलिस को बताया कि 6-8-26 की सुबह लगभग 11 बजे उसकी पुष्पनगर स्थित साइट पर अनुज पटेल शराब के नशे में काम करने पहुंचा। शराब पीकर लोहा बांधने का काम करने से मना करने पर अनुज पटेल गाली-गलौज कर विवाद करने लगा और वहां से चला गया। उसी दिन शाम लगभग 6:30 बजे जब नीरज साइट बंद करके अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था, तभी कछपुरा ब्रिज से रेलवे फाटक के बीच रोड किनारे रामपुर गोरखपुर निवासी अनुज पटेल अपने एक साथी के साथ खड़ा मिला।
अनुज पटेल ने नीरज को देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उसे अपमानित किया। इसके बाद अनुज ने नीरज की मोटरसाइकिल पीछे से खींचकर रोक ली और जान से मारने की नीयत से चाकू से उसकी गर्दन पर वार किया। बचाव करने पर चाकू नीरज के गाल पर लगा, जिससे वह घायल हो गया। इसी बीच अनुज के साथी ने भी धारदार हथियार से नीरज के सिर पर हमला कर दिया।
घटनास्थल पर पीड़ित के भाई सीताराम चढ़ार और अन्य लोगों को आता देख दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धारा 109(1), 126(2), 296(ए), 3(5) बीएनएस और 3(2)(v) एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की तलाश में पुलिस की टीम जुटी हुई है।
कैंट इलाके में नाबालिग से शराब के लिए रुपये मांगने पर मारपीट, लोहे की रॉड और नुकीली वस्तु से हमला
ग्वारीघाट से लौटते समय चौथा पुल के पास निहाल ग्राणिया ने दिया वारदात को अंजाम
जबलपुर। कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत शराब पीने के लिए पैसे न देने पर एक नाबालिग के साथ बेरहमी से मारपीट और हमला करने का मामला सामने आया है। घटना 9-8-26 की शाम की है, जिसकी रिपोर्ट पीड़ित ने कैंट थाने में दर्ज कराई है।
झामनदास चौक सिंधी क्वार्टर घमापुर निवासी 16 वर्षीय आलोक श्रीवास ने बताया कि 9-8-26 की शाम लगभग 4 बजे वह अपने दोस्त आर्यन चौहान के साथ मोटरसाइकिल से ग्वारीघाट दर्शन करने गया था। शाम करीब 5:30 बजे जब वे दर्शन करके वापस लौट रहे थे, तभी बिरमानी पेट्रोल पंप के पास आरोपी खड़ा था। आरोपी ने आलोक को देखते ही शराब पीने के लिए पैसों की मांग शुरू कर दी। आलोक ने पैसे देने से मना कर दिया और अपनी मोटरसाइकिल मोड़कर चौथा पुल की ओर बढ़ने लगा।
पीछे से आरोपी निहाल ग्राणिया वहां पहुंच गया और चौथा पुल के पास आलोक की मोटरसाइकिल में अपनी गाड़ी से लात मार दी। इससे आलोक और उसका दोस्त मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर पड़े। आलोक जान बचाकर सड़क के दूसरी ओर लक्की ऑटोमोबाइल दुकान की तरफ भागा, लेकिन निहाल ग्राणिया उसका पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गया।
निहाल ने आलोक से दोबारा शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगे। जब आलोक ने पैसे देने से मना किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद आरोपी ने किसी नुकीली वस्तु से वार कर आलोक की दोनों जांघों में चोट पहुंचा दी और पास में पड़ी लोहे की रॉड से उसके दोनों कंधों और पैरों पर हमला कर दिया। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गया। पुलिस ने धारा 296(ए), 118(1), 119(1), 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
गोहलपुर में मवेशी व्यापारी के भाई पर चाकू से हमला, आरोपी अफसर जला ने पैसे न देने पर की वारदात
रद्दी चौकी से लौट रहे युवक को दफ्तर में ले जाकर पीटा, विक्टोरिया अस्पताल में उपचार जारी
जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र में मवेशी का कारोबार करने वाले एक युवक पर चाकू से हमला करने की घटना सामने आई है। आरोपी ने पैसों की मांग की थी और मना करने पर वारदात को अंजाम दिया।
बहादुर गंज अखाड़ा हनुमानताल निवासी इस्तकार कुरैशी उम्र 29 वर्ष ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वह और उसका छोटा भाई चांद कुरैशी दोनों मवेशी खरीदने और बेचने का व्यवसाय करते हैं। 9-8-26 की रात लगभग 3:30 बजे चांद कुरैशी ने अपनी मां सुल्ताना के मोबाइल पर फोन करके बताया कि अफसर जला नामक युवक ने उस पर चाकू से हमला कर दिया है और वह घायल हो गया है।
सूचना मिलते ही इस्तकार तुरंत मौके पर पहुंचा। चांद ने बताया कि वह रद्दी चौकी स्थित पेट्रोल पंप से अपनी मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहा था। रास्ते में आरोपी अफसर जला ने आवाज देकर उसे रोका और अपने भाई के दफ्तर के अंदर ले गया। वहां आरोपी उससे पैसों की मांग करने लगा।
जब चांद ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी अफसर जला गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद आरोपी ने चाकू से हमला कर चांद की पिंडली में चोट पहुंचा दी और जान से मारने की धमकी दी। घायल चांद को तत्काल उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया। गोहलपुर पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपी अफसर जला के खिलाफ धारा 296(बी), 118(1), 119(1) और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
व्यौहारबाग से घर लौट रहे फर्नीचर कारीगर से पार्टी के लिए मांगे 5 हजार रुपये, मना करने पर चाकू मारा
