तेज रफ्तार के कारण हुआ भीषण एक्सीडेंट, कई यात्री हुए गंभीर रूप से घायल

जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नागपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर बीती रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक यात्री बस ने आगे चल रहे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बस के कंडक्टर राजपाल सिंह की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। घटना की शिकायत ग्राम देवरीकला, छपारा निवासी ट्रक चालक प्रमोद कुमार ठाकुर (27) ने पुलिस में दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, वह महाराष्ट्र के वर्धा जिले के आर्वी निवासी मालिक के ट्रक क्रमांक एमएच 40 डीसी 6111 में अमरावती से तुअर दाल लोड करके अपने कंडक्टर सतीश कुमार के साथ कटनी की ओर जा रहा था। इसी दौरान ग्राम हुल्की में प्रभु ढाबा के सामने पीछे से आ रही दीपक ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी 20 जेड ई 6625 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में मोहम्मद साहिल, कीर्ति सिंह और मनीश कुमार सहित कई यात्री घायल हो गए, जिन्हें एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया।
टक्कर के बाद हाईवे पर मची चीख-पुकार, पुलिस टीमें सक्रिय
हादसा इतना भीषण था कि ट्रक और बस दोनों के आगे के हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर लगते ही बस के भीतर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के प्रभाव से ट्रक में लोड तुअर की 8 से 10 बोरियां फट गईं और सारा अनाज सड़क पर बिखर गया। राहगीरों और सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को 1033 और 108 नंबर की एम्बुलेंस की सहायता से तत्काल मेडिकल कॉलेज जबलपुर भिजवाया गया। बस में सवार अन्य सुरक्षित यात्रियों को सफर में परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासन ने तुरंत दूसरी बस की व्यवस्था की और उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। अस्पताल में इलाज के दौरान बस कंडक्टर राजपाल सिंह (45) निवासी देवघटा, थाना कोतवाली, जिला सीधी ने दम तोड़ दिया। बरगी थाना पुलिस ने इस पूरे मामले में ट्रक चालक प्रमोद कुमार ठाकुर की रिपोर्ट पर लापरवाही से वाहन चलाने वाले बस चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत मामला पंजीकृत किया है। पुलिस की टीम दुर्घटना के सही कारणों की जांच में जुटी है।
