
जबलपुर। आगामी सोमवार 10 अगस्त को आयोजित होने वाली संस्कार कांवड़ यात्रा और गुसेश्वर शाही सवारी यात्रा के कारण जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा नगर निगम क्षेत्र के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। यह यात्रा प्रात: 7:00 बजे ग्वारीघाट के सिद्धघाट से शुरू होकर रामपुर चौक, गोरखपुर, शास्त्री ब्रिज, तीनपंथी, मालवीय चौक, लाईगंज, बड़ा फुहारा, कमनिया गेट, सराफा, लकड़गंज, बेलबाग, घमापुर शीतलामई, कांचघर, सतपुला, गोकुलपुर, रंझी, खमरिया स्टेट से गुजरते हुए खमरिया थाना क्षेत्र के मटामर और पनागर तहसील स्थित कैलाशधाम नर्मेश्वर मंदिर पहुंचेगी। यातायात की समस्याओं से बच्चों को बचाने के लिए कलेक्टर जबलपुर के आदेश पर यह निर्णय लिया गया है। यह अवकाश सभी शासकीय, अशासकीय, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई और आईसीएसई स्कूलों पर लागू होगा। इस दौरान पढ़ाई के नुकसान की भरपाई बाद में अतिरिक्त कक्षाएं लगाकर पूरी की जाएगी।
