
जबलपुर। जिले के पाटन उप-जेल में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए एक गंभीर घटना सामने आई है। शराब के नशे में चूर 7 लोगों ने जेल परिसर में जबरन घुसपैठ की और ड्यूटी पर तैनात स्टाफ के साथ न केवल बदसलूकी की, बल्कि उन्हें जान से मारने की सीधी धमकी भी दी। इस घटना के बाद से जेल प्रशासन और स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
क्या है पूरा मामला
जेल प्रहरी सुनील पेंद्रे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपी रविंद्र सिंह लोधी, राधे सिंह, जितेन्द्र, सुनील, सुरेंद्र ठाकुर, अज्जू और भगवान सिंह अचानक जेल परिसर में आ धमके। नशे में धुत ये सभी व्यक्ति जेल नियमों को दरकिनार कर कैदियों से जबरन मिलने की जिद पर अड़ गए। जब जेल कर्मचारियों ने प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए उन्हें अंदर जाने से रोका, तो आरोपी अपना आपा खो बैठे। उपद्रवियों ने ड्यूटी पर तैनात महिला प्रहरी रोशनी उपाध्याय और अन्य स्टाफ के साथ न केवल अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि जेल परिसर की मर्यादा को तार-तार करते हुए जमकर हंगामा किया। उन्होंने जेल कर्मियों को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकियां तक दीं।
पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा पर सवाल
इस दुस्साहसिक घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए जेल प्रशासन ने तुरंत मामला दर्ज कराया है। पाटन पुलिस ने जेल प्रहरी की शिकायत के आधार पर सातों आरोपियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद उप-जेल प्रबंधन ने सुरक्षा घेरे को और अधिक चाक-चौबंद कर दिया है। जेल अधिकारियों का कहना है कि उपद्रवियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में कोई भी बाहरी व्यक्ति इस तरह की अनधिकृत हरकत करने की हिम्मत न कर सके। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की संभावना है।
