दूषित भोजन की शिकायत पर प्रशासन ने लिया संज्ञान

जबलपुर । एयरपोर्ट रोड़ स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी, डिजाइन और विनिर्माण संस्थान (IIITDM) में आयोजित राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) कैम्प में उस समय हड़कंप मच गया जब कैडेट्स को परोसे गए भोजन से फूड प्वाइजनिंग की घटना सामने आई। इस गंभीर मामले की जानकारी मिलते ही जबलपुर कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने तुरंत संज्ञान लिया और उनके सख्त निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने संस्थान का औचक निरीक्षण किया। टीम ने वहां कैडेट्स के लिए बनाए जा रहे भोजन की जांच की और रसोई में उपयोग किए जा रहे विभिन्न अवयवी खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए, ताकि इस बात का पता लगाया जा सके कि कैडेट्स की तबीयत किस वजह से बिगड़ी।
जांच रिपोर्ट के आधार पर केटरिंग एजेंसी पर होगी कानूनी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संस्थान की रसोई की गहन जांच करते हुए वहां संग्रहित किए गए पनीर, फ्रोजन मटर, दही, दाल, चावल, आटा, बैगन, पत्ता गोभी और पीने के पानी के सैंपल लिए। इन सभी नमूनों को सुरक्षित तरीके से सील करके विस्तृत परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में कमी मिलने पर अभिहित अधिकारी डॉ नवीन कोठारी के निर्देशानुसार भोजन की आपूर्ति करने वाली विजयनगर के एस.बी.आई. चौक स्थित केटरिंग एजेंसी एआरआर ट्रेडर्स के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत सख्त न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी।
