जबलपुर क्राइम बुलेटिन: फर्जी एग्रीमेंट कर लगाया लाखों का चूना, गोदाम से टीवी ले गए चोर

Newzo
Newzo - News Editor 3 Views
8 Min Read

जमीन बेचने का अनुबंध कर 7 लाख 81 हजार रुपये हड़पने वाले के खिलाफ मामला दर्ज

विजयनगर पुलिस ने जांच के बाद आरोपी प्रानेश जैन पर दर्ज किया बीएनएस की धारा में केस

जबलपुर। विजयनगर थाना क्षेत्र में जमीन बेचने का झांसा देकर लाखों रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की लिखित शिकायत और बैंक लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की विस्तृत जांच के बाद आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। अधारताल के संजय नगर निवासी 42 वर्षीय संदीप श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि प्रानेश जैन ने मौजा माढ़ोताल स्थित अपनी भूमि बेचने का आश्वासन दिया था।

​इस सौदे को लेकर दोनों पक्षों के बीच दिनांक 14-6-24 को विक्रय अनुबंध निष्पादित हुआ था। अनुबंध और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर आरोपी ने फरियादी से कुल 7 लाख 81 हजार रुपये लिए। इसमें से 5 लाख 81 हजार रुपये अनुबंध के दौरान और 2 लाख रुपये बाद में आरटीजीएस के माध्यम से दिए गए थे।

​रकम लेने के बाद आरोपी ने जमीन को विवादित बताते हुए रजिस्ट्री कराने से मना कर दिया। जब पीड़ित ने अपनी राशि वापस मांगी, तो प्रानेश जैन ने पहले एक चेक दिया। इसके बाद दिनांक 27-2-26 को अनुबंध निरस्तीकरण के बाद तीन अलग-अलग चेक दिए गए। फरियादी ने जब चेक बैंक में लगाए, तो खाते में अपर्याप्त राशि होने के कारण वे बाउंस हो गए। विधिक नोटिस भेजने पर भी आरोपी ने भुगतान नहीं किया।

​जांच के दौरान पुलिस ने अनुबंध पत्र, बैंक स्टेटमेंट, आरटीजीएस विवरण और चेक बाउंस के दस्तावेजों का परीक्षण किया। आरोपी ने भी पूछताछ में राशि लेने और चेक अनादरित होने की बात स्वीकार की। इसके बाद विजयनगर पुलिस ने आरोपी प्रानेश जैन के खिलाफ धारा 316 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

जबलपुर में अवैध शराब के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, 418 पाव और बाइक जब्त

गोरखपुर और सिहोरा पुलिस की कार्रवाई, शराब सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी की तलाश

जबलपुर। पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय भा.पु.से. के निर्देश पर अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन 2 पल्लवी शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एम.डी. नागौतिया और प्रभारी एसडीओपी सिहोरा व पाटन लोकेश डाबर के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने 418 पाव देशी शराब के साथ आरोपियों को पकड़ा है।

​गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल के अनुसार, दिनांक 15-8-26 की रात रामपुर चौकी को सूचना मिली कि मांडवा टेंडर 2 निवासी 20 वर्षीय सुमित गोंड़ उर्फ पीके बिल्डिंग नंबर एल 19 टेंडर 2 मांडवा बस्ती की छत पर अवैध शराब रखे हुए है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सुमित गोंड़ को पकड़ा। उसके पास रखी 2 बोरियों और 1 पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर लगभग 35 हजार रुपये मूल्य की 318 पाव देशी शराब मिली।

​पूछताछ में उसने बताया कि वह पिछले 15 दिनों से टेंडर 2 मांडवा निवासी अंकित रैकवार के कहने पर 350 रुपये प्रतिदिन लेकर शराब बेच रहा था। पुलिस ने धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार अंकित रैकवार की तलाश शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में रामपुर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक महेन्द्र जाटव, आरक्षक रामकृष्ण शर्मा, रीतेश नेमा और योगेन्द्र सिंह की मुख्य भूमिका रही।