गोहलपुर थाना क्षेत्र की बरकतउल्ला मस्जिद के पास एक्टिवा सवार नोबिन, अयान और अरमान ने की मारपीट
जबलपुर। गोहलपुर थाना इलाके में अड़ीबाजी कर पार्टी के नाम पर रंगदारी मांगने और मना करने पर चाकूबाजी की वारदात सामने आई है। 9-8-26 की शाम को हुई इस घटना में एक फर्नीचर कारीगर घायल हो गया।
ठक्कर ग्राम हनुमानताल निवासी मो. कैफ अंसारी उम्र 19 वर्ष ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह फर्नीचर का काम करता है। 9-8-26 की शाम लगभग 4 बजे वह व्यौहारबाग स्थित दुकान से काम निपटाकर पैदल अपने घर की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह बरकतउल्ला मस्जिद के सामने राजा स्टीक के पास पहुंचा, तभी पीछे से एक एक्टिवा स्कूटर पर सवार होकर नोबिन अपने दो साथियों अयान और अरमान के साथ वहां आ धमका।
तीनों ने कैफ का रास्ता रोक लिया और उससे पार्टी करने के नाम पर 5 हजार रुपये की मांग करने लगे। कैफ ने जब रुपये देने से मना किया तो तीनों आरोपी उग्र हो गए और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। जब कैफ ने गालियां देने से मना किया तो तीनों ने मिलकर उस पर हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया।
मारपीट के दौरान आरोपी अयान ने अपने पास रखा चाकू निकालकर कैफ की बांयी जांघ पर मार दिया। वारदात के बाद तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी एक्टिवा से भाग निकले। गोहलपुर पुलिस ने पीड़ित मो. कैफ अंसारी की रिपोर्ट पर तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(बी), 115(2), 119(1), 351(3) और 3(5) के तहत मामला पंजीकृत कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
रांझी में ऑनलाइन पेमेंट कर रहे युवक से शराब के लिए 1 हजार रुपये की अड़ीबाजी, चाकू से हमला
बड़ा पत्थर शराब दुकान के पास समोसा लेते समय हरिओम, बच्चा पासी और पवन पासी ने की मारपीट
जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में शराब दुकान के पास ऑनलाइन पेमेंट कर रहे एक युवक से अवैध रूप से पैसों की मांग कर चाकू से हमला करने का मामला दर्ज हुआ है। वारदात 9-8-26 की रात की है।
नई बस्ती झंडा चौक निवासी विष्णु राजपूत उम्र 35 वर्ष ने रांझी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह पैरागोन कंपनी में काम करता है। 9-8-26 की रात लगभग 10 बजे वह अपने दोस्तों नीरज दाहिया और अमित ठाकुर के साथ बड़ा पत्थर स्थित शराब दुकान के सामने समोसे की दुकान पर समोसा खरीदने गया था। समोसा लेने के बाद विष्णु अपने मोबाइल से Paytm के जरिए ऑनलाइन पेमेंट कर रहा था।
इसी दौरान वहां पहले से मौजूद हरिओम झारिया, बच्चा पासी और पवन पासी उसके पास आए। तीनों आरोपियों ने विष्णु से शराब पीने के लिए अवैध रूप से 1 हजार रुपये की मांग की। जब विष्णु ने पैसे देने से मना कर दिया तो तीनों आरोपी गाली-गलौज करते हुए उससे छीनाझपटी करने लगे।
विवाद बढ़ते ही हरिओम झारिया और पवन पासी ने विष्णु को पकड़ लिया, जबकि बच्चा पासी ने चाकू निकालकर उसकी बांये पैर की जांघ पर दो जगह वार कर दिया। इसके बाद तीनों आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। रांझी पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर धारा 296(बी), 119(1), 351(2) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कुण्डम के कल्याणपुर में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने मारी टक्कर, दो लोग गंभीर रूप से घायल
बरेला से लौटते समय पोल्ट्री फार्म के पास हुआ हादसा, अज्ञात बाइक चालक पर लापरवाही का मामला दर्ज
जबलपुर। कुण्डम थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव के पास एक सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो युवक घायल हो गए। हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ।
ग्राम पड़रिया निवासी मुकेश यादव उम्र 35 वर्ष ने कुण्डम थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। मुकेश ने बताया कि 9-8-26 को उसका बड़ा भाई संतलाल यादव अपने काम से गौर बरेला गया हुआ था। रात लगभग 8:15 बजे जब मुकेश अपने घर पर था, तभी संतलाल ने उसे फोन कर दुर्घटना की जानकारी दी। संतलाल ने बताया कि वह अपने दोस्त सुरेश कुशवाहा के साथ मोटरसाइकिल से बरेला से वापस अपने गांव पड़रिया लौट रहा था। रात करीब 8 बजे जैसे ही वे कल्याणपुर पोल्ट्री फार्म के पास पहुंचे, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी।
सूचना मिलते ही मुकेश यादव अपने साथी किश्न मरावी के साथ तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंचा। वहां उसने देखा कि उसका भाई संतलाल यादव और सुरेश कुशवाहा दोनों सड़क किनारे घायल हालत में पड़े हुए थे। उनके हाथ, पैर और शरीर में चोटें आई थीं।
घायलों ने बताया कि पीछे से आ रही मोटरसाइकिल संख्या MP 20 ZM 6827 के चालक ने बेहद तेज गति और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी थी, जिससे वे दोनों गिर गए। मुकेश ने दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए जबलपुर भिजवाया। कुण्डम पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ धारा 281 और 125(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