​दूसरी कार्रवाई में सिहोरा पुलिस ने दिनांक 15-8-26 की रात गढ़ा मोहल्ला में दबिश देकर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों में ग्राम नैगवां निवासी 26 वर्षीय रोहित दाहिया और गढ़ा मोहल्ला निवासी 19 वर्षीय पवन कोल शामिल हैं। इनके पास से बाइक पर काले तौलिए में रखी 2 पेटियों से 100 पाव देशी शराब जब्त कर धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

जबलपुर में राहगीरों से मोबाइल छीनने वाले बाइक सवार गिरोह की तलाश जारी

घमापुर में व्यापारी से आईफोन और ओमती में छात्र से छीना गया मोबाइल, प्राथमिकी दर्ज

जबलपुर। शहर के घमापुर और ओमती थाना क्षेत्रों में बाइक सवार बदमाशों द्वारा मोबाइल छीनने की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस ने पीड़ितों की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

​पहली घटना घमापुर थाना क्षेत्र की है। नेपियर टाउन ओमती निवासी 43 वर्षीय रितेश मोगिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे एफएमसीजी कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर हैं और उनकी दुकान झामनदास चौक में आर.के. ट्रेडर्स के सामने है। दिनांक 14-8-26 की शाम वे मोबाइल पर बात करते हुए अपनी दुकान के सामने टहल रहे थे।

​तभी पीछे से बिना नंबर की बाइक पर 2 युवक आए और उनके हाथ से एप्पल कंपनी का आईफोन 13 छीनकर भाग गए। बाइक चालक ने काली-सफेद टी-शर्ट, लोअर और सफेद टोपी पहन रखी थी, जबकि पीछे बैठा युवक जींस और शर्ट पहने था। दोनों आरोपी गोपाल होटल की तरफ भाग निकले। घमापुर पुलिस ने धारा 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है।

​दूसरी घटना ओमती थाना क्षेत्र में हुई। केशवकुटी लार्डगंज निवासी 28 वर्षीय एलएलबी छात्र रोहित साहू दिनांक 15-8-26 की रात अपने दोस्त के घर से पैदल लौट रहा था। रात करीब 9-30 बजे भंवरताल गार्डन रोड पर सुजुकी शोरूम के सामने बाइक सवार 2 अज्ञात युवकों ने उसके हाथ से लगभग 12 हजार रुपये कीमत का पोको मोबाइल छीन लिया।

​पीछे बैठे युवक ने सफेद टी-शर्ट पहन रखी थी। ओमती पुलिस ने धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शक्तिनगर में गोदाम का ताला तोड़कर छह एलईडी टीवी चोरी

गढ़ा पुलिस ने व्यवसायी की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ दर्ज किया प्रकरण

जबलपुर। गढ़ा थाना अंतर्गत शक्तिनगर क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक इलेक्ट्रॉनिक गोदाम को निशाना बनाते हुए लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने गोदाम का मूल ताला तोड़कर अंदर से सामान निकाला और बाहर दूसरा ताला लगाकर फरार हो गए।

​शिवार्थ एलिंजा कालोनी गोराबाजार निवासी 45 वर्षीय वैभव लालवानी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनका इलेक्ट्रॉनिक और गिफ्ट आइटम का गोदाम आशीर्वाद गार्डन के पास शक्तिनगर में है। वे दिनांक 14-8-26 की रात लगभग 9 बजे अपने गोदाम में ताला लगाकर घर चले गए थे।

​दिनांक 15-8-26 की सुबह लगभग 11 बजे जब वे गोदाम पहुंचे तो शटर पर दूसरा नया ताला लगा हुआ मिला। संदेह होने पर जब उन्होंने ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया, तो अंदर पुराना ताला टूटा हुआ पड़ा मिला।

​गोदाम में रखी सामग्री की जांच करने पर रैक से जेब्रोनिक्स कंपनी की 6 नग एलईडी टीवी गायब मिलीं। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 56 हजार 86 रुपये बताई गई है। पीड़ित की शिकायत पर गढ़ा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। 

Share This Article
error: This Content is protected !!